✕

होम / यूटिलिटी / कैंसर की 543 दवाएं होंगी सस्ती, 9 नवंबर से लागू होंगी नई कीमतें; मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत

कैंसर की 543 दवाएं होंगी सस्ती, 9 नवंबर से लागू होंगी नई कीमतें; मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत

इस व्यवस्था के तहत कई प्रमुख कैंसर दवाओं की कीमतों में कमी की गई है. इनमें 20 से अधिक प्रकार के कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली इम्यूनोथेरेपी दवाएं शामिल हैं.

बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 1 hour ago

नेशनल फार्मास्युटिकल प्राइसिंग अथॉरिटी (NPPA) ने कैंसर के इलाज को किफायती बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है. प्राधिकरण ने 9 नवंबर 2026 से 543 कैंसर-रोधी दवाओं की अधिकतम खुदरा कीमत (MRP) में कटौती की है. इस फैसले से मरीजों के जेब से होने वाले सालाना खर्च में 2,500 से 3,500 करोड़ रुपये तक की बचत होने का अनुमान है.

रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय के फार्मास्यूटिकल्स विभाग की ओर से जारी आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक, NPPA ने विभिन्न ब्रांडों की 543 कैंसर-रोधी दवाओं की संशोधित अधिकतम खुदरा कीमतें तय की हैं. प्राधिकरण ने बताया कि फिलहाल जारी मूल्य सूची में 27 अक्टूबर तक दवा कंपनियों की ओर से उपलब्ध कराई गई जानकारी शामिल है. जिन कंपनियों की ओर से गैर-अनुसूचित (नॉन-शेड्यूल्ड) कैंसर-रोधी दवाओं की संशोधित कीमतों की जानकारी बाद में दी जाएगी, उनके आधार पर सूची को अपडेट किया जाएगा.

137 कैंसर दवाओं पर लागू होगा ट्रेड मार्जिन का नया नियम

इससे पहले 17 अक्टूबर को NPPA ने जनहित में 137 गैर-अनुसूचित कैंसर-रोधी दवाओं के लिए ट्रेड मार्जिन रैशनलाइजेशन (TMR) लागू करने की घोषणा की थी. इसका उद्देश्य दवाओं की कीमतों को नियंत्रित करना और कैंसर के मरीजों के लिए इलाज की लागत कम करना है.

इस व्यवस्था के तहत कई प्रमुख कैंसर दवाओं की कीमतों में कमी की गई है. इनमें 20 से अधिक प्रकार के कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली इम्यूनोथेरेपी दवाएं शामिल हैं. इसके अलावा स्तन और प्रोस्टेट कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली डेनोसुमैब (Denosumab), कैंसर मरीजों में न्यूट्रोपेनिया की रोकथाम के लिए दी जाने वाली पेगफिल्ग्रास्टिम (Pegfilgrastim) और कोलन, ओवेरियन तथा सर्वाइकल कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली बेवासिजुमैब (Bevacizumab) जैसी दवाएं भी इस दायरे में आती हैं.

सालाना 3,500 करोड़ रुपये तक बच सकते हैं मरीजों के

NPPA के अनुसार, भारत में कैंसर-रोधी दवाओं का बाजार करीब 12,500 करोड़ रुपये का है. इसमें लगभग 225 दवाएं और 500 फॉर्मूलेशन शामिल हैं. मिंट की 27 अक्टूबर की एक रिपोर्ट में सरकारी अधिकारियों और दस्तावेजों के हवाले से बताया गया था कि कीमतों में इस कटौती से मरीजों के जेब से होने वाले खर्च में सालाना 2,500 से 3,500 करोड़ रुपये तक की बचत हो सकती है.

कीमतों में सबसे बड़ी कटौती कुछ प्रमुख कैंसर दवाओं में देखने को मिली है. कीमोथेरेपी में इस्तेमाल होने वाले थायोटेपा (Thiotepa) इंजेक्शन के ब्रांड सैमटेपा (Samtepa) की 100 मिलीग्राम शीशी की कीमत 80,071.86 रुपये से घटाकर 7,150.33 रुपये कर दी गई है. यानी इसकी कीमत में 72,921.53 रुपये या करीब 91.1 फीसदी की कमी आई है. इस दवा का इस्तेमाल स्टेम सेल ट्रांसप्लांट से पहले और ब्लैडर कैंसर के इलाज में किया जाता है.

वहीं, स्तन कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली पैल्बोसाइक्लिब (Palbociclib) के ब्रांड पैल्बोप्रो (Palbopro) के 125 मिलीग्राम वाले 21 कैप्सूल के पैक की कीमत 40,421.33 रुपये से घटकर 2,720 रुपये रह गई है. इसमें करीब 93.3 फीसदी की कटौती हुई है. यानी मरीजों को एक पैक पर 37,701.33 रुपये की बचत होगी.

इन प्रमुख कैंसर दवाओं की कीमतों में भी कटौती

HER2-पॉजिटिव स्तन कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली पर्टुज़ुमैब (Pertuzumab) के ब्रांड हर्टुमैब (Hertumab) की प्रति शीशी कीमत 94,951 रुपये से घटाकर 30,593 रुपये कर दी गई है. इस तरह इसकी कीमत में 64,358 रुपये की कमी आई है. इसी दवा के दूसरे ब्रांड लुपीहर (Lupiher) 420 मिलीग्राम की कीमत 83,520 रुपये से घटकर 37,358.35 रुपये हो गई है.

इसके अलावा बेवासिजुमैब (Bevacizumab) की कीमतों में भी बड़ी कटौती की गई है. इस दवा का इस्तेमाल मेटास्टैटिक कोलोरेक्टल कैंसर, नॉन-स्मॉल सेल लंग कैंसर, सर्वाइकल कैंसर और ओवेरियन ट्यूमर के इलाज में किया जाता है.

- इवजुमैब (Ivzumab) 400 मिलीग्राम इंजेक्शन की कीमत 69,852.12 रुपये से घटकर 13,512 रुपये हो गई है.
- बेवासिजैब (Bevacizab) 400 मिलीग्राम की कीमत 65,205.09 रुपये से घटकर 8,956.75 रुपये रह गई है.
- सिजुमैब (Cizumab) 400 मिलीग्राम की कीमत 57,816 रुपये से घटाकर 10,211 रुपये कर दी गई है.

ओवेरियन, स्तन और पैंक्रियाटिक कैंसर के कुछ मरीजों में इस्तेमाल होने वाली ओलापारिब (Olaparib) की कीमत में भी कमी की गई है. इसके ब्रांड बीआरसीएवन (Brcaone) 150 मिलीग्राम पैक की कीमत 46,364.05 रुपये से घटकर 11,573.68 रुपये हो गई है.

इसी तरह एक्यूट लिम्फोब्लास्टिक ल्यूकेमिया के इलाज में इस्तेमाल होने वाली पेगास्पार्गिनेज (Pegasparginase) के इंजेक्शन ब्रांड पेग एल-एस्पारागिन (Peg L-Aparagin) की कीमत 41,845.97 रुपये से घटाकर 7,766.85 रुपये कर दी गई है.

मेटास्टैटिक प्रोस्टेट कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली एबिराटेरोन एसीटेट (Abiraterone Acetate) के ब्रांड एबिरैट (Abirat) की 250 मिलीग्राम की 120 टैबलेट वाली बोतल की कीमत 36,088.81 रुपये से घटकर 4,064.48 रुपये रह गई है.

कई अन्य कंपनियों की दवाएं भी होंगी सस्ती

कीमतों में कटौती का लाभ एबॉट हेल्थकेयर, RPG लाइफ साइंसेज, हेटेरो हेल्थकेयर, डॉ. रेड्डीज लैबोरेटरीज और नैटको फार्मा जैसी कंपनियों के कुछ दवा ब्रांडों को भी मिलेगा.

एबॉट हेल्थकेयर की बेवाजीकैब (Bevazicab) की 4 मिलीलीटर शीशी की कीमत 21,767.70 रुपये से घटाकर 5,930.10 रुपये कर दी गई है. RPG लाइफ साइंसेज की फुलब्रेका (Fullbreca) की कीमत 26,072.16 रुपये से घटकर 5,491 रुपये हो गई है.

हेटेरो हेल्थकेयर की फ्लूडानॉक्स (FLUDANOX) शीशी की कीमत 14,235 रुपये से घटाकर 2,432 रुपये कर दी गई है. वहीं, RPG लाइफ साइंसेज की डेब्रुमैब (Debrumab) 60 मिलीग्राम की कीमत 22,031.25 रुपये से घटकर 5,941 रुपये रह गई है.

इसके अलावा RPG लाइफ साइंसेज की एनुटा (Enuta) के 28 कैप्सूल वाले पैक की कीमत 6,578.20 रुपये से घटाकर 2,232 रुपये कर दी गई है. डॉ. रेड्डीज लैबोरेटरीज की एजासाइटिन (Azacitidine) की कीमत 6,337 रुपये से घटकर 1,495 रुपये और नैटको फार्मा की डसनाट 20 (Dasnat 20) की 60 टैबलेट वाली पैकिंग की कीमत 2,812.50 रुपये से घटकर 1,085.90 रुपये हो गई है.

इस फैसले से कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली कई महंगी दवाओं की कीमतों में उल्लेखनीय कमी आएगी. हालांकि, मरीजों को वास्तविक बचत इस बात पर निर्भर करेगी कि उनके इलाज में कौन-सी दवा, कौन-सा ब्रांड और कितनी मात्रा में इस्तेमाल हो रहा है.


टैग्स
सम्बंधित खबरें

दिल्ली में 1 नवंबर से BS-6 से पुराने वाहनों की नो एंट्री, जानें किन गाड़ियों को मिलेगी छूट

इस फैसले का असर दिल्ली से सटे हरियाणा के शहरों से आने वाले वाहनों पर भी पड़ेगा. खासतौर पर गुरुग्राम और फरीदाबाद से दिल्ली आने वाले वाहन चालकों को इस नियम का ध्यान रखना होगा.

2 days ago

सोना 4,200 रुपये और चांदी 10 हजार रुपये टूटी, एक साल के निचले स्तर पर पहुंचे भाव; जानें गिरावट की वजह

MCX पर चांदी करीब 5 फीसदी और सोना 3 फीसदी तक टूट गया. अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी दोनों कीमती धातुओं की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई.

2 days ago

रेलवे की डोर-टू-डोर पार्सल सेवा जल्द, 8 शहरों में घर बैठे भेज सकेंगे सामान; ऐप से होगी बुकिंग

रेलवे की 'रेल पार्सल ऐप-घर से घर तक' सेवा दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, अहमदाबाद, हैदराबाद, बेंगलुरु और पुणे में शुरू की जाएगी. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, सफल पायलट के बाद रेलवे इस सेवा को लागू करने की तैयारी कर रहा है.

5 days ago

राजस्थान की 3 लाख ग्रामीण महिलाएं डिजिटल पेमेंट से जुड़ेंगी, BHIM ऐप के इस्तेमाल को मिलेगा बढ़ावा

यह पहल 'यूपीआई फॉर हर 2.0' कार्यक्रम का हिस्सा है. NPCI और वुमेन्स वर्ल्ड बैंकिंग ने 'यूपीआई फॉर हर' कार्यक्रम के जरिए महिलाओं के बीच डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने की दिशा में काम किया है.

1 week ago

विरोध प्रदर्शनों की कवरेज के लिए प्रेस काउंसिल के नए दिशानिर्देश, पत्रकारों को ID कार्ड और सुरक्षा पर जोर

प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया (PCI) ने विरोध प्रदर्शनों और धरना-प्रदर्शनों की कवरेज करने वाले पत्रकारों के लिए नए दिशानिर्देश अपनाए हैं.

19-October-2026


बड़ी खबरें

शेयर बाजार में तूफानी तेजी, सेंसेक्स 1,233 अंक उछला; निवेशकों की दौलत में ₹8 लाख करोड़ का इजाफा

सोमवार, 2 नवंबर को बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी दोनों में जोरदार तेजी दर्ज की गई. कारोबार के दौरान सेंसेक्स 75,692 और निफ्टी 23,440 के स्तर को पार कर गए. दोनों प्रमुख सूचकांक लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में बढ़त के साथ बंद हुए.

22 minutes ago

कैंसर की 543 दवाएं होंगी सस्ती, 9 नवंबर से लागू होंगी नई कीमतें; मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत

इस व्यवस्था के तहत कई प्रमुख कैंसर दवाओं की कीमतों में कमी की गई है. इनमें 20 से अधिक प्रकार के कैंसर के इलाज में इस्तेमाल होने वाली इम्यूनोथेरेपी दवाएं शामिल हैं.

1 hour ago

विदेशी और MF निवेशकों को मिल सकती है टैक्स राहत, सेबी ने सरकार को भेजा प्रस्ताव

इस प्रस्ताव का उद्देश्य निवेशकों को म्यूचुअल फंड में निवेश बनाए रखने के लिए प्रोत्साहित करना है. मौजूदा व्यवस्था में एक स्कीम से दूसरी स्कीम में स्विच करने को यूनिट्स की बिक्री माना जाता है और इस पर लागू नियमों के अनुसार कैपिटल गेन टैक्स देना पड़ता है.

3 hours ago

AAAI ने बनाई मीडिया काउंसिल, WPP, ओमनीकॉम, पब्लिसिस, हवास और मैडिसन के वरिष्ठ अधिकारी होंगे शामिल

भारतीय विज्ञापन एजेंसियों का संगठन AAAI मीडिया इंडस्ट्री के सामने उभरती चुनौतियों पर चर्चा और आपसी सहयोग बढ़ाने के लिए नई मीडिया काउंसिल बनाएगा. ओमनीकॉम मीडिया के कार्तिक शर्मा को काउंसिल का अध्यक्ष बनाया गया है.

5 hours ago

मार्च 2027 तक 6.75-7% तक आ सकती है 10 साल के सरकारी बॉन्ड की यील्ड: SBI रिसर्च

SBI रिसर्च की रिपोर्ट के अनुसार, अगर RBI रेपो रेट में 50 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी कर इसे 6 फीसदी तक पहुंचा देता है, तब भी 10 साल के सरकारी बॉन्ड की यील्ड 6.75 से 7 फीसदी के दायरे में रह सकती है.

5 hours ago