होम / यूटिलिटी / रेलवे की डोर-टू-डोर पार्सल सेवा जल्द, 8 शहरों में घर बैठे भेज सकेंगे सामान; ऐप से होगी बुकिंग
रेलवे की डोर-टू-डोर पार्सल सेवा जल्द, 8 शहरों में घर बैठे भेज सकेंगे सामान; ऐप से होगी बुकिंग
रेलवे की 'रेल पार्सल ऐप-घर से घर तक' सेवा दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, अहमदाबाद, हैदराबाद, बेंगलुरु और पुणे में शुरू की जाएगी. मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, सफल पायलट के बाद रेलवे इस सेवा को लागू करने की तैयारी कर रहा है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 hours ago
भारतीय रेलवे जल्द ही दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और बेंगलुरु समेत आठ बड़े शहरों में डोर-टू-डोर पार्सल सेवा शुरू करने जा रहा है. इसके तहत ग्राहक मोबाइल ऐप से पार्सल बुक कर सकेंगे. रेलवे के लॉजिस्टिक्स पार्टनर घर से सामान उठाकर रेलवे स्टेशन तक पहुंचाएंगे और गंतव्य स्टेशन पर पहुंचने के बाद उसे ग्राहक के बताए पते पर डिलीवर करेंगे. इससे लोगों को पार्सल भेजने के लिए रेलवे स्टेशन जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
इन 8 शहरों में शुरू होगी सेवा
रेलवे की 'रेल पार्सल ऐप-घर से घर तक' सेवा दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, अहमदाबाद, हैदराबाद, बेंगलुरु और पुणे में शुरू की जाएगी. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सफल पायलट के बाद रेलवे इस सेवा को लागू करने की तैयारी कर रहा है.
इस सुविधा का लाभ आम लोगों के साथ छोटे कारोबारियों और ऑनलाइन विक्रेताओं को भी मिल सकता है. ग्राहक ऐप के जरिए बुकिंग और ऑनलाइन भुगतान कर सकेंगे. जरूरत के मुताबिक पैकेजिंग जैसी अतिरिक्त सेवाएं भी ली जा सकेंगी.
ट्रेन रवाना होने से 15 दिन पहले कर सकेंगे बुकिंग
जानकारी के अनुसार, पार्सल की बुकिंग ट्रेन रवाना होने से 15 दिन पहले शुरू हो जाएगी. ग्राहक ट्रेन छूटने से एक दिन पहले तक बुकिंग कर सकेंगे. वहीं, लॉजिस्टिक्स पार्टनर को ट्रेन रवाना होने से कम से कम एक घंटे पहले पार्सल रेलवे कर्मचारियों को सौंपना होगा. इस व्यवस्था में घर से पार्सल उठाने और गंतव्य तक पहुंचाने की जिम्मेदारी रेलवे के चुने हुए लॉजिस्टिक्स पार्टनर की होगी. इसके बाद सामान को ट्रेन के जरिए संबंधित शहर तक भेजा जाएगा.
बुकिंग कैंसिल करने पर कितना मिलेगा रिफंड?
अगर ग्राहक पार्सल उठाए जाने से पहले बुकिंग रद्द करता है, तो 10 रुपये क्लर्केज चार्ज काटकर बाकी रकम वापस कर दी जाएगी. हालांकि, घर से सामान उठाने और अंतिम पते तक पहुंचाने के लिए लॉजिस्टिक्स पार्टनर की ओर से लिया गया शुल्क उनके अपने नियमों के मुताबिक वापस किया जाएगा. बुकिंग के समय ग्राहकों को इन शर्तों की जानकारी दी जाएगी.
पार्सल कोच की राउंड ट्रिप बुकिंग पर भी छूट
रेलवे ने दिवाली और क्रिसमस के दौरान कारोबारियों को राहत देने के लिए पार्सल कोच की राउंड ट्रिप बुकिंग पर भी छूट दी है. इसके तहत पार्सल एग्रीगेटर्स एक तरफ की बुकिंग के बजाय डेढ़ गुना किराये में आने-जाने की बुकिंग कर सकेंगे. रेलवे के मुताबिक, इससे दोनों तरफ की यात्रा के कुल मालभाड़े में 25 फीसदी की कमी आएगी. यह छूट रेलवे की सभी पार्सल बुकिंग पर लागू नहीं होगी. इसका लाभ विशेष रूप से पार्सल एग्रीगेटर्स को मिलेगा.
बाइक, कार और घरेलू सामान भी भेज सकते हैं रेलवे से
भारतीय रेलवे के जरिए बाइक, कार, फर्नीचर, घरेलू उपकरण और कारोबार से जुड़ा सामान भी भेजा जा सकता है. फिलहाल सामान्य पार्सल सेवा के लिए ग्राहकों को सामान खुद रेलवे स्टेशन तक पहुंचाना होता है. नई डोर-टू-डोर सेवा शुरू होने के बाद चयनित शहरों में घर से सामान उठाने और गंतव्य तक पहुंचाने की सुविधा भी मिल सकेगी.
रेलवे की मौजूदा पार्सल सेवाओं में सामान्य पार्सल बुकिंग, एक्सप्रेस पार्सल सेवा, पार्सल वैन की बुकिंग और तापमान नियंत्रित रखने वाले सामान के लिए विशेष वैन जैसी सुविधाएं शामिल हैं. पार्सल की बुकिंग और नियमों से जुड़ी जानकारी रेलवे के आधिकारिक पोर्टल (parcel.indianrail.gov.in) पर उपलब्ध है.
कितना भारी पार्सल भेज सकते हैं?
रेलवे के पार्सल पोर्टल के मुताबिक, सामान्य ब्रॉड गेज और मीटर गेज में एक पैकेज का अधिकतम वजन 150 किलोग्राम है. नैरो गेज में यह सीमा 125 किलोग्राम है. ब्रॉड गेज और मीटर गेज में पैकेज का अधिकतम आकार 2 मीटर लंबा, 1.5 मीटर चौड़ा और 1.25 मीटर ऊंचा बताया गया है. हालांकि, बुकिंग से पहले संबंधित सेवा और सामान की श्रेणी के नियमों की पुष्टि करना जरूरी है.
रेलवे के नियमों के तहत विस्फोटक, ज्वलनशील तरल पदार्थ और प्रतिबंधित रसायनों जैसी वस्तुओं को सामान्य पार्सल के रूप में नहीं भेजा जा सकता. नकदी, सोना और चांदी जैसी कीमती वस्तुओं पर भी प्रतिबंध लागू हैं.
नमो भारत ट्रेन में भी मिलेगी पार्सल डिलीवरी की सुविधा
दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर भी पार्सल डिलीवरी की सुविधा शुरू करने की तैयारी है. इसके लिए नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (NCRTC) ने ब्लू डार्ट के साथ समझौता किया है. इस व्यवस्था के तहत दिल्ली से मेरठ तक पार्सल करीब एक घंटे में पहुंचाने की सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है.
टैग्स