होम / यूटिलिटी / राजस्थान की 3 लाख ग्रामीण महिलाएं डिजिटल पेमेंट से जुड़ेंगी, BHIM ऐप के इस्तेमाल को मिलेगा बढ़ावा
राजस्थान की 3 लाख ग्रामीण महिलाएं डिजिटल पेमेंट से जुड़ेंगी, BHIM ऐप के इस्तेमाल को मिलेगा बढ़ावा
यह पहल 'यूपीआई फॉर हर 2.0' कार्यक्रम का हिस्सा है. NPCI और वुमेन्स वर्ल्ड बैंकिंग ने 'यूपीआई फॉर हर' कार्यक्रम के जरिए महिलाओं के बीच डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने की दिशा में काम किया है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 1 hour ago
राजस्थान ग्रामीण बैंक, एनपीसीआई भीम और वुमेन्स वर्ल्ड बैंकिंग ने राज्य की ग्रामीण महिलाओं के बीच डिजिटल भुगतान का इस्तेमाल बढ़ाने के लिए साझेदारी की है. इसके तहत एक साल में 3 लाख महिलाओं तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है. इस पहल के जरिए महिलाओं को डिजिटल लेन-देन के प्रति जागरूक करने, उनका आत्मविश्वास बढ़ाने और रोजमर्रा के वित्तीय कामों में यूपीआई के नियमित इस्तेमाल को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया जाएगा.
राजस्थान ग्रामीण बैंक (RGB), एनपीसीआई भीम और वुमेन्स वर्ल्ड बैंकिंग (WWB) ने राजस्थान के ग्रामीण इलाकों में महिलाओं को डिजिटल भुगतान से जोड़ने के लिए रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की है. इस पहल के तहत भीम पेमेंट्स ऐप के माध्यम से एक साल में 3 लाख महिलाओं तक पहुंचने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. इसका उद्देश्य उन महिलाओं को डिजिटल भुगतान का नियमित इस्तेमाल करने के लिए प्रोत्साहित करना है, जिनके पास बैंक खाता और स्मार्टफोन होने के बावजूद वे इस सुविधा का पर्याप्त उपयोग नहीं कर पा रही हैं.
यूपीआई के इस्तेमाल को बढ़ावा देने पर जोर
यह पहल 'यूपीआई फॉर हर 2.0' कार्यक्रम का हिस्सा है. नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) और वुमेन्स वर्ल्ड बैंकिंग ने 'यूपीआई फॉर हर' कार्यक्रम के जरिए महिलाओं के बीच डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने की दिशा में काम किया है. उपलब्ध शोध के अनुसार, भारत में लगभग 20 करोड़ महिलाओं के पास स्मार्टफोन और बैंक खाता है. हालांकि, डिजिटल भुगतान की सुविधा उपलब्ध होने के बावजूद सभी महिलाएं इसका नियमित इस्तेमाल नहीं करती हैं.
यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) ने भारत में पैसे भेजने, प्राप्त करने और वित्तीय लेन-देन करने की प्रक्रिया को आसान बनाया है. इसके बावजूद ग्रामीण और वंचित समुदायों की महिलाओं को डिजिटल भुगतान अपनाने में कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है. इनमें डिजिटल लेन-देन को लेकर भरोसे की कमी, तकनीक का इस्तेमाल करने में झिझक, पर्याप्त जानकारी का अभाव और ऐप के संचालन में आने वाली मुश्किलें शामिल हैं.
नई साझेदारी के तहत इन बाधाओं को दूर करने के लिए स्थानीय बैंकों के साथ महिलाओं के भरोसे का लाभ उठाया जाएगा. इसके अलावा, उनकी जरूरतों के अनुरूप मार्गदर्शन, सामुदायिक भागीदारी और डिजिटल भुगतान के इस्तेमाल से जुड़ी सहायता उपलब्ध कराने पर ध्यान दिया जाएगा.
स्थानीय बैंकों के भरोसे से बढ़ेगी डिजिटल भागीदारी
इस पहल में राजस्थान ग्रामीण बैंक की ग्रामीण समुदायों के बीच स्थापित विश्वसनीयता और भीम पेमेंट्स ऐप की डिजिटल भुगतान सुविधाओं को एक साथ लाने का प्रयास किया जाएगा. संबंधित संस्थाएं मिलकर ऐसी रणनीतियां तैयार करेंगी, जिनसे महिलाएं डिजिटल भुगतान का इस्तेमाल शुरू करने के साथ इसे अपने रोजमर्रा के वित्तीय लेन-देन का हिस्सा बना सकें.
एनपीसीआई भीम की प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी ललिथा नटराज ने कहा कि भारत की डिजिटल भुगतान क्रांति का पूरा लाभ उठाने के लिए महिलाओं को इसमें सक्रिय भूमिका निभाने का अवसर मिलना चाहिए. खासकर कम आय वाले परिवारों की महिलाओं के लिए डिजिटल भुगतान वित्तीय प्रबंधन को आसान बना सकता है. इससे वे विभिन्न सेवाओं का लाभ उठा सकती हैं और अपने परिवार की वित्तीय सुरक्षा बेहतर करने की दिशा में कदम उठा सकती हैं.
उन्होंने कहा कि राजस्थान के ग्रामीण क्षेत्रों की 100 से अधिक महिलाएं रोजमर्रा के लेन-देन में भीम पेमेंट्स ऐप का इस्तेमाल कर रही हैं और इसके फायदे अनुभव कर चुकी हैं. राजस्थान ग्रामीण बैंक और वुमेन्स वर्ल्ड बैंकिंग के साथ साझेदारी का उद्देश्य राज्य की अधिक महिलाओं तक डिजिटल भुगतान की सुविधा और इसके इस्तेमाल से जुड़े अवसर पहुंचाना है.
राजस्थान ग्रामीण बैंक के अध्यक्ष मुकेश भारतीय ने कहा कि क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों का ग्रामीण समुदायों के साथ विश्वास का मजबूत रिश्ता है. इस भरोसे के साथ भीम की डिजिटल सुविधाओं को जोड़कर महिलाओं को डिजिटल वित्तीय सेवाओं का इस्तेमाल शुरू करने में मदद मिल सकती है. इससे डिजिटल बुनियादी ढांचे का लाभ गांवों और परिवारों तक पहुंचाने में भी सहायता मिलेगी.
वुमेन्स वर्ल्ड बैंकिंग की दक्षिण एशिया प्रमुख कल्पना अजयन् ने कहा कि डिजिटल वित्तीय सेवाओं को अपनाने में भरोसा महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. कई महिलाओं के लिए डिजिटल भुगतान औपचारिक वित्तीय व्यवस्था से जुड़ने का पहला कदम होता है. नियमित रूप से डिजिटल भुगतान का इस्तेमाल करने से उनके लिए बचत, कर्ज, बीमा और वित्तीय सुरक्षा से जुड़ी अन्य सेवाओं तक पहुंच के अवसर भी बढ़ सकते हैं.
उन्होंने कहा कि राजस्थान ग्रामीण बैंक के साथ महिलाओं की जरूरतों के अनुरूप तैयार की गई सुविधाओं और सामुदायिक सहयोग को जोड़कर इस साझेदारी के जरिए राज्य की डिजिटल अर्थव्यवस्था में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा.
डिजिटल भुगतान का नियमित इस्तेमाल बढ़ाने की कोशिश
इस पहल का उद्देश्य केवल महिलाओं को भीम पेमेंट्स ऐप डाउनलोड करने या उसका इस्तेमाल शुरू करने तक सीमित नहीं है. इसके तहत महिलाओं को नियमित रूप से डिजिटल भुगतान करने के लिए प्रोत्साहित करने और जरूरत पड़ने पर स्थानीय स्तर पर सहायता उपलब्ध कराने पर भी ध्यान दिया जाएगा.
उदयपुर में आयोजित शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान डिजिटल सेवाओं को अधिक लोगों तक पहुंचाने के तरीकों पर चर्चा हुई. महिलाओं को भीम पेमेंट्स ऐप के इस्तेमाल का प्रदर्शन दिखाया गया और ऐप का उपयोग करने वाली महिलाओं ने अपने अनुभव साझा किए. उन्होंने बताया कि डिजिटल भुगतान से घर के खर्च का प्रबंधन करने, पैसे प्राप्त करने, समय बचाने और स्थानीय कारोबार में भागीदारी बढ़ाने में मदद मिली है.
राजस्थान में शुरू की गई इस पहल से यह समझने में भी मदद मिलेगी कि ग्रामीण महिलाओं के बीच डिजिटल भुगतान का इस्तेमाल बड़े स्तर पर कैसे बढ़ाया जा सकता है. इससे मिलने वाले अनुभव राज्य में डिजिटल वित्तीय समावेशन से जुड़ी नीतियों और योजनाओं को तैयार करने में उपयोगी हो सकते हैं. साथ ही, यह पहल देश में महिलाओं की डिजिटल अर्थव्यवस्था में भागीदारी बढ़ाने के प्रयासों को भी दिशा दे सकती है.
टैग्स