होम / बिजनेस / मार्च 2027 तक 6.75-7% तक आ सकती है 10 साल के सरकारी बॉन्ड की यील्ड: SBI रिसर्च
मार्च 2027 तक 6.75-7% तक आ सकती है 10 साल के सरकारी बॉन्ड की यील्ड: SBI रिसर्च
SBI रिसर्च की रिपोर्ट के अनुसार, अगर RBI रेपो रेट में 50 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी कर इसे 6 फीसदी तक पहुंचा देता है, तब भी 10 साल के सरकारी बॉन्ड की यील्ड 6.75 से 7 फीसदी के दायरे में रह सकती है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 1 hour ago
भारतीय सरकारी बॉन्ड बाजार को लेकर राहत भरी संभावना सामने आई है. भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की रिसर्च रिपोर्ट के मुताबिक, मार्च 2027 के अंत तक भारत के 10 साल के सरकारी बॉन्ड की यील्ड घटकर 6.75 से 7 फीसदी के दायरे में आ सकती है. खास बात यह है कि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की ओर से रेपो रेट में 50 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी किए जाने की स्थिति में भी बॉन्ड यील्ड में गिरावट आ सकती है.
फिलहाल 10 साल के बेंचमार्क सरकारी बॉन्ड की यील्ड करीब 7.43 फीसदी है. वहीं, भारत और अमेरिका के 10 साल के सरकारी बॉन्ड की यील्ड के बीच अंतर लगभग 2.50 फीसदी है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, SBI रिसर्च ने 2019 के बाद के आंकड़ों का विश्लेषण किया है. इसमें पाया गया कि भारतीय और अमेरिकी 10 साल के बॉन्ड की यील्ड के बीच 2 से 3 फीसदी का अंतर सबसे अधिक देखने को मिला है.
रेपो रेट बढ़ने के बावजूद घट सकती है बॉन्ड यील्ड
SBI रिसर्च की रिपोर्ट के अनुसार, अगर RBI रेपो रेट में 50 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी कर इसे 6 फीसदी तक पहुंचा देता है, तब भी 10 साल के सरकारी बॉन्ड की यील्ड 6.75 से 7 फीसदी के दायरे में रह सकती है.
यह अनुमान बेंचमार्क सरकारी बॉन्ड यील्ड और रेपो रेट के बीच ऐतिहासिक रुझानों पर आधारित है. रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि सरकार की ओर से उधारी कम रहने की उम्मीद से बॉन्ड बाजार को समर्थन मिल सकता है. सरकारी उधारी में कमी आने से बाजार में बॉन्ड की मांग और आपूर्ति के संतुलन पर सकारात्मक असर पड़ सकता है.
7.6 फीसदी तक जा सकती है यील्ड
हालांकि, SBI रिसर्च ने निकट भविष्य में बॉन्ड यील्ड में अस्थायी बढ़ोतरी की संभावना से इनकार नहीं किया है. रिपोर्ट के मुताबिक, 10 साल के सरकारी बॉन्ड की यील्ड कुछ समय के लिए बढ़कर करीब 7.6 फीसदी तक पहुंच सकती है.
रिपोर्ट में बताया गया है कि जब बॉन्ड यील्ड 7.15 से 7.20 फीसदी के दायरे से ऊपर गई तो बाजार के कुछ प्रतिभागियों को इसकी उम्मीद नहीं थी. इसके बाद निवेशकों की ओर से अपनी पोजीशन घटाने यानी पोजीशन अनवाइंड करने की प्रक्रिया ने भी हालिया तेजी में योगदान दिया.
मार्च 2027 तक स्थिरता की उम्मीद
SBI रिसर्च का मानना है कि निकट अवधि में उतार-चढ़ाव के बावजूद 10 साल के सरकारी बॉन्ड की यील्ड मार्च 2027 के अंत तक 6.75 से 7 फीसदी के स्तर पर आकर स्थिर हो सकती है. रेपो रेट में संभावित बदलाव, सरकारी उधारी और भारत-अमेरिका बॉन्ड यील्ड के बीच अंतर आने वाले समय में बॉन्ड बाजार की दिशा तय करने वाले प्रमुख कारक होंगे.
टैग्स