होम / रियल एस्टेट / 33 हजार करोड़ के दिल्ली-करनाल कॉरिडोर को NHAI की मंजूरी, TOD पॉलिसी से खुलेंगे रियल एस्टेट विकास के रास्ते
33 हजार करोड़ के दिल्ली-करनाल कॉरिडोर को NHAI की मंजूरी, TOD पॉलिसी से खुलेंगे रियल एस्टेट विकास के रास्ते
दिल्ली-पानीपत-करनाल के बीच 136.3 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर को NHAI की मंजूरी, 2030 तक पूरा करने का लक्ष्य; रियल एस्टेट और कारोबारी गतिविधियों को भी मिल सकती है रफ्तार
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 1 hour ago
दिल्ली और हरियाणा के प्रमुख शहरों के बीच आवागमन जल्द आसान हो सकता है. दिल्ली-पानीपत-करनाल नमो भारत (RRTS) कॉरिडोर को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) से भी मंजूरी मिल गई है. करीब 33,051 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस 136.3 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर को 2030 तक पूरा करने का लक्ष्य है. परियोजना के पूरा होने पर दिल्ली से पानीपत का सफर करीब एक घंटे और करनाल का सफर डेढ़ घंटे में पूरा किया जा सकेगा. इससे रोजाना यात्रा करने वाले नौकरीपेशा लोगों, छात्रों और कारोबारियों को राहत मिलने के साथ क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
दिल्ली से हरियाणा के शहरों तक तेज कनेक्टिविटी
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) द्वारा विकसित किए जाने वाले इस कॉरिडोर को दिल्ली-अंबाला हाईवे (NH-44) के समानांतर बनाया जाएगा. NHAI ने इसके लिए पिलर निर्माण, स्टेशन विकास और रास्ते में आने वाली हाईटेंशन बिजली की लाइनों को हटाने के लिए भूमि उपयोग की अनुमति दे दी है. नरेला से मुरथल के बीच करीब 22 किलोमीटर के हिस्से पर शुरुआती काम भी शुरू हो चुका है.
इस रूट पर नमो भारत ट्रेनें अधिकतम 180 किलोमीटर प्रति घंटे की डिजाइन स्पीड और 160 किलोमीटर प्रति घंटे की परिचालन गति से चलेंगी. यात्रियों को हर 5 से 10 मिनट में ट्रेन उपलब्ध कराने की योजना है. इस कॉरिडोर के जरिए हरियाणा का नमो भारत नेटवर्क से जुड़ाव होगा और दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर के माध्यम से उत्तर प्रदेश तक पहुंच भी आसान होगी.
कॉरिडोर पर बनेंगे 22 स्टेशन
पूरे रूट पर कुल 22 स्टेशन प्रस्तावित हैं. इनमें दिल्ली के कश्मीरी गेट और पानीपत के स्टेशनों को छोड़कर अधिकतर स्टेशन एलिवेटेड होंगे. दिल्ली में सराय काले खां, कश्मीरी गेट, झड़ौदा माजरा, बुराड़ी क्रॉसिंग, भलस्वा और मुकरबा चौक स्टेशन बनाए जाएंगे.
सराय काले खां को प्रमुख इंटरचेंज हब के रूप में विकसित किया जाएगा. यहां से दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर, हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन, आईएसबीटी और मेट्रो की पिंक व ब्लू लाइन से कनेक्टिविटी मिलेगी. कश्मीरी गेट स्टेशन पर रेड, येलो और वायलेट लाइन से जुड़ाव होगा, जबकि अन्य स्टेशनों पर पिंक और मैजेंटा मेट्रो लाइन से कनेक्टिविटी प्रस्तावित है.
हरियाणा में सोनीपत जिले के कुंडली, KMP एक्सप्रेसवे इंटरचेंज, बहालगढ़ चौक, राजीव गांधी एजुकेशन सिटी, मुरथल, बरी इंडस्ट्रियल स्टेशन और गन्नौर में स्टेशन बनाए जाएंगे. पानीपत में समालखा, पानीपत ISBT, पानीपत सिटी और सेक्टर-18 स्टेशन प्रस्तावित हैं. वहीं, करनाल में गंजबर-बदौली-कोहंड, घरौंडा, करनाल बाईपास (मधुबन), सेक्टर-7 और नया बस स्टैंड (ISBT) स्टेशन बनाए जाएंगे.
यात्रा का समय घटेगा, क्षेत्रीय विकास को मिलेगी गति
फिलहाल सड़क या सामान्य ट्रेन से दिल्ली से पानीपत पहुंचने में करीब दो से ढाई घंटे और करनाल जाने में साढ़े तीन से चार घंटे लगते हैं. कॉरिडोर शुरू होने के बाद यह समय घटकर क्रमशः करीब एक घंटे और डेढ़ घंटे रह सकता है. इससे दिल्ली और हरियाणा के बीच रोजाना आवाजाही करने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी. साथ ही सोनीपत, पानीपत, करनाल, मुरथल और समालखा जैसे शहरों में आर्थिक और शहरी विकास को बढ़ावा मिल सकता है.
हरियाणा सरकार ने इस कॉरिडोर को अपनी ट्रांजिट ओरिएंटेड डेवलपमेंट (TOD) पॉलिसी में शामिल किया है. इससे स्टेशनों के आसपास आवासीय इमारतों, कार्यालयों, रिटेल स्पेस और व्यावसायिक परिसरों के विकास की संभावनाएं बढ़ सकती हैं. बेहतर सार्वजनिक परिवहन के चलते लोग अपने कार्यस्थलों के नजदीक आवास चुन सकेंगे और इन शहरों में वॉक-टू-वर्क जैसी सुविधाओं का विस्तार हो सकता है.
रियल एस्टेट को भी मिलेगा फायदा
जिंदल रियल्टी के प्रेसिडेंट एवं सीईओ अभय कुमार मिश्रा ने कहा, “दिल्ली-पानीपत-करनाल नमो भारत कॉरिडोर, एनसीआर और हरियाणा के बीच कनेक्टिविटी को एक नया आयाम देगा. इससे दिल्ली के साथ सोनीपत, पानीपत और करनाल जैसे शहरों की दूरी कम होगी और ये क्षेत्र बड़े आर्थिक केंद्रों से बेहतर तरीके से जुड़ सकेंगे. तेज और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध होने से इन शहरों में आवासीय, कमर्शियल और मिक्स्ड-यूज डेवलपमेंट की संभावनाएं बढ़ेंगी. खासकर उन इलाकों में विकास को गति मिल सकती है, जो अब तक बेहतर कनेक्टिविटी के अभाव में अपनी पूरी क्षमता का इस्तेमाल नहीं कर पाए हैं. यह कॉरिडोर हरियाणा में संतुलित शहरी विकास और नए रियल एस्टेट केंद्रों के उभरने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है.”
स्काई बाइट डेवलपर्स के डायरेक्टर एवं फाउंडर विनोद कुमार ने कहा, “नमो भारत परियोजना इस पूरे क्षेत्र के विकास में एक महत्वपूर्ण बदलाव लेकर आएगी. माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत तेजी से बुनियादी ढांचे का विकास कर रहा है. इसमें कनेक्टिविटी मजबूत करने और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप शहरी केंद्रों के निर्माण पर विशेष जोर दिया जा रहा है. यह कॉरिडोर इसी दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है.
दिल्ली से तेज और बेहतर कनेक्टिविटी मिलने से लोग सोनीपत और पानीपत जैसे उभरते क्षेत्रों में आवासीय विकल्प तलाश सकेंगे. कुंडली, बहालगढ़ चौक और राजीव गांधी एजुकेशन सिटी में प्रस्तावित स्टेशन आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए रोजाना का आवागमन सुविधाजनक बनाएंगे. कामकाजी पेशेवर दिल्ली में अपने कार्यस्थलों से बेहतर तरीके से जुड़े रहते हुए इन उभरते क्षेत्रों में रह सकेंगे. इससे उन्हें बेहतर वर्क-लाइफ बैलेंस का लाभ मिलेगा.
एक डेवलपर के तौर पर हमारा मानना है कि बेहतर कनेक्टिविटी से इस पूरे कॉरिडोर के आसपास आवासीय और व्यावसायिक रियल एस्टेट की मांग बढ़ेगी. परियोजना को वर्ष 2030 तक पूरा करने का लक्ष्य है और इसमें क्षेत्र के रियल एस्टेट परिदृश्य को दीर्घकालिक रूप से बदलने की क्षमता है.”
रॉयल ग्रीन रियल्टी के मैनेजिंग डायरेक्टर यशांक वासन ने कहा, “नमो भारत कॉरिडोर के बनने से सोनीपत, पानीपत और करनाल जैसे शहरों में घर खरीदने वालों के लिए नए अवसर बनेंगे. दिल्ली तक तेज और आसान पहुंच होने से लोग इन शहरों को रहने के विकल्प के रूप में अधिक गंभीरता से देख सकेंगे. इसका असर खासकर उन परिवारों और नौकरीपेशा लोगों पर पड़ सकता है, जो बेहतर कनेक्टिविटी के साथ किफायती और सुविधाजनक आवास की तलाश में हैं.
इसके अलावा, स्टेशनों के आसपास रिटेल, स्कूल, स्वास्थ्य सेवाओं और रोजमर्रा की अन्य सुविधाओं की मांग भी बढ़ेगी. आने वाले समय में यह कॉरिडोर इन शहरों के रियल एस्टेट बाजार को नई गति देने के साथ निवेश के नए अवसर भी पैदा करेगा.”
टैग्स