होम / पर्सनल फाइनेंस / अक्टूबर में क्रेडिट कार्ड से 2.45 लाख करोड़ रुपये की खरीदारी, HDFC बैंक के ग्राहक सबसे आगे: RBI
अक्टूबर में क्रेडिट कार्ड से 2.45 लाख करोड़ रुपये की खरीदारी, HDFC बैंक के ग्राहक सबसे आगे: RBI
क्रेडिट कार्ड से खरीदारी के मामले में एचडीएफसी बैंक सबसे आगे रहा. अक्टूबर में एचडीएफसी बैंक के ग्राहकों ने क्रेडिट कार्ड के जरिए 70,115 करोड़ रुपये खर्च किए. सितंबर के मुकाबले इसमें 7.6 फीसदी की बढ़ोतरी हुई.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 21 hours ago
त्योहारी सीजन में क्रेडिट कार्ड से खर्च में जोरदार उछाल आया है. अक्टूबर में लोगों ने क्रेडिट कार्ड के जरिए 2.45 लाख करोड़ रुपये खर्च किए, जो सितंबर के मुकाबले करीब 20 फीसदी अधिक है. भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के आंकड़ों के मुताबिक, इस दौरान एचडीएफसी बैंक के कार्डधारकों ने सबसे ज्यादा खरीदारी की. वहीं, ऑनलाइन शॉपिंग पर कुल खर्च का 63 फीसदी हिस्सा खर्च हुआ.
एक महीने में 14 लाख नए क्रेडिट कार्ड जारी
दशहरा और दिवाली के दौरान खरीदारी बढ़ने का असर क्रेडिट कार्ड से होने वाले खर्च पर भी दिखाई दिया. आरबीआई के आंकड़ों के अनुसार, अक्टूबर में क्रेडिट कार्ड से कुल 2.45 लाख करोड़ रुपये का लेनदेन हुआ, जबकि सितंबर में यह आंकड़ा 2.04 लाख करोड़ रुपये था. इस तरह एक महीने में खर्च करीब 20 फीसदी बढ़ गया. सालाना आधार पर भी क्रेडिट कार्ड से खर्च में 14.4 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई.
इस दौरान देश के प्रमुख बैंकों ने मिलकर करीब 14 लाख नए क्रेडिट कार्ड जारी किए. इसके साथ ही देश में सक्रिय क्रेडिट कार्ड की कुल संख्या बढ़कर 12.67 करोड़ हो गई, जो सितंबर में 12.53 करोड़ थी.
HDFC बैंक के ग्राहकों ने सबसे ज्यादा किया खर्च
क्रेडिट कार्ड से खरीदारी के मामले में एचडीएफसी बैंक सबसे आगे रहा. अक्टूबर में एचडीएफसी बैंक के ग्राहकों ने क्रेडिट कार्ड के जरिए 70,115 करोड़ रुपये खर्च किए. सितंबर के मुकाबले इसमें 7.6 फीसदी की बढ़ोतरी हुई.
वहीं, एसबीआई कार्ड (SBI Card) के ग्राहकों ने अक्टूबर में 45,797 करोड़ रुपये खर्च किए. यह सितंबर की तुलना में 31 फीसदी अधिक है. आईसीआईसीआई बैंक (ICICI Bank) के क्रेडिट कार्ड से खर्च में सबसे तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई. बैंक के ग्राहकों ने 42,295 करोड़ रुपये खर्च किए, जो पिछले महीने के मुकाबले 37 फीसदी ज्यादा है.
एक्सिस बैंक (Axis Bank) के कार्डधारकों का खर्च भी 30.5 फीसदी बढ़कर 30,211 करोड़ रुपये पहुंच गया.
ऑनलाइन शॉपिंग में खर्च हुए 1.54 लाख करोड़ रुपये
अक्टूबर में क्रेडिट कार्ड से हुई खरीदारी में ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की हिस्सेदारी सबसे ज्यादा रही. कुल 2.45 लाख करोड़ रुपये के खर्च में से 1.54 लाख करोड़ रुपये ऑनलाइन और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर खर्च किए गए. यह कुल खर्च का करीब 63 फीसदी है.
वहीं, दुकानों और शोरूम में लगी पॉइंट ऑफ सेल (PoS) मशीनों के जरिए 90,562 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया. आंकड़े बताते हैं कि त्योहारी खरीदारी के दौरान ऑनलाइन भुगतान के लिए क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल काफी बढ़ा है.
छोटे भुगतान के लिए भी बढ़ रहा क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल
क्रेडिट कार्ड के इस्तेमाल में बढ़ोतरी सिर्फ कुल खर्च तक सीमित नहीं है, बल्कि लेनदेन की संख्या में भी बड़ा इजाफा हुआ है. अक्टूबर में क्रेडिट कार्ड से कुल 68.3 करोड़ ट्रांजैक्शन हुए, जो पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 32 फीसदी अधिक हैं.
हालांकि, लेनदेन की संख्या बढ़ने के बावजूद प्रति ट्रांजैक्शन औसत खर्च घटा है. एक साल पहले जहां क्रेडिट कार्ड से एक लेनदेन पर औसतन 4,133 रुपये खर्च किए जा रहे थे, वहीं अक्टूबर में यह घटकर 3,585 रुपये रह गया.
इससे संकेत मिलता है कि लोग अब क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल केवल महंगी खरीदारी के लिए नहीं, बल्कि रोजमर्रा के छोटे भुगतान और बिल चुकाने के लिए भी कर रहे हैं.
टैग्स