होम / पर्सनल फाइनेंस / विदेशी बैंक खातों में 20 लाख रुपये तक की रकम पर बड़ी राहत, I-T विभाग ने FAST-DS घोषणा से दी छूट
विदेशी बैंक खातों में 20 लाख रुपये तक की रकम पर बड़ी राहत, I-T विभाग ने FAST-DS घोषणा से दी छूट
FAST-DS के तहत विदेशी संपत्तियों का उचित बाजार मूल्य (Fair Market Value) 31 मार्च 2026 के आधार पर तय किया जाएगा.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 4 days ago
विदेश में बैंक खाता रखने वाले भारतीय करदाताओं के लिए आयकर विभाग ने बड़ी राहत दी है. अब ऐसे व्यक्ति जिनके सभी विदेशी बैंक खातों में पिछले वित्त वर्ष के दौरान किसी भी समय कुल जमा राशि 20 लाख रुपये तक थी, उन्हें फॉरेन एसेट्स ऑफ स्मॉल टैक्सपेयर्स डिस्क्लोजर स्कीम (FAST-DS) के तहत अलग से घोषणा करने की जरूरत नहीं होगी. हालांकि, यह छूट तभी मिलेगी, जब खातों में जमा पैसा आयकर विभाग के सामने पहले से घोषित आय के स्रोतों से आया हो. भले ही इन खातों की जानकारी आयकर रिटर्न (ITR) के शेड्यूल एफए में नहीं दी गई हो.
विदेशी बैंक खातों को लेकर क्या है आयकर विभाग की नई राहत?
आयकर विभाग ने 20 नवंबर को जारी अतिरिक्त FAQs में यह स्पष्टीकरण दिया है. इसके मुताबिक, अगर किसी व्यक्ति के विदेशी बैंक खातों में जमा रकम पहले से घोषित आय से आई है और उसका हिसाब-किताब उपलब्ध है, तो केवल आयकर रिटर्न में खाते की जानकारी नहीं देने के कारण उसे FAST-DS के तहत अलग से घोषणा नहीं करनी होगी.
यह छूट उन खातों पर भी लागू होगी, जिनका उल्लेख ITR के शेड्यूल एफए (Schedule FA) में नहीं किया गया है. हालांकि, खाते में जमा रकम का स्रोत घोषित और रिकॉर्ड में दर्ज होना जरूरी है.
विभाग ने साफ किया है कि यह राहत अघोषित आय या बिना हिसाब-किताब वाली रकम पर लागू नहीं होगी. ऐसे मामलों में ब्लैक मनी (अघोषित विदेशी आय और संपत्ति) एवं कर अधिरोपण अधिनियम, 2015 के तहत टैक्स और जुर्माने की कार्रवाई जारी रहेगी.
क्या है FAST-DS स्कीम और किसे मिलेगा फायदा?
आयकर विभाग ने विदेशी संपत्ति रखने वाले या विदेश से कमाई करने वाले ऐसे करदाताओं को एक मौका देने के लिए FAST-DS योजना शुरू की है, जिन्होंने पहले अपनी विदेशी संपत्ति या आय की जानकारी भारतीय कर अधिकारियों को नहीं दी थी.
यह एकमुश्त घोषणा योजना है, जिसे 15 अगस्त 2026 को शुरू किया गया था. यह योजना 31 दिसंबर 2026 तक खुली रहेगी. इसका उद्देश्य खासतौर पर छात्रों, युवा पेशेवरों, टेक्नोलॉजी सेक्टर में काम करने वाले कर्मचारियों और विदेश से भारत लौटे अनिवासी भारतीयों (NRIs) को राहत देना है, जिनसे विदेशी संपत्ति या आय की जानकारी देने में चूक हुई है.
FAST-DS की दोनों कैटेगरी में कितना देना होगा टैक्स?
इस योजना के तहत करदाताओं के लिए दो कैटेगरी बनाई गई हैं.
कैटेगरी A: इसके तहत ऐसे विदेशी एसेट्स या आय की घोषणा करनी होगी, जिनका खुलासा पहले आयकर विभाग के सामने नहीं किया गया है. इस श्रेणी में संपत्ति के मूल्य पर 30 फीसदी टैक्स और इसके बराबर अतिरिक्त राशि देनी होगी. इस तरह कुल प्रभावी टैक्स देनदारी 60 फीसदी होगी. इस कैटेगरी में शामिल संपत्तियों का कुल मूल्य एक करोड़ रुपये से अधिक नहीं होना चाहिए.
कैटेगरी B: यह उन विदेशी संपत्तियों के लिए है, जिन्हें पहले से घोषित आय से खरीदा गया है, लेकिन आयकर रिटर्न के शेड्यूल एफए में उनकी जानकारी नहीं दी गई. इसमें वे मामले भी शामिल हैं, जहां करदाता ने आयकर रिटर्न दाखिल नहीं किया है. इस कैटेगरी में विदेशी संपत्तियों की कुल कीमत पांच करोड़ रुपये तक हो सकती है. इसके लिए एक लाख रुपये की फ्लैट फीस देनी होगी.
विदेशी संपत्ति और संयुक्त बैंक खातों को लेकर अन्य स्पष्टीकरण
आयकर विभाग ने कुछ अन्य स्थितियों को लेकर भी स्पष्टता दी है. अगर किसी विदेशी संपत्ति को खरीदने के लिए घोषित और अघोषित दोनों तरह की आय का इस्तेमाल किया गया है, तो अघोषित आय का हिस्सा होने पर करदाता को कैटेगरी A के तहत घोषणा करनी होगी.
वहीं, संयुक्त रूप से रखे गए विदेशी बैंक खातों के मामले में प्रत्येक खाताधारक को खाते में अपने हिस्से की जानकारी अलग से देनी होगी. साथ ही, उसे अपने स्तर पर लागू नियमों का पालन करना होगा.
विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि अगर किसी करदाता की विदेश से कई स्रोतों से कमाई होती है और उसने उनमें से कुछ की जानकारी ही आयकर रिटर्न में दी है, तो FAST-DS के तहत केवल उन्हीं संपत्तियों या आय की घोषणा करनी होगी, जिनका पहले खुलासा नहीं किया गया है.
विदेशी संपत्ति की कीमत तय करने के लिए क्या होगा आधार?
FAST-DS के तहत विदेशी संपत्तियों का उचित बाजार मूल्य (Fair Market Value) 31 मार्च 2026 के आधार पर तय किया जाएगा. इसके लिए आयकर विभाग ने 30 मार्च 2026 को लागू विनिमय दर 94.6543 रुपये प्रति अमेरिकी डॉलर निर्धारित की है. विदेशी संपत्तियों की कीमत की गणना इसी दर के आधार पर की जाएगी.
टैग्स