होम / बिजनेस / बाजार की तेजी पर लगेगा ब्रेक या बनेगा नया रिकॉर्ड? इन फैक्टर्स से तय होगी आज की चाल
बाजार की तेजी पर लगेगा ब्रेक या बनेगा नया रिकॉर्ड? इन फैक्टर्स से तय होगी आज की चाल
गुरुवार, 26 नवंबर को बीएसई का सेंसेक्स 390.31 अंक यानी 0.46 फीसदी की बढ़त के साथ 84,328.59 पर बंद हुआ था. वहीं, एनएसई का निफ्टी 65.25 अंक यानी 0.25 फीसदी चढ़कर 25,884.50 के स्तर पर पहुंच गया था.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 44 minutes ago
भारतीय शेयर बाजार में शुक्रवार को कारोबार की शुरुआत सुस्त रहने के संकेत मिल रहे हैं. गुरुवार को आईटी शेयरों में खरीदारी के दम पर सेंसेक्स और निफ्टी बढ़त के साथ बंद हुए थे, लेकिन बैंकिंग शेयरों में कमजोरी देखने को मिली. अब निवेशकों की नजर निफ्टी के 26,000 के अहम स्तर पर रहेगी. बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, इस स्तर के ऊपर टिकने पर तेजी को नया सहारा मिल सकता है, जबकि इसके पार निकलने में नाकामी बाजार में सीमित दायरे का कारोबार बनाए रख सकती है. इसके अलावा बैंकिंग और फाइनेंशियल शेयरों की चाल, एशियाई बाजारों के संकेत और कच्चे तेल की कीमतें भी शुक्रवार को बाजार की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएंगी.
गुरुवार, 26 नवंबर को बीएसई का सेंसेक्स 390.31 अंक यानी 0.46 फीसदी की बढ़त के साथ 84,328.59 पर बंद हुआ था. वहीं, एनएसई का निफ्टी 65.25 अंक यानी 0.25 फीसदी चढ़कर 25,884.50 के स्तर पर पहुंच गया था. हालांकि, बैंक निफ्टी गिरावट के साथ बंद हुआ. आईटी शेयरों में खरीदारी ने बाजार को सहारा दिया. सेबी में रजिस्टर्ड रिसर्च एनालिस्ट फर्म HST वेल्थ के मुताबिक, गिफ्ट निफ्टी करीब 26,000 के आसपास कारोबार कर रहा है. इससे बाजार में सकारात्मक शुरुआत की उम्मीद है. हालांकि, निफ्टी को मजबूती के साथ 26,000 के ऊपर टिकना होगा, तभी आगे की तेजी को गति मिल सकती है.
बैंकिंग शेयरों पर रहेगी बाजार की नजर
गुरुवार को आईटी शेयरों ने बाजार को मजबूती दी, लेकिन बैंक निफ्टी गिरावट के साथ बंद हुआ. HST वेल्थ के हरिसेल्वन राधाकृष्णन के मुताबिक, शुक्रवार को बैंकिंग और फाइनेंशियल शेयरों की चाल महत्वपूर्ण रहेगी. अगर बैंकिंग शेयरों में खरीदारी लौटती है तो निफ्टी को 26,000 के ऊपर टिकने में मदद मिल सकती है. दूसरी ओर, फाइनेंशियल शेयरों में कमजोरी जारी रहने से बाजार में उतार-चढ़ाव बढ़ सकता है.
बैंक निफ्टी के लिए 63,700 का स्तर अहम रहेगा. इस स्तर के ऊपर वापसी से बाजार की तेजी को मजबूती मिल सकती है, जबकि 63,300 के नीचे फिसलने पर बैंकिंग शेयरों पर दबाव बढ़ने की आशंका है.
निफ्टी के लिए 26,000 का स्तर क्यों है अहम?
बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, निफ्टी के लिए 26,000 का स्तर तत्काल रेजिस्टेंस के तौर पर काम करेगा. HST वेल्थ के अनुसार, अगर निफ्टी इस स्तर के ऊपर मजबूती से टिकता है तो यह 26,100 से 26,200 तक पहुंच सकता है. वहीं, नीचे की ओर 25,850 से 25,800 का दायरा अहम सपोर्ट रहेगा.
विशेषज्ञों का कहना है कि निफ्टी का टेक्निकल स्ट्रक्चर फिलहाल मजबूत बना हुआ है, लेकिन हालिया तेजी के बाद इसमें मुनाफावसूली की आशंका भी है. उनके मुताबिक, 25,950 से 26,000 का दायरा अहम रेजिस्टेंस है. इसके ऊपर निकलने पर निफ्टी 26,200 और फिर अपने पिछले रिकॉर्ड स्तर 26,276 की ओर बढ़ सकता है. गिरावट की स्थिति में 25,800 और उसके बाद 25,600 का स्तर सपोर्ट दे सकता है.
एशियाई बाजारों से मिले-जुले संकेत
गुरुवार को थैंक्सगिविंग की छुट्टी के कारण अमेरिकी शेयर बाजार बंद रहे. ऐसे में शुक्रवार को एशियाई बाजारों के संकेत निवेशकों के लिए अहम हैं. HST वेल्थ के मुताबिक, हालिया बिकवाली के बाद टेक्नोलॉजी शेयरों में स्थिरता आने से कुछ एशियाई बाजारों में रिकवरी देखने को मिली है. वहीं, एनरिच मनी के अनुसार, एशियाई बाजारों में मिला-जुला रुख है. जापान का निक्केई 225 करीब 0.17 फीसदी बढ़ा, जबकि दक्षिण कोरिया का कोस्पी लगभग 0.9 फीसदी गिरा. टेक्नोलॉजी और सेमीकंडक्टर शेयरों में बिकवाली से कोरियाई बाजार पर दबाव बना हुआ है.
कच्चे तेल की कीमतों पर भी रहेगी नजर
शुक्रवार को निवेशकों की नजर कच्चे तेल की कीमतों पर भी रहेगी. पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और तेल आपूर्ति को लेकर चिंताओं के कारण क्रूड की कीमतों में तेजी आई है. ब्रेंट क्रूड 96 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया है, जबकि अमेरिकी WTI क्रूड करीब 85 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है.
कच्चे तेल की कीमतों में लगातार तेजी भारतीय बाजार के लिए चिंता का विषय हो सकती है. इससे महंगाई और आयात बिल पर दबाव बढ़ने की आशंका है. इसके अलावा अमेरिकी बॉन्ड यील्ड और विदेशी निवेशकों की गतिविधियां भी बाजार की दिशा तय करने वाले प्रमुख कारक रहेंगे.
इन शेयरों पर रखें नजर
शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार में सुस्त शुरुआत के संकेत मिल रहे हैं. गुरुवार को बीएसई सेंसेक्स 390.31 अंक यानी 0.46 फीसदी की बढ़त के साथ 84,328.59 पर बंद हुआ था, जबकि एनएसई निफ्टी 65.25 अंक यानी 0.25 फीसदी चढ़कर 25,884.50 पर पहुंच गया था. हालांकि, शुरुआती कारोबार में गिफ्ट निफ्टी करीब 80 अंक फिसलकर 25,950 के आसपास कारोबार कर रहा था. इस बीच एशियाई बाजारों में तेजी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े शेयरों में रिकवरी के संकेत मिल रहे हैं. जापान का निक्केई 225 करीब 0.86 फीसदी और दक्षिण कोरिया का कोस्पी 1.69 फीसदी चढ़ा. दूसरी ओर, कच्चे तेल की कीमतों में तेजी जारी है और ब्रेंट क्रूड का दिसंबर वायदा 96.57 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया है. कंपनियों से जुड़े कई अहम कारोबारी अपडेट, बड़े ऑर्डर, हिस्सेदारी बिक्री, नई परियोजनाओं और नियामकीय घटनाक्रम के चलते आज शेफलर इंडिया, वारी रिन्यूएबल टेक्नोलॉजीज, अर्बन कंपनी, लीला पैलेसेज, आशियाना हाउसिंग, एचईजी, एपीएल अपोलो ट्यूब्स, टाटा स्टील, केपीआई ग्रीन एनर्जी, एसीएमई सोलर, एपीजे सुरेंद्र पार्क होटल्स, टेक्समैको रेल एंड इंजीनियरिंग, ईएमएस लिमिटेड, ओमनीटेक इंजीनियरिंग, एसकेएफ इंडिया, ब्रेनबीज सॉल्यूशंस, एक्साइड इंडस्ट्रीज, सुप्रिया लाइफसाइंस, अपार इंडस्ट्रीज और जाइडस लाइफसाइंसेज के शेयरों में हलचल देखने को मिल सकती है. इनमें शेफलर इंडिया में प्रमोटर की 6.5 फीसदी हिस्सेदारी की बिक्री, वारी रिन्यूएबल को 120 मेगावाट पीक के सोलर प्रोजेक्ट का ऑर्डर, आशियाना हाउसिंग की चेन्नई में जमीन खरीद, टेक्समैको रेल को 55.63 करोड़ रुपये का ऑर्डर, एक्साइड इंडस्ट्रीज का अपनी सहायक कंपनी में 250 करोड़ रुपये का अतिरिक्त निवेश और सुप्रिया लाइफसाइंस के शेयर बायबैक प्रस्ताव पर 2 दिसंबर को होने वाली बोर्ड बैठक जैसे घटनाक्रम प्रमुख हैं. इसके अलावा जाइडस लाइफसाइंसेज को अमेरिकी दवा नियामक USFDA से कंप्लीट रिस्पॉन्स लेटर मिलने और अपार इंडस्ट्रीज के कार्यालय एवं विनिर्माण इकाई में महाराष्ट्र GST विभाग की तलाशी का असर भी निवेशकों की कारोबारी धारणा पर पड़ सकता है.
(डिस्क्लेमर: शेयर बाजार में निवेश जोखिम के अधीन है. 'BW हिंदी' इसकी कोई जिम्मेदारी नहीं लेता. सोच-समझकर, अपने विवेक के आधार पर और किसी सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह लेने के बाद ही निवेश करें, अन्यथा आपको नुकसान उठाना पड़ सकता है.)
टैग्स