होम / यूटिलिटी / धनतेरस पर सोना खरीदने जा रहे? चाहे कितनी भी भीड़ हो, इन 3 बातों पर जरूर ध्यान दें
धनतेरस पर सोना खरीदने जा रहे? चाहे कितनी भी भीड़ हो, इन 3 बातों पर जरूर ध्यान दें
भीड़ का फायदा उठाकर दुकानदार आपको ठग सकता है, इसलिए चाहे कितनी भी भीड़ हो, कितनी भी जल्दबाजी हो, सोना खरीदते वक्त आप इन बातों को जरूर ध्यान रखें.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
नई दिल्ली: धनतेरस पर सबसे अधिक सोने की खरीददारी होती है. इसके पीछे धार्मिक मान्यता यह है कि इस दिन सोना खरीदने से पूरे साल मां लक्ष्मी प्रसन्न रहती हैं. धनतेरस पर ज्वैलर्स की दुकान पर सबसे अधिक भीड़ देखी जाती है. कई बार इसी भीड़ का फायदा उठाकर दुकानदार आपको ठग सकता है, इसलिए चाहे कितनी भी भीड़ हो, कितनी भी जल्दबाजी हो, सोना खरीदते वक्त आप इन बातों को जरूर ध्यान रखें.
1. एक उपभोक्ता विशेषज्ञ के अनुसार, जब भी आप सोना खरीदें तो हॉलमार्क जरूर देखें. अब सोने की सभी ज्वैलरी पर हॉलमार्क अनिवार्य कर दिया गया है. इसलिए यदि हॉलमार्क न हो, तो वह ज्वैलरी बिल्कुल न लें.
2. इसके अलावा, दुकानदार से प्रामाणिक बिल जरूर लें. कई बार भीड़ की वजह से आप बिल लेने अवॉइड कर देते हैं, पर ऐसा नहीं करना चाहिए, क्योंकि सरकारी नियम के अनुसार हर सोने की ज्वैलरी का बिल आपके पास होना ही चाहिए. साथ ही, दुकानदार के लिए भी यह जरूरी है कि अपने रिकॉर्ड में उस हर ग्राहक का रिकॉर्ड रखे, जिसने उसकी दुकान से सोना खरीदा है.
3. बिल लेने के बाद यह चेक करें कि दुकानदार ने आपको जो बिल दिया है, उसपर प्रत्येक वस्तु का विवरण, कीमती धातु का शुद्ध वजन, कैरेट में शुद्धता और हॉलमार्किंग शुल्क की डिटेल है या नहीं. बिल में ये सभी डिटेल होनी चाहिए.
यदि दुकानदार ने की गड़बड़ी की कोशिश तो...
ज्वैलर्स को अनुचित व्यवहार के खिलाफ चेतावनी देते हुए, उपभोक्ता विशेषज्ञ ने बताया कि BIS नियम, 2018 की धारा 49 के अनुसार, एक कीमती धातु की वस्तु के प्रासंगिक मानकों के अनुरूप नहीं होने की स्थिति में, बेची गई ऐसी वस्तु के वजन और परीक्षण शुल्क के लिए शुद्धता की कमी के आधार पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
कब है धनतेरस और दिवाली
इस साल 23 अक्टूबर को धनतेरस है. कुछ लोग 22 अक्टूबर को भी धनतेरस मना रहे हैं, क्योंकि धनतेरस का शुभ मुहूर्त 22 अक्टूबर की शाम से ही शुरू हो जा रहा है, लेकिन जो लोग उदया तिथि पर भरोसा करते हैं, वे धनतेरस 23 अक्टूबर को ही मना रहे हैं. इस साल धनतेरस पर खरीददारी का शुभ मुहूर्त पूरे दिन है. उसके अगले दिन 24 अक्टूबर को दिवाली है. आमतौर पर दिवाली धनतेरस के एक दिन बाद मनाई जाती है, लेकिन इस साल 25 अक्टूबर को सूर्यग्रहण है, जिसके कारण दिवाली एक दिन पहले ही मनाई जा रही है.
टैग्स