होम / टेक वर्ल्ड / इंस्टाग्राम पर अब 90 मिनट के हॉरिजॉन्टल वीडियो की टेस्टिंग, पॉडकास्ट और कॉमेडी कंटेंट क्रिएटर्स को मिलेगा फायदा
इंस्टाग्राम पर अब 90 मिनट के हॉरिजॉन्टल वीडियो की टेस्टिंग, पॉडकास्ट और कॉमेडी कंटेंट क्रिएटर्स को मिलेगा फायदा
इंस्टाग्राम लंबे वीडियो बनाने वाले कंटेंट क्रिएटर्स को आकर्षित करने के लिए नए फीचर्स की टेस्टिंग कर रहा है. इसके तहत चुनिंदा अमेरिकी क्रिएटर्स के लिए 90 मिनट तक के हॉरिजॉन्टल वीडियो की सुविधा शुरू की गई है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 hours ago
इंस्टाग्राम (Instagram) ने सोमवार को इन नए फीचर्स की टेस्टिंग शुरू की. द हॉलीवुड रिपोर्टर के मुताबिक, ‘Features’ नाम का यह फीचर क्रिएटर्स को छोटी रील्स को पूरे वीडियो से लिंक करने की सुविधा देगा. इससे यूजर किसी पॉडकास्ट या दूसरे लंबे वीडियो की छोटी क्लिप देखने के बाद सीधे उसका पूरा वीडियो देख सकेंगे.
छोटी रील से पूरा वीडियो देख सकेंगे यूजर
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इंस्टाग्राम की प्रोडक्ट वाइस प्रेसिडेंट टेसा लियोन्स ने कहा कि नए फीचर के जरिए यूजर अपनी पसंद के पॉडकास्ट की क्लिप देखने के बाद उस पर क्लिक करके पूरा वीडियो देख सकेंगे. क्रिएटर्स अपनी रील्स को संबंधित लंबे वीडियो से लिंक कर पाएंगे, जिससे दर्शकों के लिए पूरा कंटेंट देखना आसान होगा.
इंस्टाग्राम पहले ब्राजील के कुछ क्रिएटर्स के साथ ‘Features’ की टेस्टिंग कर रहा था. अब कंपनी अमेरिका में हजारों क्रिएटर्स तक इस परीक्षण का विस्तार करने की योजना बना रही है. इन वीडियो को एक्सप्लोर पेज और प्लेटफॉर्म के अन्य हिस्सों के जरिए यूजर्स को सुझाया जा सकता है.
टीवी पर भी लंबे वीडियो देखने की सुविधा बढ़ाने की योजना
फिलहाल यह फीचर मोबाइल पर उपलब्ध होगा, लेकिन इंस्टाग्राम इसे अपने टीवी ऐप तक भी पहुंचाना चाहता है. कंपनी का मानना है कि लंबे हॉरिजॉन्टल वीडियो देखने के लिए बड़ी स्क्रीन बेहतर अनुभव दे सकती है.
पिछले साल लॉन्च हुआ Instagram for TV ऐप फिलहाल Samsung, Fire TV और Google TV पर उपलब्ध है. अब इसे अमेरिका में Apple TV पर भी विस्तार दिया जा रहा है.
लियोन्स के मुताबिक, लंबे हॉरिजॉन्टल कंटेंट को देखने का सबसे अच्छा अनुभव बड़ी और हॉरिजॉन्टल स्क्रीन पर मिलता है. ऐसे में आने वाले समय में दर्शक इस तरह के कंटेंट को बड़ी स्क्रीन पर अधिक समय तक देख सकते हैं.
एपिसोड वाले वीडियो के लिए ‘Series’ फीचर की टेस्टिंग
इंस्टाग्राम ‘Series’ नाम के एक अन्य फीचर पर भी काम कर रहा है. इसके तहत क्रिएटर्स की प्रोफाइल पर एपिसोड के रूप में बनाए गए रील्स के लिए अलग जगह दी जाएगी. यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है, जब माइक्रोड्रामा और किस्तों में पेश किए जाने वाले वीडियो कंटेंट की लोकप्रियता बढ़ रही है.
कंपनी ने जून में दक्षिण-पूर्व एशिया के माइक्रोड्रामा स्टूडियो से संपर्क कर इस फीचर की टेस्टिंग शुरू करने की पहल की थी. इसके बाद इंस्टाग्राम ने एपिसोडिक कंटेंट बनाने वाले स्वतंत्र क्रिएटर्स से भी संपर्क किया.
कंपनी आने वाले महीनों में अधिक देशों में ‘Series’ की टेस्टिंग शुरू करने की योजना बना रही है. अमेरिका में इसे इस साल के अंत या अगले साल की शुरुआत में लॉन्च करने का लक्ष्य है. इंस्टाग्राम इस फीचर को टीवी पर किस तरह दिखाया जाएगा, इसकी भी टेस्टिंग कर रहा है.
रील्स टैब में लाइव वीडियो भी दिखाने की तैयारी
इंस्टाग्राम कुछ अन्य फीचर्स पर भी प्रयोग कर रहा है. इनमें लाइव वीडियो को रील्स टैब में शामिल करना और ऐसे यूजर्स को भी लाइव वीडियो सुझाना शामिल है, जो संबंधित क्रिएटर को फॉलो नहीं करते. इस फीचर की टेस्टिंग इंडोनेशिया और ब्राजील में शुरू की जा रही है. कंपनी अगले साल इसे अमेरिका में भी शुरू करने की योजना बना रही है.
टैग्स