होम / बिजनेस / ऐसा क्या हुआ कि एक साल में ही बंद करने पड़ गई Zomato को ये सर्विस?
ऐसा क्या हुआ कि एक साल में ही बंद करने पड़ गई Zomato को ये सर्विस?
जोमैटो ने पिछले साल मार्च में इंस्टेंट डिलीवरी सर्विस शुरू की थी, लेकिन अब कंपनी उसे बंद करने जा रही है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
फूड डिलीवरी कंपनी जोमैटो (Zomato) का स्टॉक मार्केट में प्रदर्शन लगातार खराब बना हुआ है. पिछले एक महीने में कंपनी के शेयरों में 12.12% की गिरावट दर्ज की गई है. इस बीच, कंपनी ने अपनी Instant डिलीवरी सर्विस बंद करने का फैसला लिया है. इस सर्विस को पिछले साल ही शुरू किया गया था, लेकिन एक साल से भी कम समय में कंपनी को इसे बंद करना पड़ रहा है. हालांकि, कंपनी इसे रीब्रांडिंग का नाम दे रही है, लेकिन मीडिया रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि Zomato इस सर्विस को बंद कर रही है, क्योंकि उसे उम्मीद अनुरूप परिणाम नहीं मिले.
पार्टनर्स को किया सूचित
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सूत्रों का कहना है कि कंपनी ने हाल में अपने रेस्टोरेंट्स पार्टनर्स को बता दिया था कि वह अपनी इंस्टेंट सर्विस को बंद करने जा रही है. दरअसल, कंपनी को लग रहा है कि इसे मुनाफे में लाना संभव नहीं है. Zomato ने मार्च 2022 में अपनी 10 मिनट की फूड डिलीवरी सर्विस शुरू की थी. यानी एक साल से कम में ही कंपनी को इंस्टेंट सर्विस बंद करनी पड़ गई है. बताया जा रहा है कि कंपनी की योजना अब एक नया प्रोडक्ट लाने की है.
टॉप एग्जीक्यूटिव्स ने छोड़ा साथ
जोमैटो की यह सर्विस जोमैटो के फिनिशिंग स्टेशंस के जरिए ऑफर की जा रही थी. कंपनी ने ऐसे 5 स्टेशन लॉन्च किए थे. हाल में कंपनी ने बेंगलुरु में भी यह सर्विस शुरू की थी. बता दें कि कंपनी में उथल पुथल का दौर जारी है. हाल के दिनों में कई टॉप एग्जीक्यूटिव्स कंपनी का दामन छोड़ चुके हैं. इस साल की शुरुआत में जोमैटो के को-फाउंडर और चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर गुंजन पाटीदार (Gunjan Patidar) ने अपने पद से इस्तीफा दिया था. पाटीदार से पहले जोमैटो के को-फाउंडर मोहित गुप्ता ने भी इस्तीफा दिया था. गुंजन ने कंपनी के लिए कोर टेक सिस्टम तैयार किया था. वह करीब 10 सालों तक कंपनी की टेक लीडरशिप टीम का हिस्सा थे.
हाई लेवल से काफी नीचे
कंपनी के शेयर की बात करें, तो यह फिलहाल 51.10 रुपए पर ट्रेड कर रहा है. इसका 52-wk high level 114.20 रुपए है. पिछले कुछ वक्त में इस शेयर ने अपने निवेशकों को मायूस ही किया है. बीते एक साल की अगर बात करें, तो इसमें 44.06% की गिरावट आई है. माना जा रहा था कि फूड डिलीवरी बिजनेस के बढ़ते आकार को देखते हुए Zomato का शेयर अच्छा कर सकता है, लेकिन फिलहाल ऐसा कुछ नजर नहीं आ रहा है.
टैग्स