होम / बिजनेस / अडानी का नाम ही काफी है, लगातार उछाल भर रहे इस कंपनी के शेयर
अडानी का नाम ही काफी है, लगातार उछाल भर रहे इस कंपनी के शेयर
गौतम अडानी का जलवा इस कदर है कि एक पावर कंपनी से उनका नाम जुड़ने की खबर मात्र से ही कंपनी के शेयर लगातार तेजी दर्ज कर रहे हैं.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
पावर ट्रेडिंग कंपनी PTC India के शेयर लगातार छलांग लगा रहे हैं. बुधवार को लगातार तीसरे दिन इन शेयरों ने 5 फीसदी का अपर सर्किट छू लिया. पिछले पांच दिनों में इसने 13.56% का रिटर्न दिया है. PTC के शेयरों में तेजी की वजह भारत और एशिया के सबसे रईस कारोबारी गौतम अडानी (Gautam Adani) के कंपनी में हिस्सेदारी खरीदने की खबर है. दरअसल, कई रिपोर्ट्स में बताया गया है कि अडानी इस कंपनी में निवेश कर सकते हैं, वो पावर सेक्टर में खुद को मजबूत करने के लिए यह दांव चल सकते हैं.
ये हैं प्रमोटर कंपनियां
PTC India में सरकारी बिजली कंपनियों का निवेश है. अडानी के साथ ही कई और कंपनियां भी इस कंपनी में हिस्सेदारी खरीदने की योजना बना रही हैं. पीटीसी इंडिया की प्रमोटर कंपनियों में एनटीपीसी लिमिटेड, एनएचपीसी लिमिटेड, पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया और पावर फाइनेंस कॉर्पोरेशन शामिल हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये सभी कंपनियां अपनी 4 फीसदी हिस्सेदारी बेचने की तैयारी कर रही हैं.
इतना है मार्केट कैप
PTC India का मार्केट कैप 2,852.04 करोड़ रुपए है. जुलाई-सितंबर तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट 32.26% की गिरावट के साथ 119.79 करोड़ रुपए था. जबकि इससे पहले समान तिमाही में उसने 177.11 करोड़ रुपए का प्रॉफिट कमाया था. कंपनी के शेयरों का बीते एक साल का रिकॉर्ड खास अच्छा नहीं है, लेकिन पिछले कुछ दिनों में इसमें तेजी दर्ज की जा रही है. वजह है अडानी का नाम सामने आना. हालांकि, अडानी समूह ने इस कंपनी में हिस्सेदारी खरीदने की खबरों की पुष्टि नहीं की है.
...तो और भागेंगे शेयर
एक्सपर्ट्स मानते हैं कि यदि अडानी समूह PTC India में हिस्सेदारी खरीदता है, उससे एनर्जी सेक्टर में समूह की पकड़ मजबूत होगी. समूह पावर ट्रांसमिशन और डिस्ट्रिब्यूशन में भी सक्रिय है. बता दें कि PTC India को पावर ट्रेडिंग कॉर्प ऑफ इंडिया के रूप में जाना जाता था. इसे वर्ष 1999 में एक सार्वजनिक-निजी साझेदारी के रूप में शुरू किया गया था. फिलहाल, कंपनी का शेयर 96.30 रुपए के भाव पर मिल रहा है, लेकिन अगर अडानी इस डील को फाइनल कर लेते हैं, तो इसका रॉकेट बनना तय है.
टैग्स