होम / बिजनेस / सरकार को RBI से 2.69 लाख करोड़ का डिविडेंड मिला, जानिए आपको कैसे होगा फायदा?
सरकार को RBI से 2.69 लाख करोड़ का डिविडेंड मिला, जानिए आपको कैसे होगा फायदा?
RBI द्वारा दिया गया यह रिकॉर्ड डिविडेंड न केवल सरकार की वित्तीय स्थिति को मजबूती देगा, बल्कि आम लोगों को भी राहत दे सकता है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 1 year ago
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने वित्त वर्ष 2024-25 के लिए केंद्र सरकार को रिकॉर्ड 2.69 लाख करोड़ रुपये का डिविडेंड दिया है. यह अब तक का सबसे बड़ा डिविडेंड है जो किसी एक वित्त वर्ष में दिया गया हो. यह रकम रिजर्व बैंक की कमाई से दी जाती है, और इसका सीधा असर देश की अर्थव्यवस्था और आम आदमी की जेब पर भी पड़ता है.
कैसे पड़ेगा असर आम आदमी की जेब पर?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इस मोटी रकम के मिलने से सरकार का राजकोषीय घाटा कम होगा. सरकार के पास अब ज्यादा संसाधन होंगे, जिससे उसे कर्ज कम लेना पड़ेगा. ऐसे में बाजार में ब्याज दरों में कटौती की संभावना बढ़ जाती है. इससे बैंकों की होम लोन, कार लोन जैसी ईएमआई सस्ती हो सकती है. वहीं, सरकारी खर्च बढ़ने से रोजगार और बुनियादी ढांचे में निवेश को भी बढ़ावा मिल सकता है.
रक्षा और विकास योजनाओं को मिलेगी राहत
इस डिविडेंड की मदद से सरकार को रक्षा बजट में संभावित बढ़ोतरी का सामना करने में राहत मिल सकती है. खासकर भारत-पाक तनाव और वैश्विक भू-राजनीतिक परिस्थितियों को देखते हुए यह रकम सरकार को रक्षा क्षेत्र में अधिक आत्मनिर्भरता की ओर कदम बढ़ाने में सहायक हो सकती है.
आरबीआई कैसे कमाता है पैसा?
भारतीय रिजर्व बैंक की आय के कई स्रोत होते हैं. इनमें शामिल हैं:
* विदेशी मुद्रा की खरीद-बिक्री
* नोटों की छपाई से जुड़ी आय
* विदेशी बॉन्ड में निवेश से मिलने वाला रिटर्न
इन स्रोतों से होने वाली कमाई का एक हिस्सा सरकार को डिविडेंड के रूप में दिया जाता है.
कितना पैसा सरकार को दिया जाता है?
आरबीआई अपनी कमाई का कुछ प्रतिशत “कंटिजेंसी फंड” (आपात कोष) के रूप में सुरक्षित रखता है. पहले यह अनुपात 5.5% से 6.6% के बीच होता था. लेकिन वर्ष 2018 में बिमल जालान समिति की सिफारिशों के बाद इसे 4.5% से 7.5% के बीच कर दिया गया. बचे हुए हिस्से को डिविडेंड के रूप में सरकार को सौंपा जाता है.
टैग्स