होम / बिजनेस / जनवरी में जमकर हुई छंटनी, इस सेक्टर में हर दिन 3400 से ज्यादा ने गंवाई नौकरी
जनवरी में जमकर हुई छंटनी, इस सेक्टर में हर दिन 3400 से ज्यादा ने गंवाई नौकरी
पिछले साल शुरू हुआ बड़े पैमाने पर छंटनी का सिलसिला इस साल भी जारी है. हर रोज कोई न कोई कंपनी छंटनी कर रही है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
नए साल की शुरुआत नौकरीपेशा लोगों के लिए बुरी तरह, लेकिन सबसे ज्यादा बुरी खबर IT यानी इनफार्मेशन टेक्नोलॉजी से जुड़े कर्मचारियों को सुनने को मिलीं. अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर जनवरी में IT सेक्टर में धड़ाधड़ छंटनी हुई. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जनवरी में औसतन हर रोज 3,400 से ज्यादा तकनीकी कर्मचारियों को नौकरी से निकाला गया.
जारी है सिलसिला
बड़े पैमाने पर IT कर्मचारियों की छुट्टी करने वालों में माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft) और गूगल (Google) जैसी बड़ी टेक कंपनियां भी शामिल हैं. छंटनी ट्रैकिंग साइट लेयोफ्स डॉट एफवाईआई के आंकड़े बताते हैं कि अब तक 219 कंपनियों ने 68,000 से अधिक कर्मचारियों की छंटनी (Layoffs 2023) की है. बता दें कि अलग-अलग सेक्टर्स की कई कंपनियां नए साल में सैकड़ों कर्मचारियों को नौकरी से निकाल चुकी हैं और ये सिलसिला बदस्तूर जारी है.
पेरोल में भी होगी कटौती
एक रिपोर्ट बताती है कि साल 2022 में 1,000 से ज्यादा कंपनियों ने 1,54,336 कर्मचारियों की छंटनी की थी. वहीं, ऐसी भविष्यवाणी भी की जा रही है कि कुछ कंपनियां आने वाले समय में पेरोल में कटौती कर सकती हैं. वहीं, नेशनल एसोसिएशन फॉर बिजनेस इकोनॉमिक्स (एनएबीई) द्वारा किए गए सर्वेक्षण में से सिर्फ 12 प्रतिशत अर्थशास्त्रियों ने अनुमान लगाया है कि उनकी फर्मों में अगले तीन महीनों में रोजगार बढ़ेगा, जो इस गिरावट के 22 प्रतिशत से कम है. यानी आगे भी नौकरियों का संकट बना रहेगा.
इस कंपनी ने भी चलाई कैंची
उधर, डच कंपनी फिलिप्स (Philips) छह हजार लोगों की छंटनी करने जा रही है. कंपनी ने एक फॉल्टी डिवाइस को वापस लिए जाने के बाद अपनी प्रॉफिटेबिलिटी सुनिश्चित करने के लिए ये कदम उठाया है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फॉल्टी रेस्पिरेटरी डिवाइस को वापस लिए जाने के बाद कंपनी के मार्केट वैल्यू में 70 फीसदी तक की जबरदस्त गिरावट आ चुकी है. कंपनी का कहना है कि आधे लोगों की छंटनी इस साल होगी, जबकि बाकी आधे लोगों की छंटनी 2025 तक होगी. गौरतलब है कि कंपनी ने एक खास तरह की बीमारी के इलाज में इस्तेमाल में लाए जाने वाले करोड़ों वेंटिलेटर को वापस लेने का फैसला किया था, क्योंकि वेंटिलेटर में कुछ गड़बड़ी थी. इसके बाद कंपनी ने अक्टूबर में 4,000 लोगों की छंटनी की योजना का ऐलान किया था.
टैग्स