होम / बिजनेस / शेयर बाजार में फिर गिरावट, सेंसेक्स 383 अंक टूटा; आज इन बड़े शेयरों पर रहेगी नजर
शेयर बाजार में फिर गिरावट, सेंसेक्स 383 अंक टूटा; आज इन बड़े शेयरों पर रहेगी नजर
सोमवार को सेंसेक्स 382.62 अंक यानी 0.50 फीसदी की गिरावट के साथ 76,132.81 के स्तर पर बंद हुआ. वहीं, निफ्टी 118 अंक यानी 0.50 फीसदी टूटकर 23,779.15 पर आ गया.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 59 minutes ago
पश्चिम एशिया में अमेरिका-ईरान तनाव बढ़ने और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के बीच घरेलू शेयर बाजार में गिरावट का सिलसिला सोमवार को भी जारी रहा. सेंसेक्स और निफ्टी दोनों करीब 0.50 फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुए. पिछले चार हफ्तों से बाजार पर दबाव बना हुआ है और निवेशकों की नजर अब वैश्विक घटनाक्रम के साथ-साथ कंपनियों से जुड़े अहम कॉरपोरेट अपडेट पर है.
सेंसेक्स 382 अंक लुढ़का, निफ्टी भी लाल निशान में
सोमवार को कारोबार खत्म होने पर सेंसेक्स 382.62 अंक यानी 0.50 फीसदी की गिरावट के साथ 76,132.81 के स्तर पर बंद हुआ. वहीं, निफ्टी 118 अंक यानी 0.50 फीसदी टूटकर 23,779.15 पर आ गया. सेंसेक्स के 30 शेयरों में इन्फोसिस सबसे ज्यादा दबाव में रहा और करीब 3.81 फीसदी की गिरावट के साथ 1,087 रुपये पर बंद हुआ.
इन शेयरों में रही तेजी और गिरावट
बाजार में कुछ चुनिंदा शेयरों ने कमजोरी के बीच बढ़त दर्ज की. सेंसेक्स में लार्सन एंड टुब्रो, भारती एयरटेल और मारुति प्रमुख गेनर्स रहे. वहीं, इन्फोसिस, टेक महिंद्रा और टाटा स्टील सबसे ज्यादा दबाव में रहे. निफ्टी में अपोलो हॉस्पिटल 1.27 फीसदी की बढ़त के साथ टॉप गेनर रहा. इसके बाद लार्सन एंड टुब्रो 0.88 फीसदी और कोल इंडिया 0.84 फीसदी चढ़े. दूसरी ओर, इन्फोसिस 3.81 फीसदी, एसबीआई लाइफ 2.42 फीसदी और एचडीएफसी लाइफ 2.42 फीसदी टूटे.
शुक्रवार को कैसा रहा था बाजार?
पिछले कारोबारी सत्र यानी 4 सितंबर को सेंसेक्स 76,657.02 के स्तर पर खुला था. कारोबार के दौरान यह 76,883.14 के हाई और 76,515.43 के लो तक गया. अंत में सेंसेक्स 0.48 फीसदी की बढ़त के साथ 76,515.43 पर बंद हुआ था. निफ्टी 23,910.90 पर खुला और 24,005.75 का हाई तथा 23,895.85 का लो बनाया. कारोबार के अंत में निफ्टी 0.10 फीसदी की तेजी के साथ 23,897.70 पर बंद हुआ था.
गिरावट के पीछे क्या हैं बड़ी वजहें?
घरेलू शेयर बाजार में कमजोरी के पीछे पश्चिम एशिया में अमेरिका-ईरान तनाव में बढ़ोतरी और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी अहम वजहों में शामिल हैं. वैश्विक स्तर पर बढ़ी अनिश्चितता का असर निवेशकों के सेंटीमेंट पर पड़ा है. इसके अलावा विदेशी निवेशकों की गतिविधियों और बाजार में लगातार बनी बिकवाली पर भी निवेशकों की नजर है.
आज इन शेयरों पर रखें नजर
मंगलवार के कारोबार में Swiggy, Maruti Suzuki India, Garuda Construction, PVR INOX, Arisinfra Solutions, Asian Energy Services, Adani Power और RBL Bank फोकस में रह सकते हैं. Swiggy अपनी स्टेप-डाउन सब्सिडियरी Lynks Logistics में पूरी हिस्सेदारी Trustroot Internet को शेयर-स्वैप डील के जरिए बेचने वाली है, जबकि Lynks के B2B डिस्ट्रीब्यूशन कारोबार ने वित्त वर्ष 2026 में करीब 668 करोड़ रुपये का राजस्व दर्ज किया था. Maruti Suzuki India ने चुनिंदा कार मॉडलों की कीमतों में 20,000 रुपये तक की बढ़ोतरी की है. Garuda Construction की सब्सिडियरी ने जेद्दा में 93 मंजिला टावर के निर्माण के लिए समझौता ज्ञापन किया है, जिससे अगले पांच वर्षों में करीब 1,800 करोड़ रुपये की अनुमानित आय हो सकती है. PVR INOX ने कथित 200 करोड़ रुपये की किकबैक डील से जुड़े मामले में कहा है कि शुरुआती जांच में रिश्वतखोरी के कोई सबूत नहीं मिले हैं. Arisinfra Solutions की सब्सिडियरी को बेंगलुरु के व्हाइटफील्ड स्थित Morning Mist रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट के लिए नया ऑर्डर मिला है. Asian Energy Services की सब्सिडियरी Oilmax Energy को अरुणाचल प्रदेश सरकार से Pakro Vanadium and Graphite Block के लिए Composite Licence से जुड़ा Letter of Intent मिला है. वहीं, Adani Power को GVK Energy के अधिग्रहण के लिए Letter of Intent मिला है, जबकि RBL Bank के बोर्ड ने विदेशों से 1 अरब डॉलर तक जुटाने को मंजूरी दी है.
(डिस्क्लेमर: शेयर बाजार में निवेश जोखिम के अधीन है. 'BW हिंदी' इसकी कोई जिम्मेदारी नहीं लेता. सोच-समझकर, अपने विवेक के आधार पर और किसी सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह के बाद ही निवेश करें, अन्यथा आपको नुकसान उठाना पड़ सकता है.)
टैग्स