होम / बिजनेस / शेयर बाजार में आज भी दबाव के संकेत, ग्लोबल तनाव और महंगे क्रूड की चिंता; इन शेयरों पर रहेगी नजर
शेयर बाजार में आज भी दबाव के संकेत, ग्लोबल तनाव और महंगे क्रूड की चिंता; इन शेयरों पर रहेगी नजर
मंगलवार को सेंसेक्स 12.99 अंक यानी 0.02 फीसदी गिरकर 76,944.28 पर और निफ्टी 24.60 अंक यानी 0.10 फीसदी टूटकर 24,055.80 पर बंद हुआ.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 55 minutes ago
भारतीय शेयर बाजार में बुधवार, 2 सितंबर को कारोबार की शुरुआत दबाव के साथ होने के संकेत मिल रहे हैं. ग्लोबल बाजारों में कमजोरी, अमेरिका-ईरान तनाव और कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है. गिफ्ट निफ्टी भी सुबह करीब 24,042 के आसपास सपाट कारोबार करता नजर आया. ऐसे में आज घरेलू बाजार की दिशा ग्लोबल संकेतों और क्रूड की चाल के अलावा विदेशी निवेशकों की गतिविधियों से तय हो सकती है.
इससे पहले मंगलवार को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) सेंसेक्स और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) निफ्टी में दिनभर उतार-चढ़ाव रहा. शुरुआती गिरावट के बाद दोनों प्रमुख सूचकांकों ने रिकवरी की कोशिश की, लेकिन कारोबार खत्म होने तक सेंसेक्स 12.99 अंक यानी 0.02 फीसदी गिरकर 76,944.28 पर और निफ्टी 24.60 अंक यानी 0.10 फीसदी टूटकर 24,055.80 पर बंद हुआ. ऑटो, बैंकिंग और फार्मा शेयरों में दबाव देखने को मिला.
मारुति समेत इन शेयरों में रही गिरावट
मंगलवार को सेंसेक्स के शेयरों में मारुति सुजुकी सबसे ज्यादा 4.16 फीसदी टूटा और 12,919 रुपये पर बंद हुआ. इसके अलावा SBI में 2.51 फीसदी, इंडिगो में 2.48 फीसदी, बजाज फिनसर्व में 2.40 फीसदी, महिंद्रा एंड महिंद्रा में 2.36 फीसदी, एक्सिस बैंक में 1.80 फीसदी और टाइटन में 1.58 फीसदी की गिरावट रही. दूसरी ओर ITC में 3.98 फीसदी, HCL Technologies में 3.21 फीसदी, Infosys में 2.44 फीसदी, भारती एयरटेल में 2.30 फीसदी, रिलायंस इंडस्ट्रीज में 1.74 फीसदी और कोटक महिंद्रा बैंक में 1.54 फीसदी की तेजी ने बाजार की गिरावट को सीमित किया.
आज बाजार के लिए ये होंगे बड़े ट्रिगर
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, बुधवार के कारोबार में कच्चे तेल की कीमत सबसे अहम संकेतकों में से एक रहेगी. अमेरिका-ईरान तनाव के बीच ब्रेंट क्रूड करीब 96 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया है. भारत अपनी जरूरत का बड़ा हिस्सा कच्चा तेल आयात करता है, इसलिए क्रूड में लगातार तेजी से महंगाई, कंपनियों की लागत और देश के व्यापार संतुलन पर दबाव बढ़ सकता है. वहीं, मंगलवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों ने करीब 1,143 करोड़ रुपये की भारतीय इक्विटी खरीदी, जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों ने करीब 1,846 करोड़ रुपये की खरीदारी की.
निफ्टी के लिए 24,000 का स्तर अहम
तकनीकी मोर्चे पर निफ्टी के लिए 24,000 का स्तर महत्वपूर्ण माना जा रहा है. 23,950 के नीचे टिकाऊ गिरावट आने पर बाजार में और करेक्शन का दबाव बढ़ सकता है, जबकि ऊपर की तरफ 24,380 के आसपास अहम रेजिस्टेंस है. ऐसे में निवेशकों की नजर आज निफ्टी की इस रेंज पर भी रहेगी.
इन शेयरों पर रखें नजर
आज कई कंपनियों के शेयर खबरों के चलते फोकस में रहेंगे. हीरो मोटोकॉर्प की अगस्त में घरेलू बिक्री सालाना आधार पर 4.5 फीसदी बढ़कर 5.42 लाख वाहन रही, जबकि कुल बिक्री 2.6 फीसदी बढ़कर 5.68 लाख वाहन पहुंच गई. एनएमडीसी का अगस्त लौह अयस्क उत्पादन 20.8 फीसदी बढ़कर 40.7 लाख टन और बिक्री 5.6 फीसदी बढ़कर 35.8 लाख टन रही. कोल इंडिया की अगस्त में कोयला आपूर्ति 5.5 फीसदी बढ़कर 6.06 करोड़ टन रही. अदाणी ग्रीन एनर्जी की सहायक कंपनी ने गुजरात के खावड़ा में 139 मेगावाट की नई सौर परियोजना शुरू की है. ग्लैंड फार्मा के विशाखापत्तनम संयंत्र के अमेरिकी FDA निरीक्षण में कोई आपत्ति नहीं मिली है. रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स ने ‘बॉम्बे क्रीमरी’ ब्रांड के साथ आइसक्रीम कारोबार में एंट्री की है. विप्रो ने एबीबी के साथ डिजिटल वर्कप्लेस सर्विसेज समझौते को आगे बढ़ाया है. ईएमएस लिमिटेड राजस्थान में करीब 219 करोड़ रुपये की सीवरेज परियोजना के लिए सबसे कम बोली लगाने वाली कंपनी बनी है, जबकि सेंटम इलेक्ट्रॉनिक्स को करीब 30.5 करोड़ रुपये का निर्यात ऑर्डर मिला है. इसके अलावा एलएंडटी फाइनेंस को इरडा से कॉरपोरेट एजेंट के रूप में स्थायी पंजीकरण और उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक को कैरल फर्टाडो की अंतरिम एमडी एवं सीईओ नियुक्ति के लिए आरबीआई की मंजूरी मिली है.
(डिस्क्लेमर: शेयर बाजार में निवेश जोखिम के अधीन है. 'BW हिंदी' इसकी कोई जिम्मेदारी नहीं लेता. सोच-समझकर, अपने विवेक के आधार पर और किसी सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह के बाद ही निवेश करें, अन्यथा आपको नुकसान उठाना पड़ सकता है.)
टैग्स