होम / बिजनेस / शेयर बाजार में सुस्त शुरुआत के संकेत, गिफ्ट निफ्टी फिसला; इन शेयरों पर रहेगी निवेशकों की नजर
शेयर बाजार में सुस्त शुरुआत के संकेत, गिफ्ट निफ्टी फिसला; इन शेयरों पर रहेगी निवेशकों की नजर
गुरुवार को सेंसेक्स 0.04 फीसदी की मामूली बढ़त के साथ 81,911 पर बंद हुआ था. वहीं, निफ्टी 0.18 फीसदी चढ़कर 25,299 के स्तर पर पहुंच गया था.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 4 hours ago
शुक्रवार, 13 नवंबर को शेयर बाजार में कारोबार की शुरुआत सुस्त रहने के संकेत मिल रहे हैं. गिफ्ट निफ्टी में गिरावट के बीच निवेशकों की नजर वैश्विक बाजारों के रुख, कच्चे तेल की कीमतों और कंपनियों के तिमाही नतीजों पर रहेगी. हालांकि, इस कारोबारी सप्ताह में बाजार में अच्छी खरीदारी देखने को मिली है. कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और पश्चिम एशिया में तनाव कम होने की उम्मीदों से निवेशकों का भरोसा बढ़ा है. गुरुवार को सेंसेक्स 0.04 फीसदी की मामूली बढ़त के साथ 81,911 पर बंद हुआ था. वहीं, निफ्टी 0.18 फीसदी चढ़कर 25,299 के स्तर पर पहुंच गया था.
ब्रेंट क्रूड 96 डॉलर के करीब
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में हल्की नरमी देखने को मिल रही है. शुक्रवार सुबह ब्रेंट क्रूड 0.27 फीसदी की गिरावट के साथ 95.56 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था. गुरुवार को कारोबार के दौरान इसकी कीमत करीब 91 डॉलर तक गिर गई थी, हालांकि इसका सेटलमेंट भाव लगभग 96 डॉलर प्रति बैरल रहा.
एशियाई बाजारों में मिला-जुला रुख
शुक्रवार को एशियाई बाजारों में कारोबार का रुख मिला-जुला रहा. जापान का निक्केई 225 करीब 1.65 फीसदी की तेजी के साथ 61,820 के स्तर पर कारोबार कर रहा था. दक्षिण कोरिया का कोस्पी भी लगभग 2 फीसदी चढ़ा हुआ था. दूसरी ओर, हांगकांग का हैंग सेंग करीब 0.5 फीसदी गिरकर 23,900 के आसपास कारोबार कर रहा था. चीन का शंघाई कंपोजिट 0.21 फीसदी की मामूली बढ़त के साथ 3,663 के स्तर पर था.
इन शेयरों पर रहेगी निवेशकों की नजर
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, शुक्रवार को मीशो, जी एंटरटेनमेंट, वोडाफोन आइडिया, ओला इलेक्ट्रिक और IRCTC समेत कई कंपनियों के शेयरों में हलचल देखने को मिल सकती है. सॉफ्टबैंक की निवेश इकाई मीशो में करीब 1 फीसदी हिस्सेदारी बेच सकती है. इस सौदे की कीमत लगभग 1,174 करोड़ रुपये हो सकती है. वहीं, जी एंटरटेनमेंट ने 600 करोड़ रुपये तक के शेयर बायबैक को मंजूरी दी है. इसके लिए 91 रुपये प्रति शेयर का भाव तय किया गया है.
वोडाफोन आइडिया का सितंबर तिमाही में घाटा बढ़कर 5,975 करोड़ रुपये पहुंच गया. दूसरी ओर, ओला इलेक्ट्रिक का घाटा घटकर 362 करोड़ रुपये रह गया, लेकिन कंपनी की आमदनी 39 फीसदी घटकर 421 करोड़ रुपये रही. रेलवे की कंपनी IRCTC का सितंबर तिमाही में मुनाफा 22.9 फीसदी घटकर करीब 264 करोड़ रुपये रह गया.
ऑयल इंडिया का कंसोलिडेटेड मुनाफा पिछली तिमाही के मुकाबले 36.4 फीसदी घटकर 2,309 करोड़ रुपये रहा. वहीं, मणप्पुरम फाइनेंस का मुनाफा पिछले साल के करीब 217 करोड़ रुपये से बढ़कर 701 करोड़ रुपये पहुंच गया. RVNL का मुनाफा 8.3 फीसदी बढ़कर करीब 249 करोड़ रुपये और EIH का मुनाफा करीब 20 फीसदी बढ़कर 136 करोड़ रुपये रहा. EIH ने हैदराबाद में नए होटल के लिए 777 करोड़ रुपये निवेश करने की योजना भी बनाई है.
TD पावर सिस्टम्स का सितंबर तिमाही में मुनाफा दोगुने से अधिक बढ़कर 123.75 करोड़ रुपये पहुंच गया. वहीं, NMDC स्टील घाटे से उबरकर मुनाफे में आ गई है. कंपनी ने सितंबर तिमाही में 61 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया. दूसरी ओर, दिलीप बिल्डकॉन का मुनाफा 52.7 फीसदी घटकर 101.3 करोड़ रुपये रह गया, जबकि हिताची एनर्जी इंडिया का मुनाफा 20.5 फीसदी बढ़कर 318.5 करोड़ रुपये पहुंच गया.
इसके अलावा वीवर्क इंडिया ने हैदराबाद में नई जगह पट्टे पर लेने का समझौता किया है. इस विस्तार पर करीब 144 करोड़ रुपये खर्च होंगे. NBCC इंडिया ने पश्चिम बंगाल सरकार के साथ विकास परियोजनाओं के लिए समझौता किया है. वहीं, GAIL ने आंध्र प्रदेश में गैस आधारित उर्वरक संयंत्र विकसित करने के लिए कृषक भारती कोऑपरेटिव के साथ समझौता किया है. महिंद्रा एंड महिंद्रा का अक्टूबर में वाहन उत्पादन 30.4 फीसदी और बिक्री 7.3 फीसदी बढ़ी है.
आज इन कंपनियों के आएंगे तिमाही नतीजे
शुक्रवार को ग्रासिम इंडस्ट्रीज, आयशर मोटर्स, टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स, ABB इंडिया, गोदरेज इंडस्ट्रीज, इनॉक्स विंड, नैटको फार्मा, जुबिलेंट फार्मोवा, सेनको गोल्ड, CMS इन्फो सिस्टम्स, एडलवाइस फाइनेंशियल सर्विसेज और TVS सप्लाई चेन सॉल्यूशंस समेत कई कंपनियां सितंबर तिमाही के वित्तीय नतीजे जारी करेंगी. इन कंपनियों के नतीजों और कारोबारी प्रदर्शन पर भी निवेशकों की नजर रहेगी.
(डिस्क्लेमर: शेयर बाजार में निवेश जोखिम के अधीन है. 'BW हिंदी' इसकी कोई जिम्मेदारी नहीं लेता. सोच-समझकर, अपने विवेक के आधार पर और किसी सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह के बाद ही निवेश करें, अन्यथा आपको नुकसान उठाना पड़ सकता है.)
टैग्स