होम / बिजनेस / अडानी ग्रुप का चिली में कॉपर पर बड़ा दांव, सरकारी कंपनी Codelco के साथ की रणनीतिक साझेदारी
अडानी ग्रुप का चिली में कॉपर पर बड़ा दांव, सरकारी कंपनी Codelco के साथ की रणनीतिक साझेदारी
दुनिया के सबसे बड़े तांबा भंडार वाले देश चिली में कॉपर एक्सप्लोरेशन के लिए मिलाया हाथ, AI, इलेक्ट्रिफिकेशन और रिन्यूएबल एनर्जी के बढ़ते इस्तेमाल से तेजी से बढ़ रही है तांबे की मांग
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 hours ago
गौतम अडानी के नेतृत्व वाला अडानी ग्रुप अपने कॉपर कारोबार का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विस्तार करने की तैयारी में है. ग्रुप की कंपनी कच्छ कॉपर लिमिटेड (Kutch Copper Ltd) ने दक्षिण अमेरिकी देश चिली की सरकारी कंपनी कोडेल्को (Codelco) के साथ रणनीतिक साझेदारी की है. इस समझौते के तहत दोनों कंपनियां उत्तरी चिली के काबुरकाला (Kaburkaala) कॉपर प्रोजेक्ट में मिलकर एक्सप्लोरेशन यानी तांबे के भंडार की खोज करेंगी. यह प्रोजेक्ट एंटोफगास्टा (Antofagasta) क्षेत्र में स्थित है, जो दुनिया के प्रमुख कॉपर उत्पादक क्षेत्रों में शामिल है.
चिली दुनिया के सबसे बड़े तांबा भंडार वाला देश है. ऐसे में इस साझेदारी को अडानी ग्रुप के लिए वैश्विक कॉपर कारोबार में अपनी मौजूदगी मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है. इस साझेदारी के तहत अडानी ग्रुप पूंजी, तकनीक और प्रोजेक्ट से जुड़ी विशेषज्ञता उपलब्ध कराएगा, जबकि Codelco अपने भूवैज्ञानिक और अंतरराष्ट्रीय एक्सप्लोरेशन अनुभव का इस्तेमाल करेगी.
कॉपर की ग्लोबल सप्लाई चेन में मजबूत पकड़ बनाने की तैयारी
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अडानी ग्रुप का लक्ष्य एक इंटीग्रेटेड और वैश्विक स्तर पर विविधीकृत कॉपर वैल्यू चेन तैयार करना है. इसके तहत कंपनी कॉपर की खोज से लेकर उसके प्रसंस्करण और अन्य कारोबारी गतिविधियों तक अपनी मौजूदगी बढ़ाना चाहती है. भारत में ग्रुप की कंपनी कच्छ कॉपर गुजरात के मुंद्रा में कॉपर स्मेल्टिंग कॉम्प्लेक्स का संचालन करती है.
AI और ग्रीन एनर्जी से बढ़ रही कॉपर की मांग
दुनियाभर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), इलेक्ट्रिफिकेशन, रिन्यूएबल एनर्जी और इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार के साथ तांबे की मांग तेजी से बढ़ रही है. इलेक्ट्रिक वाहनों, बिजली ट्रांसमिशन नेटवर्क, डेटा सेंटर और एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग में कॉपर एक अहम कच्चा माल है.
अनुमान के मुताबिक, 2026 में दुनिया में कॉपर की सालाना मांग करीब 3.4 करोड़ टन रह सकती है, जो 2050 तक बढ़कर 5 करोड़ टन से अधिक होने की संभावना है. बढ़ती मांग को देखते हुए दुनिया की बड़ी कंपनियां कॉपर के नए स्रोतों और खनन परियोजनाओं में निवेश बढ़ा रही हैं.
भारत में भी तेजी से बढ़ेगी तांबे की खपत
भारत में भी कॉपर की मांग में आने वाले वर्षों में बड़ी बढ़ोतरी का अनुमान है. पिछले वित्त वर्ष में देश का कॉपर उत्पादन करीब 7 लाख टन रहा, जबकि घरेलू खपत लगभग 17 लाख टन थी. भारत में मुख्य रूप से मध्य प्रदेश, राजस्थान और झारखंड में तांबे का उत्पादन होता है.
घरेलू उत्पादन और खपत के बीच अंतर को पूरा करने के लिए भारत को कच्चे और रिफाइंड कॉपर का आयात करना पड़ता है. अनुमान है कि 2030 तक देश में कॉपर की मांग बढ़कर 32.4 लाख टन और 2047 तक 98 लाख टन से अधिक हो सकती है. ऐसे में अडानी ग्रुप की चिली में यह साझेदारी भविष्य में कॉपर की बढ़ती वैश्विक और घरेलू मांग को देखते हुए महत्वपूर्ण है.
टैग्स