होम / बिजनेस / मदर डेयरी के बाद अमूल ने भी बढ़ाए दूध के दाम, 4 रुपये प्रति लीटर तक महंगा हुआ दूध
मदर डेयरी के बाद अमूल ने भी बढ़ाए दूध के दाम, 4 रुपये प्रति लीटर तक महंगा हुआ दूध
12 नवंबर से लागू होंगी नई कीमतें, पशु आहार, चारा, पैकेजिंग और ईंधन की बढ़ती लागत को बताया वजह
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 4 hours ago
मदर डेयरी के बाद अब अमूल ने भी दूध की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है. गुजरात कोऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन (GCMMF) ने अमूल के प्रमुख फ्रेश पाउच मिल्क वेरिएंट के दाम 2 से 4 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ाने का फैसला किया है. नई कीमतें 12 नवंबर 2026 से लागू होंगी. कंपनी के मुताबिक, दूध उत्पादन और प्रोसेसिंग की लागत में लगातार बढ़ोतरी के चलते यह फैसला लिया गया है.
अमूल के मुताबिक, उसके प्रमुख फ्रेश मिल्क वेरिएंट की कीमतों में करीब 4-5 फीसदी की बढ़ोतरी की गई है. अमूल ताजा टोंड मिल्क (3 फीसदी फैट) की कीमत 2 रुपये प्रति लीटर बढ़ाई गई है, जो करीब 3.3 फीसदी की वृद्धि है. वहीं, अमूल गोल्ड (6 फीसदी फैट) के दाम 4 रुपये प्रति लीटर बढ़ाए गए हैं. इसमें करीब 5.5 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है.
चारा और पशु आहार की बढ़ती लागत का असर
GCMMF के मुताबिक, पिछले एक साल में दूध उत्पादन और प्रोसेसिंग से जुड़ी लागत में काफी इजाफा हुआ है. हरे और सूखे चारे के अलावा पशु आहार में इस्तेमाल होने वाली खली, मक्का और शीरे की कीमतें बढ़ी हैं. इसके साथ ही दूध की पैकेजिंग में इस्तेमाल होने वाली फिल्म और ईंधन की लागत भी बढ़ी है.
फेडरेशन ने कहा कि इनपुट लागत में तेज बढ़ोतरी के कारण दूध की कीमतों में संशोधन करना जरूरी हो गया था. पिछले एक साल में अमूल की सदस्य यूनियनों ने किसानों को दिए जाने वाले दूध खरीद मूल्य में भी 4-5 फीसदी की बढ़ोतरी की है.
दूध उत्पादकों को बेहतर कीमत देने का लक्ष्य
अमूल ने दूध की कीमतों में बढ़ोतरी को सीधे किसानों की आय से जोड़ा है. फेडरेशन के अनुसार, गुजरात और देश के कई अन्य हिस्सों में कम और अनियमित बारिश के कारण डेयरी किसानों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है. ऐसे में दूध उत्पादकों को बेहतर कीमत देना जरूरी है.
GCMMF ने बताया कि उसके कोऑपरेटिव मॉडल के तहत उपभोक्ताओं से मिलने वाले राजस्व का करीब 80 फीसदी हिस्सा 36 लाख दूध उत्पादकों को वापस किया जाता है. फेडरेशन के मुताबिक, बिक्री कीमतों में हुई बढ़ोतरी का बड़ा हिस्सा किसानों तक पहुंचेगा. इससे उन्हें दूध उत्पादन बनाए रखने और बढ़ाने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा.
टैग्स