होम / बिजनेस / भारत में कोयले की मांग 4.2% बढ़कर 1,350 मिलियन टन पहुंचने का अनुमान, वैश्विक वृद्धि से रहेगी आगे: विश्व बैंक
भारत में कोयले की मांग 4.2% बढ़कर 1,350 मिलियन टन पहुंचने का अनुमान, वैश्विक वृद्धि से रहेगी आगे: विश्व बैंक
साल 2026 में देश की कोयला खपत में 54 मिलियन टन की बढ़ोतरी होने की उम्मीद है, जबकि घरेलू उत्पादन 13 मिलियन टन बढ़कर रिकॉर्ड 1,090 मिलियन टन पर पहुंच सकता है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 hours ago
भारत में कोयले की मांग में इस साल तेज बढ़ोतरी होने की संभावना है. वर्ल्ड बैंक (World Bank) की अक्टूबर 2026 की कमोडिटी मार्केट्स आउटलुक रिपोर्ट के मुताबिक, कैलेंडर वर्ष 2026 में भारत की कोयला खपत 4.2 फीसदी यानी 54 मिलियन टन बढ़कर 1,350 मिलियन टन तक पहुंच सकती है. यह वैश्विक कोयला खपत में अनुमानित वृद्धि से अधिक होगी. वहीं, देश का कोयला उत्पादन 1.2 फीसदी यानी 13 मिलियन टन बढ़कर रिकॉर्ड 1,090 मिलियन टन रहने का अनुमान है.
रिपोर्ट के अनुसार, देश में बिजली की मजबूत मांग, औद्योगिक और सेवा क्षेत्र की गतिविधियों में तेजी तथा हीटवेव के कारण जलविद्युत उत्पादन में कमी कोयले की खपत बढ़ने की प्रमुख वजहें होंगी. जलविद्युत उत्पादन कमजोर रहने से बिजली की जरूरत पूरी करने के लिए कोयला आधारित बिजली उत्पादन पर निर्भरता बढ़ सकती है.
भारत में उत्पादन में होने वाली बढ़ोतरी चीन, इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और अमेरिका जैसे प्रमुख कोयला उत्पादक देशों में उत्पादन में संभावित गिरावट की आंशिक भरपाई करने में भी मदद करेगी.
वैश्विक कोयला खपत में भारत की बड़ी हिस्सेदारी
वर्ल्ड बैंक के मुताबिक, वर्ष 2026 में वैश्विक कोयला खपत 1.2 फीसदी यानी 103 मिलियन टन बढ़ने का अनुमान है. इस बढ़ोतरी में भारत और चीन की बड़ी भूमिका रहेगी. भारत में कोयले की मांग 4.2 फीसदी बढ़कर 1,350 मिलियन टन तक पहुंच सकती है, जबकि चीन में खपत 1 फीसदी यानी 46 मिलियन टन बढ़कर करीब 5,000 मिलियन टन रहने का अनुमान है.
भारत में उत्पादन रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने की उम्मीद
रिपोर्ट के अनुसार, भारत का कोयला उत्पादन 2026 में बढ़कर 1,090 मिलियन टन के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच सकता है. इसके विपरीत, वैश्विक कोयला उत्पादन में 0.7 फीसदी यानी 66 मिलियन टन की गिरावट आने का अनुमान है.
चीन में कोयला उत्पादन 1.9 फीसदी यानी 91 मिलियन टन घट सकता है. वहीं, इंडोनेशिया में उत्पादन 1.5 फीसदी यानी 12 मिलियन टन और अमेरिका में करीब 3 फीसदी यानी 15 मिलियन टन कम रहने का अनुमान है. मौसम संबंधी कारणों से ऑस्ट्रेलिया के निर्यात में संभावित बाधाएं भी वैश्विक आपूर्ति को प्रभावित कर सकती हैं.
वर्ल्ड बैंक का अनुमान है कि 2027 में भी भारत और दक्षिण-पूर्व एशियाई देश वैश्विक कोयला मांग बढ़ाने में प्रमुख भूमिका निभाएंगे. इन देशों में बिजली की खपत और औद्योगिक गतिविधियों में बढ़ोतरी से कोयले की मांग को समर्थन मिलेगा.
हालांकि, 2027 में वैश्विक कोयला खपत 0.4 फीसदी घटकर करीब 8,900 मिलियन टन रहने का अनुमान है. इसकी प्रमुख वजह यूरोप में मांग में संभावित कमी होगी. दूसरी ओर, चीन और भारत में उत्पादन बढ़ने से वैश्विक कोयला उत्पादन करीब 26 मिलियन टन यानी 0.3 फीसदी बढ़ सकता है. रिपोर्ट के मुताबिक, 2027 में भारत का कोयला आयात लगभग स्थिर रहने की संभावना है.
कोयले की कीमतों पर मौसम का असर
वर्ल्ड बैंक ने अनुमान लगाया है कि 2026 में ऑस्ट्रेलियाई थर्मल कोयले की औसत कीमत 135 डॉलर प्रति मीट्रिक टन रह सकती है. यह 2025 के स्तर से करीब 25 फीसदी अधिक होगी. हालांकि, इसके बाद अगले दो वर्षों में कीमतों में सालाना 4 फीसदी की गिरावट आने का अनुमान है. इसकी वजह लिक्विफाइड नेचुरल गैस (LNG) की आपूर्ति में सुधार और नवीकरणीय ऊर्जा उत्पादन में बढ़ोतरी होगी.
रिपोर्ट में अत्यधिक मौसम को कोयले की कीमतों के लिए एक प्रमुख जोखिम बताया गया है. लंबे समय तक चलने वाली हीटवेव से भारत और एशिया के अन्य देशों में कूलिंग यानी ठंडक की जरूरत बढ़ सकती है. वहीं, सूखे या हवा की गति कम रहने से जलविद्युत और पवन ऊर्जा उत्पादन प्रभावित हो सकता है. ऐसी स्थिति में बिजली उत्पादन के लिए कोयले पर निर्भरता बढ़ने से इसकी कीमतों में तेजी आ सकती है.
टैग्स