होम / बिजनेस / आज इन खबर वाले शेयरों पर रखें नजर, मिल सकता है प्रॉफिट कमाने का मौका
आज इन खबर वाले शेयरों पर रखें नजर, मिल सकता है प्रॉफिट कमाने का मौका
शेयर बाजार सोमवार को तेजी के साथ बंद हुआ. हालांकि, एक्सपर्ट्स को लगता है कि उतार-चढ़ाव का दौर आगे भी देखने को मिल सकता है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
शेयर बाजार के लिए सोमवार शुभ साबित हुआ. मजबूत अंतर्राष्ट्रीय रुझानों के चलते बाजार गिरावट भूलकर तेजी से दौड़ता नजर आया. इस दौरान, सेंसेक्स 846 अंक चढ़कर 60,747 और निफ्टी 241 अंक की तेजी के साथ 18,101 पर बंद हुआ. दरअसल, अमेरिकी केंद्रीय बैंक के ब्याज दरों में इजाफे की संभावना अब कम नजर आ रही है. इसी वजह से विदेशी निवेशक भारतीय बाजार से पैसा निकालने की जल्दबाजी में नहीं हैं. हालांकि, एक्सपर्ट्स का मानना है कि अभी उतार-चढ़ाव का दौर आगे भी देखने को मिल सकता है.
बढ़त के साथ हुए बंद
आज TCS के शेयरों पर नजर जमाए रखें. आईटी सेक्टर की प्रमुख कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) ने अपने तीसरी तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं. इस दौरान कंपनी का शुद्ध लाभ 11 फीसदी बढ़कर 10,846 करोड़ रुपए रहा है. इसका असर कंपनी के शेयरों पर भी देखने को मिल सकता है. सोमवार को ये शेयर 3 प्रतिशत से ज्यादा की वृद्धि के साथ 3,309 रुपए पर बंद हुआ था. इसी तरह, IRB Infrastructure Developers के शेयर भी कल तेजी के साथ बंद हुए थे. कंपनी की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है.
Tata Motors से खबर
Tata Motors के लिए भी अच्छी खबर आई है. कंपनी की Jaguar Land Rover की बिक्री में सालाना आधार पर 15 प्रतिशत की वृद्धि हुई है. इसी तरह, Star Health and Allied Insurance ने भी कंपनी ने FY23 के नौ महीनों के लिए ग्रॉस डायरेक्ट प्रीमियम में 13 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की है. यह 7,774 करोड़ रुपए से बढ़कर 8,752 करोड़ रुपए हो गया है. टाटा मोटर्स के शेयर की बात करें, तो कल यह बढ़त के साथ 388.95 रुपए पर पहुंच गया था. इसका 52-वीक का हाई लेवल 528.50 रुपए है. वहीं, स्टार हेल्थ इस समय 587.80 रुपए के भाव पर उपलब्ध है. इस शेयर ने बीते 6 महीनों में 6.40% रिटर्न दिया है. वहीं, मोमेंटम इंडिकेटर मूविंग एवरेज कन्वर्जेंस डायवर्जेंस (MACD) के हिसाब से आज (मंगलवार) के कारोबार में बैंक ऑफ इंडिया, BHEL, l&t फाइनेंस होल्डिंग और रिलायंस के शेयरों में तेजी दर्ज की जा सकती है.
लग रहा अपर सर्किट
इनके अलावा, Union Bank of India, Droneacharya Aerial Innovations Ltd और IDBI बैंक के शेयरों पर भी आज नजर रखें. यूनियन बैंक सोमवार को मामूली बढ़त के साथ बंद हुआ था. हालांकि, पिछले छह महीनों में इस सरकारी बैंक ने 122.30% का रिटर्न दिया है. 81.25 रुपए पर ट्रेड कर रहा ये शेयर अपने 52-वीक के हाई लेवल 96.40 रुपए की तरफ बढ़ रहा है. द्रोणाचार्य एरियल इनोवेशन्स लिमिटेड में पिछले कुछ दिनों से अपर सर्किट लग रहा है. पिछले 5 दिनों में यह 33.34% का रिटर्न अपने निवेशकों को दे चुका है. 200.75 के भाव पर मिल रहा ये शेयर अपने 52-वीक के हाई पर पहुंच गया है. उधर, खबर है कि सरकारी क्षेत्र के IDBI बैंक का विनिवेश अगले वित्त वर्ष (FY 2023-24) में पूरा हो जाएगा. यानी यह बैंक सरकार से निजी हाथों में चला जाएगा.
टैग्स