होम / बिजनेस / सेंसेक्स 76,153 के नीचे, निफ्टी भी कमजोर; 23 शेयरों में गिरावट, आज इन स्टॉक्स पर फोकस
सेंसेक्स 76,153 के नीचे, निफ्टी भी कमजोर; 23 शेयरों में गिरावट, आज इन स्टॉक्स पर फोकस
गुरुवार को सेंसेक्स 417.49 अंक यानी 0.55 फीसदी टूटकर 76,152.86 पर बंद हुआ. वहीं, निफ्टी 41 अंक यानी 0.17 फीसदी की गिरावट के साथ 23,873.45 के स्तर पर रहा.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 1 hour ago
पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी की चिंता के बीच भारतीय शेयर बाजार में गुरुवार को लगातार दूसरे कारोबारी सत्र गिरावट रही. शुरुआती कारोबार में मजबूती के बावजूद बिकवाली हावी होने से सेंसेक्स 417.49 अंक यानी 0.55 फीसदी टूटकर 76,152.86 पर बंद हुआ. वहीं, निफ्टी 41 अंक यानी 0.17 फीसदी की गिरावट के साथ 23,873.45 के स्तर पर रहा. सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 23 गिरावट के साथ बंद हुए, जबकि केवल 7 शेयरों में तेजी रही. टाइटन सबसे ज्यादा 2.17 फीसदी टूटा, जबकि एक्सिस बैंक 0.89 फीसदी की बढ़त के साथ सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाले शेयरों में रहा.
शुरुआत में बाजार में दिखी थी तेजी
गुरुवार को घरेलू शेयर बाजार की शुरुआत बढ़त के साथ हुई थी. सेंसेक्स करीब 278 अंक यानी 0.36 फीसदी की तेजी के साथ 76,848.98 के स्तर पर खुला था. वहीं, निफ्टी भी शुरुआती कारोबार में 23,978.85 के स्तर तक पहुंचा. हालांकि, कारोबार आगे बढ़ने के साथ बिकवाली का दबाव बढ़ा और बाजार अपनी शुरुआती बढ़त गंवाकर लाल निशान में बंद हुआ.
टाइटन समेत इन शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट
सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 23 में गिरावट रही. टाइटन 2.17 फीसदी टूटकर 4,960 रुपये के स्तर पर बंद हुआ. इसके अलावा ट्रेंट में 1.93 फीसदी, आईटीसी में 1.63 फीसदी, महिंद्रा एंड महिंद्रा में 1.62 फीसदी, बजाज फिनसर्व में 1.61 फीसदी, एचसीएल टेक में 1.55 फीसदी, टेक महिंद्रा में 1.54 फीसदी, सन फार्मा में 1.50 फीसदी, टीसीएस में 1.41 फीसदी, बजाज फाइनेंस में 1.13 फीसदी, इंडिगो में 1.04 फीसदी, इन्फोसिस में 0.98 फीसदी, रिलायंस इंडस्ट्रीज में 0.92 फीसदी और इटरनल में 0.05 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई.
एक्सिस बैंक समेत 7 शेयरों में तेजी
इसके उलट सेंसेक्स के 7 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए. एक्सिस बैंक 0.89 फीसदी की तेजी के साथ 1,266.15 रुपये पर पहुंचा. अडानी पोर्ट्स में 0.82 फीसदी, एशियन पेंट्स में 0.53 फीसदी, एचडीएफसी बैंक में 0.44 फीसदी, भारती एयरटेल में 0.23 फीसदी, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड में 0.04 फीसदी और टाटा स्टील में 0.03 फीसदी की बढ़त रही.
अमेरिका-ईरान तनाव ने बढ़ाई बाजार की चिंता
बाजार में दबाव की प्रमुख वजह पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ता तनाव रहा. क्षेत्र में सैन्य संघर्ष बढ़ने से स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के जरिए कच्चे तेल और गैस की आपूर्ति को लेकर चिंता बढ़ी है. इससे अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई है. भारत अपनी तेल जरूरतों का बड़ा हिस्सा आयात करता है, ऐसे में महंगे कच्चे तेल से महंगाई और चालू खाते पर दबाव बढ़ने की आशंका निवेशकों के लिए चिंता का कारण बनी हुई है.
विदेशी और घरेलू निवेशकों की खरीदारी से मिला सहारा
हालांकि, बाजार में घरेलू और विदेशी संस्थागत निवेशकों की खरीदारी से कुछ सहारा मिला. बुधवार को घरेलू संस्थागत निवेशकों ने करीब ₹2,813 करोड़ की खरीदारी की थी, जबकि विदेशी संस्थागत निवेशकों ने भारतीय शेयर बाजार में करीब ₹6,688 करोड़ की शुद्ध खरीदारी की. इसी खरीदारी के चलते गुरुवार को बाजार की शुरुआत मजबूत रही, लेकिन बाद में बिकवाली के दबाव के सामने यह बढ़त टिक नहीं सकी.
इन शेयरों पर रखें नजर
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, आज शेयर बाजार में पावर ग्रिड, आरवीएनएल, सिप्ला समेत 10 शेयर खबरों और बड़े कारोबारी अपडेट के चलते फोकस में रहेंगे. पावर ग्रिड कॉरपोरेशन को गुजरात में अक्षय ऊर्जा परियोजनाओं से जुड़ा बड़ा ट्रांसमिशन प्रोजेक्ट मिला है, जिसका सालाना ट्रांसमिशन शुल्क ₹1,152.49 करोड़ है. सिप्ला की इकाई इनवाजेन फार्मास्युटिकल्स ने चीन की किलू फार्मास्युटिकल के साथ कैंसर की दवा कीट्रूडा के बायोसिमिलर क्यूएल2107 को लेकर साझेदारी की है. अल्ट्राटेक सीमेंट के तहत आदित्य बिड़ला समूह वायर और केबल कारोबार में उतर रहा है और इसके लिए करीब ₹1,800 करोड़ का निवेश किया जाएगा. स्टरलाइट टेक्नोलॉजीज के निदेशक मंडल ने उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए करीब ₹3,000 करोड़ के निवेश को मंजूरी दी है, जिससे क्षमता करीब 50 फीसदी बढ़ने की उम्मीद है. भारत फोर्ज की इकाई कल्याणी स्ट्रैटेजिक सिस्टम्स ने बेल्जियम की एफएन हर्स्टल के साथ भारत में उत्पादन केंद्र स्थापित करने और छोटे हथियारों व ड्रोन रोधी प्रणालियों समेत रक्षा उपकरणों पर काम करने के लिए समझौता किया है. इंडियन एनर्जी एक्सचेंज पर अगस्त में बिजली कारोबार सालाना आधार पर 20.2 फीसदी बढ़कर 13.94 अरब यूनिट पहुंच गया, जबकि रियल टाइम बाजार में कारोबार 10.6 फीसदी बढ़ा. ग्लैंड फार्मा में प्रवर्तक फोसुन फार्मा इंडस्ट्रियल करीब 5 फीसदी हिस्सेदारी लगभग ₹2,279.5 करोड़ में बेच सकती है. आरबीएल बैंक को करीब ₹164.14 करोड़ का जीएसटी कारण बताओ नोटिस मिला है, जो मुख्य रूप से अलग-अलग रिटर्न के आंकड़ों में अंतर से जुड़ा है. मैक्स हेल्थकेयर अपनी इकाई कलिंगा हॉस्पिटल में ₹87.87 करोड़ का निवेश करेगी. वहीं, रामको सिस्टम्स ने सफ्रान हेलीकॉप्टर इंजन्स के साथ समझौता किया है.
(डिस्क्लेमर: शेयर बाजार में निवेश जोखिम के अधीन है. 'BW हिंदी' इसकी कोई जिम्मेदारी नहीं लेता. सोच-समझकर, अपने विवेक के आधार पर और किसी सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह के बाद ही निवेश करें, अन्यथा आपको नुकसान उठाना पड़ सकता है.)
टैग्स