होम / बिजनेस / SEBI की बड़ी कार्रवाई, इनके Bank और Demat खाते कुर्क करने का दिया आदेश
SEBI की बड़ी कार्रवाई, इनके Bank और Demat खाते कुर्क करने का दिया आदेश
रेलिगेयर फिनवेस्ट लिमिटेड से जुड़े एक मामले में बाजार नियामक सेबी ने कुछ बैंक और डीमैट खातों को कुर्क करने का आदेश दिया है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
मार्केट रेगुलेटर सेबी (SEBI) ने रेलिगेयर फिनवेस्ट लिमिटेड (Religare Finvest Limited-RFL) से जुड़े एक मामले में बड़ी कार्रवाई की है. सेबी ने कुछ बैंक और डीमैट खातों को कुर्क करने का आदेश दिया है. यह मामला रेलिगेयर फिनवेस्ट का पैसा दूसरी जगह भेजने से जुड़ा है. सेबी ने अपने आदेश में कहा है कि 32.10 करोड़ रुपए की वसूली के लिए शिविंदर मोहन सिंह और चार इकाइयों के बैंक और डीमैट खातों को कुर्क किए जाएं.
इनसे होनी है वसूली
मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया है कि भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (SEBI) ने RFL के फंड को दूसरी जगह भेजने के मामले में शिविंदर मोहन सिंह, मालव होल्डिंग्स, आरएचसी होल्डिंग्स, एएनआर सिक्योरिटीज और रेलिगेयर कॉर्पोरेट सर्विसेज (अब फिनसर्व शेयर्ड सर्विसेज) से 32.10 करोड़ रुपए की वसूली के लिए कुर्की का यह आदेश दिया है. सेबी ने अपने इस आदेश में कहा है कि वसूली जाने वाली राशि में ब्याज, लागत, शुल्क और व्यय शामिल हैं.
बैंकों को दिया आदेश
सेबी ने अपने आदेश में सभी बैंकों, डिपॉजिटरी और म्यूचुअल फंड से शिविंदर, मालव होल्डिंग्स, आरएचसी होल्डिंग और एएनआर सिक्योरिटीज के खातों से किसी भी प्रकार की निकासी नहीं होने देने को कहा है. हालांकि, रुपए जमा करने पर कोई रोक नहीं है. यानी सेबी के नोटिस में शामिल सभी नाम अपने खातों में पैसा जमा करा सकेंगे, लेकिन उसे निकाल नहीं पाएंगे. साथ ही सेबी ने डिफाल्टर्स के सभी बैंक खातों और लॉकरों को कुर्क करने का निर्देश भी बैंकों को दिया है.
पहले ही चेताया था
इस महीने की शुरुआत में सेबी ने रेलिगेयर फिनवेस्ट के एक मामले में रेलिगेयर एंटरप्राइजेज के पूर्व प्रमोटर मलविंदर मोहन सिंह और शिविंदर मोहन सिंह सहित विभिन्न इकाइयों को नोटिस जारी कर उनसे 15 दिन के अंदर 48.15 करोड़ रुपए अदा करने को कहा था. साथ ही सेबी की तरफ से यह भी कहा गया था कि समय पर भुगतान नहीं करने की स्थिति में उनकी संपत्ति और बैंक खाते जब्त कर लिए जाएंगे. बता दें कि रेलिगेयर फिनवेस्ट लिमिटेड (RFL) रेलिगेयर एंटरप्राइजेज लिमिटेड (REL) की एक subsidiary है.
टैग्स