होम / बिजनेस / आइसक्रीम बाजार में रिलायंस की एंट्री, ₹10 से शुरू होगी रेंज; बड़े ब्रांड्स को देगी टक्कर
आइसक्रीम बाजार में रिलायंस की एंट्री, ₹10 से शुरू होगी रेंज; बड़े ब्रांड्स को देगी टक्कर
FMCG बाजार में तेजी से विस्तार कर रही रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स ने आइसक्रीम सेगमेंट में कदम रखा है. कंपनी ने Bombay Creamery ब्रांड लॉन्च किया है, जिसकी आइसक्रीम असली डेयरी सामग्री से तैयार करने का दावा किया गया है. इसकी शुरुआती कीमत सिर्फ 10 रुपये रखी गई है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 18 minutes ago
एफएमसीजी (FMCG) सेक्टर में अपनी मौजूदगी लगातार बढ़ा रही रिलायंस अब आइसक्रीम बाजार में भी उतर गई है. रिलायंस इंडस्ट्रीज की कंज्यूमर प्रोडक्ट्स कंपनी रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड (RCPL) ने Bombay Creamery नाम से अपना आइसक्रीम ब्रांड लॉन्च किया है. कंपनी का लक्ष्य प्रीमियम क्वालिटी और किफायती कीमत के बीच संतुलन बनाकर आइसक्रीम को बड़े ग्राहक वर्ग तक पहुंचाना है.
₹10 से शुरू होंगे प्रोडक्ट्स
Bombay Creamery की आइसक्रीम रेंज में कोन, कप, टब, बार और स्टिक जैसे कई विकल्प शामिल होंगे. कंपनी ने इसकी शुरुआती कीमत 10 रुपये रखी है. RCPL का कहना है कि ब्रांड की आइसक्रीम में असली डेयरी सामग्री का इस्तेमाल किया जाएगा. कंपनी के मुताबिक, उसका फोकस ऐसे प्रोडक्ट तैयार करने पर है, जिनमें क्वालिटी से समझौता न हो और कीमत आम ग्राहकों की पहुंच में रहे.
पहले पश्चिमी भारत में होगी उपलब्ध
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, Bombay Creamery को शुरुआत में पश्चिमी भारत के बाजारों में उतारा जाएगा. इसके बाद कंपनी चरणबद्ध तरीके से देश के दूसरे हिस्सों में इसका विस्तार करेगी. रिलायंस अपने मौजूदा डिस्ट्रीब्यूशन और रिटेल नेटवर्क का इस्तेमाल इस नए ब्रांड को तेजी से बाजार तक पहुंचाने के लिए करेगी. RCPL के डायरेक्टर टी. कृष्णकुमार के मुताबिक, कंपनी के लिए डेयरी क्वालिटी से समझौता किए बिना आइसक्रीम को ज्यादा से ज्यादा उपभोक्ताओं तक पहुंचाना महत्वपूर्ण है. उन्होंने कहा कि Bombay Creamery के जरिए कंपनी सिर्फ बाजार में प्रवेश नहीं कर रही, बल्कि इस सेगमेंट में लंबे समय के लिए अपनी मौजूदगी बनाने की तैयारी कर रही है.
2023 से चल रही थी रिलायंस की एंट्री की चर्चा
रिलायंस की आइसक्रीम बाजार में एंट्री की चर्चा पिछले कुछ वर्षों से चल रही थी. 2023 में भी खबरें सामने आई थीं कि कंपनी इस सेगमेंट में उतरने की तैयारी कर रही है. अब Bombay Creamery के लॉन्च के साथ यह योजना जमीन पर उतर गई है.
रिलायंस पहले ही FMCG और पेय पदार्थों के बाजार में अपने पोर्टफोलियो का विस्तार कर चुकी है. Campa ब्रांड के जरिए कंपनी ने सॉफ्ट ड्रिंक बाजार में अपनी मौजूदगी बढ़ाई है. अब आइसक्रीम सेगमेंट में Bombay Creamery के जरिए रिलायंस का मुकाबला इस बाजार के स्थापित ब्रांड्स से होगा. कंपनी का बड़ा डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क और 10 रुपये से शुरू होने वाली कीमत इसे मास मार्केट में तेजी से पहुंच बनाने में मदद कर सकती है.
टैग्स