होम / बिजनेस / इस प्राइवेट बैंक का प्रॉफिट 80 फीसदी से ज्यादा गिरा, क्या शेयर लगाएंगे गोता?
इस प्राइवेट बैंक का प्रॉफिट 80 फीसदी से ज्यादा गिरा, क्या शेयर लगाएंगे गोता?
शेयर बाजार में यस बैंक के शेयरों का अब क्या रुख रहेगा, ये देखने वाली बात होगी. क्योंकि बैंक के तिमाही नतीजे ज्यादा अच्छे नहीं रहे हैं.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
प्राइवेट सेक्टर के यस बैंक (Yes Bank) ने अपने दिसंबर तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं. वित्त वर्ष 2023 की तीसरी तिमाही में बैंक का प्रॉफिट 80.66 फीसदी की गिरावट के साथ 51.52 करोड़ रुपए रहा है. जबकि पिछले साल की समान तिमाही में बैंक को 266.43 करोड़ रुपए का मुनाफा हुआ था. बैंक का कहना है कि एजिंग से जुड़े प्रावधानों के चलते तीसरी तिमाही में उसका मुनाफा प्रभावित हुआ है.
बैंक का डिपॉजिट बढ़ा
दिसंबर तिमाही में बैंक की नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) 11.7 फीसदी बढ़कर 1,970.6 करोड़ रुपए रही, जो एक साल पहले 1,764 करोड़ रुपए थी. पिछली तिमाही की तुलना में इसमें ज्यादा अंतर देखने को नहीं मिला है. सितंबर तिमाही में कंपनी की ब्याज से कमाई 1,991 करोड़ रुपए थी. वहीं, सालाना आधार पर बैंक का डिपॉजिट 15.9% बढ़कर 213,608 करोड़ पहुंच गया है. यह आंकड़ा पिछली तिमाही के मुकाबले 6.8 प्रतिशत ज्यादा है.
मार्केट में ऐसा है हाल
वहीं, स्टॉक मार्केट में बैंक की परफॉरमेंस की बात करें, तो शुक्रवार को इसका शेयर गिरावट के साथ 19.75 रुपए पर बंद हुआ था. पिछले 5 दिनों में इसमें 3.19% की गिरावट आई है. हालांकि, एक महीने में इसने अपने निवेशकों को 4.22% का रिटर्न भी दिया है. बीच में ऐसी खबरें आई थीं कि Yes Bank के शेयर धीरे -धीरे ही सही, लेकिन ऊपर जा सकते हैं. अब जब बैंक के तिमाही नतीजे कुछ खास नहीं हैं, तो क्या उसके शेयर फिर बड़ा गोता लगाएंगे? ये देखने वाली बात होगी. वैसे, इसका अंदाजा सोमवार को मार्केट खुलने के साथ ही हो जाएगा.
इसका प्रॉफिट बढ़ा
इस बीच, Kotak Mahindra Bank ने भी दिंसबर तिमाही के नतीजे घोषित कर दिए हैं. बैंक का स्टैंडअलोन नेट प्रॉफिट 2,791.88 करोड़ रुपए रहा, जो पिछले साल की तुलना में 30.99 फीसदी अधिक है. ग्रॉस NPA कम होने से बैंक की एसेट क्वालिटी में सुधार आया है. बैंक का शेयर शुक्रवार को गिरावट के साथ 1,761.35 रुपए पर बंद हुआ था. पिछले एक महीने में इसमें 3.54% की नरमी आई है. इसका 52-वीक का हाई लेवल 1,997.55 रुपए है.
टैग्स