होम / बिजनेस / मुकेश अंबानी का मास्टरस्ट्रोक, भारत-इंग्लैंड सीरीज के प्रसारण के लिए JioStar और Sony ने मिलाया हाथ
मुकेश अंबानी का मास्टरस्ट्रोक, भारत-इंग्लैंड सीरीज के प्रसारण के लिए JioStar और Sony ने मिलाया हाथ
JioStar और Sony की इस संयुक्त पहल से दर्शकों को डिजिटल और टीवी दोनों प्लेटफॉर्म पर बेहतरीन अनुभव मिलने की उम्मीद है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 1 year ago
भारत के 2025 और 2026 के इंग्लैंड दौरे से पहले एशिया के सबसे अमीर उद्योगपति मुकेश अंबानी ने एक बड़ी और ऐतिहासिक मीडिया डील को अंजाम दिया है. उनकी कंपनी JioStar ने Sony Pictures Networks India (SPNI) के साथ मिलकर डिजिटल और टेलीविजन प्लेटफॉर्म पर इस बहुप्रतीक्षित सीरीज को प्रसारित करने के लिए साझेदारी की है. इस करार के अनुसार, JioStar के माध्यम से सभी मैच JioHotstar पर विशेष रूप से स्ट्रीम किए जाएंगे, जबकि Sony Sports Network पर इन्हें टेलीविजन पर दिखाया जाएगा.
पहली बार हुआ ऐसा करार
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार JioStar के CEO (स्पोर्ट्स और लाइव एक्सपीरियंस) संजोग गुप्ता ने इस डील को भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों के लिए एक अहम कदम बताया. उन्होंने कहा कि यह साझेदारी हर क्रिकेट प्रेमी तक एकसमान पहुंच सुनिश्चित करेगी. वहीं, Sony Pictures Networks India के MD और CEO गौरव बनर्जी ने इसे “अपनी तरह का पहला कदम” करार दिया और कहा कि यह डील क्रिकेट प्रसारण को एक नया आयाम देगी.
8 साल की डील से मिला विशेष अधिकार
Sony ने 2023 में इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) के साथ एक आठ साल की डील साइन की थी, जिसके तहत उन्हें भारत रीजन के लिए विशेष प्रसारण अधिकार मिले थे. गौरव बनर्जी ने इस मौके पर कहा, “हम इस ऐतिहासिक साझेदारी को लेकर उत्साहित हैं. यह डील JioStar की डिजिटल ताकत और Sony के टेलीविजन नेटवर्क के समन्वय से क्रिकेट कवरेज को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी.”
भारत-इंग्लैंड सीरीज का शेड्यूल
भारत का इंग्लैंड दौरा 20 जून, 2025 से शुरू हो रहा है. पहला टेस्ट मैच लीड्स के हेडिंग्ले मैदान पर खेला जाएगा. पांच टेस्ट मैचों की यह सीरीज क्रमशः बर्मिंघम (2 जुलाई), लॉर्ड्स (10 जुलाई), मैनचेस्टर (23 जुलाई) और द ओवल (31 जुलाई) में खेले जाएंगे. इसके अलावा, इस साझेदारी के तहत 2026 के व्हाइट-बॉल टूर – जिसमें तीन वनडे और पांच टी20 मैच शामिल हैं – को भी शामिल किया गया है.
टैग्स