होम / बिजनेस / Adani Group में निवेश पर LIC ने दी सफाई, शेयरों पर नजर आया असर
Adani Group में निवेश पर LIC ने दी सफाई, शेयरों पर नजर आया असर
हिंडनबर्ग की रिपोर्ट के बाद अडानी समूह में LIC के निवेश पर सवाल उठ रहे हैं. अब LIC ने बयान जारी कर सफाई पेश की है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
अमेरिकी रिसर्च फर्म हिंडनबर्ग (Hindenburg) की रिपोर्ट से मचे बवाल के बीच LIC ने बयान जारी किया है. दरअसल, मीडिया में खबरें चल रही हैं कि हिंडनबर्ग की रिपोर्ट से केवल Adani Group ही नहीं, LIC को भी बड़ा नुकसान हुआ है. LIC ने अडानी समूह की कंपनियों में पैसा लगाया है और उनके शेयर गिरने से उसे नुकसान हुआ है. अब LIC ने इस मुद्दे पर बयान जारी कर अपनी स्थिति स्पष्ट की है.
एक फीसदी से कम निवेश
भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) का कहना है कि अडानी ग्रुप के बॉन्ड और इक्विटी में उसके 36,474.78 करोड़ रुपए लगे हुए हैं. यह राशि बीमा कंपनी के कुल निवेश का एक फीसदी से भी कम है. एलआईसी की असेट अंडर मैनेजमेंट (AUM) सितंबर 2022 को समाप्त हुई तिमाही में 41.66 लाख करोड़ रुपए से अधिक थी. LIC के बयान में कहा गया है कि अडानी समूह की कंपनियों में इक्विटी और बॉन्ड के तहत आज तक हमारा कुल निवेश 36,474.78 करोड़ रुपए है. यह 31 दिसंबर, 2022 तक 35,917.31 करोड़ रुपए था.
#LIC pic.twitter.com/qrkdMWk6WA
— LIC India Forever (@LICIndiaForever) January 30, 2023
IRDA की शर्तों के अनुरूप
एलआईसी ने आगे कहा है - अडानी समूह की कंपनियों में बीते कुछ वर्षों में खरीदी गई इन इक्विटी का कुल खरीद मूल्य 30,127 करोड़ रुपए है और 27 जनवरी 2023 को बाजार बंद होने के वक्त इनका बाजार मूल्य 56,142 करोड़ रुपए था. देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी ने यह भी बताया कि अडानी ग्रुप के सभी डेट सिक्योरिटीज की रेटिंग 'AA' और इससे अधिक है, जो निवेश के लिए बीमा नियामक IRDA की तरफ से निर्धारित शर्तों को पूरा करता है. अडानी ग्रुप की शेयर बाजार में 10 सूचीबद्ध कंपनियां हैं. LIC ने यह नहीं बताया है कि उसने किस कंपनी में कितना पैसा लगाया है.
शेयर बाजार में मजबूती
एलआईसी ने कहा कि सामान्य तौर वो किसी कंपनी या समूह में निवेश की जानकारी को सार्वजनिक नहीं करती, लेकिन एलआईसी के अडानी समूह में निवेश को लेकर मीडिया और वीडियो चैनलों में कई प्रकार की बातें की जा रही हैं, इसलिए उसे अडानी समूह की कंपनियों के शेयर्स और डेट में निवेश की जानकारी को साझा करना पड़ रहा है. वहीं, LIC का शेयर आज यानी मंगलवार को बढ़त में दिखाई दे रहा है. खबर लिखे जाने तक इसमें 0.25% की तेजी दर्ज हो चुकी थी.
टैग्स