होम / बिजनेस / बिक रही है सरकार से जुड़ी एक और कंपनी, खरीदार भी मिल गया
बिक रही है सरकार से जुड़ी एक और कंपनी, खरीदार भी मिल गया
इस्पात मंत्रालय के अधीन आने वाली एक कंपनी को बेचने के लिए जापानी कंपनी से सौदा किया गया है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 1 year ago
केंद्र सरकार से जुड़ी एक और कंपनी के बिकने की खबर सामने आई है. फेरो स्क्रैप निगम लिमिटेड (FSNL) अपनी पूरी हिस्सेदारी बेच रही है और उसे खरीदार भी मिल गया है. फेरो स्क्रैप निगम लिमिटेड, MSTC Limited की 100% स्वामित्व वाली सब्सिडयरी कंपनी है, जो इस्पात मंत्रालय के अधीन आती है. एक जापानी कंपनी FSNL की हिस्सेदारी खरीद रही है.
मिली थीं दो बोलियां
एक रिपोर्ट के अनुसार, जापानी निगम कोनोइक ट्रांसपोर्ट कंपनी लिमिटेड ने फेरो स्क्रैप निगम लिमिटेड (FSNL) को 320 करोड़ रुपए में खरीदने के लिए एक डील साइन की है. सरकार को FSNL के लिए दो तकनीकी रूप से योग्य बोलियां मिली थीं, जिसमें से कोनोइक ट्रांसपोर्ट कंपनी लिमिटेड की बोली को मंजूर किया गया है. यह सौदा 320 करोड़ रुपए में होगा.
प्राइज से ज्यादा बोली
सरकार ने इस कंपनी के प्राइवेटाइजेशन के लिए 262 करोड़ रुपए रिजर्व प्राइज रखा था, लेकिन जापानी कंपनी ने इससे ज्यादा बोली लगाते हुए 320 करोड़ रुपए की पेशकश की. कोनोइक ट्रांसपोर्ट कंपनी लिमिटेड के अलावा, इंडिक जियो रिसोर्सेज प्राइवेट लिमिटेड ने भी FSNL के लिए बोली लगाई थी. यह चंदन स्टील लिमिटेड की सहायक कंपनी है.
क्या करती है कंपनी?
FSNL को अपना बनाने वाली कोनोइक ट्रांसपोर्ट कंपनी लिमिटेड टोक्यो स्टॉक एक्सचेंज में लिस्टेड कंपनी है. कोनोइक के पास स्टीलवर्क्स ऑपरेशन्स में 140 से अधिक सालों का अनुभव है. वहीं, फेरो स्क्रैप निगम लिमिटेड (FSNL) रीसाइक्लिंग प्रोजेक्ट्स में भी शामिल है. FSNL स्टील मिल सर्विस प्रोवाइड कराने के लिए 1979 में अस्तित्व में आई थी. इस कंपनी को स्टील प्लांट में लोहा और इस्पात बनाने के दौरान उत्पन्न स्लैग से स्क्रैप की रिकवरी और प्रोसेसिंग में महारत हासिल है.
टैग्स