होम / बिजनेस / मूनलाइटिंग पर नई पॉलिसी बना रही है ये दिग्गज IT कंपनी, इन कर्मचारियों को मिलेगा फायदा
मूनलाइटिंग पर नई पॉलिसी बना रही है ये दिग्गज IT कंपनी, इन कर्मचारियों को मिलेगा फायदा
अधिकांश IT कंपनियां मूनलाइटिंग को लेकर सख्त हैं. अब तक कई बड़ी कंपनियों ने मूनलाइटिंग करने वाले कर्मचारियों को नौकरी से निकाला है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
मूनलाइटिंग को लेकर दिग्गज IT कंपनियों का लगभग एक जैसा रुख है. उनकी नज़र में मूनलाइटिंग नियमों का उल्लंघन है और ऐसा करने वाले कर्मचारियों को नौकरी से निकालना ही एकमात्र विकल्प है. इंफोसिस (Infosys) ने पिछले 12 महीनों के दौरान एक साथ दो जगहों पर नौकरी करने वाले अपने कई कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखाया है. हालांकि, कंपनी मूनलाइटिंग पर एक नई नीति भी बना रही है. कंपनी के सीईओ सलिल पारेख का कहना है कि इंफोसिस इस मामले में अधिक व्यापक पॉलिसी बना रही है.
दोहरे रोजगार का समर्थन नहीं
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी के सीईओ सलिल पारेख ने मूनलाइटिंग के विरोध को सही करार देते हुए कहा कि अगर कर्मचारी दो कंपनियों में खुलेआम काम कर रहे हैं और वहां गोपनीयता का मुद्दा है, तो हमें उन्हें कंपनी से जाने देना होगा. उन्होंने साफ कहा कि कंपनी दोहरे रोजगार का समर्थन नहीं करती है. हालांकि, कर्मचारियों के कंपनी के समय के बाद पार्ट-टाइम में छोटे-मोटे काम करने पर उन्होंने कहा कि हम कर्मचारियों की काम के बाहर भी चीजों को सीखने की महत्वकांक्षा समझते हैं. कंपनी ऐसे कर्मचारियों को सपोर्ट करेगी जो अपने मैनेजर से पूर्व अनुमित के साथ कुछ खास तरह के साइड प्रोजेक्ट करते हैं. हम इस मामले में अधिक व्यापक पॉलिसी बना रहे हैं. साथ ही यह भी सुनिश्चित कर रहे हैं कि इस दौरान कॉन्ट्रैक्ट की शर्तों और गोपनीयता का पूरी तरह सम्मान किया जाए.
शुरू किया एक्सेलरेट प्रोजेक्ट
इंफोसिस के सीईओ ने बताया कि कंपनी के भीतर, इंफोसिस ने एक्सेलरेट नाम से एक प्रोग्राम शुरू किया है, जहां लोग अपने मुख्य काम के अलावा अन्य पार्ट-टाइम जॉब्स ले सकते हैं. करीब 4,000 लोग इस योजना के तहत काम कर रहे हैं. बता दें कि इंफोसिस ने इससे पहले भी मूनलाइटिंग को लेकर अपना रुख जाहिर किया था. कंपनी ने कर्मचारियों को भेजे ईमेल में कहा था कि उन्हें दोहरे रोजगार की अनुमति नहीं है और इसे कड़ाई से हतोत्साहित किया जाता है. वहीं, कंपनी के प्रदर्शन की बात करें, तो Infosys का सितंबर तिमाही में कंसोलिडेटेड इनकम 36,538 करोड़ रुपए रही, जो इसी वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 34,470 करोड़ रुपए थी.
मुनाफे में भी हुई बढ़ोत्तरी
पिछले वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में कंपनी की कंसोलिडेटेड इनकम 29,602 करोड़ रुपए थी. सितंबर तिमाही में कंपनी की आय में सालाना आधार पर 23.4% और तिमाही आधार पर 6 प्रतिशत की बढ़ोतरी देखने को मिली है. इसी तरह 30 सितंबर 2022 को समाप्त तिमाही में इंफोसिस का मुनाफा 6,021 करोड़ रुपए पर रहा है, जो कि पिछले वित्त वर्ष की सितंबर तिमाही में 5,421 करोड़ रुपए रहा था. कंपनी के मुनाफे में सालाना आधार पर 11.1 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है.
क्या होती है मूनलाइटिंग?
मूनलाइटिंग का मतलब होता है नियमित नौकरी के साथ-साथ किसी तरह की अन्य नौकरी करना. उदाहरण के तौर पर आप एक कंपनी में काम करते हैं, और एक्स्ट्रा कमाई के लिए उसके साथ-साथ कोई दूसरा काम भी ढूंढ लेते हैं, तो उसे मूनलाइटिंग कहा जाएगा. अक्सर लोग नाइट और वीकएंड पर इस तरह की जॉब करते हैं. पश्चिमी देशों में तो लंबे समय से मूनलाइटिंग का कल्चर है. लेकिन, भारत में कोविड-19 महामारी के बाद से इसमें तेजी आई है. हालांकि, आईटी कंपनियों का मानना है कि इससे कर्मचारियों की परफॉर्मेंस और कामकाज पर असर पड़ रहा है.
टैग्स