होम / बिजनेस / क्या से क्या हो गए देखते-देखते: दौलत गंवाने में भी Gautam Adani नंबर 1
क्या से क्या हो गए देखते-देखते: दौलत गंवाने में भी Gautam Adani नंबर 1
रिसर्च फर्म हिंडनबर्ग की एक रिपोर्ट ने गौतम अडानी को भारी नुकसान पहुंचाया है. ग्रुप की कंपनियों के शेयर लगातार नीचे जा रहे हैं.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
बॉलीवुड फिल्म का गाना 'क्या से क्या हो गए देखते-देखते' इस वक्त गौतम अडानी (Gautam Adani) पर बिल्कुल सटीक बैठता है. रिसर्च फर्म हिंडनबर्ग (Hindenburg) की रिपोर्ट से अडानी की रईसी को करारा झटका लगा है. नए साल में वह दौलत गंवाने वालों की लिस्ट में टॉप पर पहुंच गए हैं. अडानी कुछ वक्त पहले तक वह ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स (Bloomberg Billionaires Index) में चौथे स्थान पर थे और आज लुढ़ककर 7वें नंबर पर आ गए हैं.
इस साल गंवाए इतने
एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, इस साल अब तक गौतम अडानी ने करीब 227,385 करोड़ रुपए गंवाए हैं. अडानी के नेटवर्थ में आई कमी के पीछे उनकी कंपनियों के शेयरों में भारी गिरावट है. Hindenburg की रिपोर्ट के बाद से ये शेयर लगातार गिर रहे हैं. गुरुवार और शुक्रवार दोनों दिन अडानी समूह की कंपनियों के शेयर भारी गिरावट के साथ बंद हुए. यदि बाजार साप्ताहिक अवकाश के लिए बंद नहीं होता, तो गिरावट का सिलसिला बरकरार रहने की आशंका थी.
अंबानी की दौलत भी घटी
वहीं, दौलत गंवाने वालों में रिलायंस इंडस्ट्री के चेयरमैन मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) भी शामिल हैं. अंबानी ने इस साल अब तक 5.77 अरब डॉलर का नुकसान उठाया है. दुनिया भर के अरबपति कारोबारियों की लिस्ट में वह लुढ़ककर 13वें स्थान पर पहुंच गए हैं, जबकि कुछ वक्त पहले उन्होंने टॉप 10 में जगह बनाने में सफलता हासिल की थी. ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के ताजा अपडेट के अनुसार, गौतम अडानी अब सातवें नंबर पर हैं. उनके आगे आगे लैरी एलिशन, वॉरेन बफेट, बिल गेट्स, जेफ बेजोस, Elon Musk और बर्नार्ड अर्नाल्ट हैं. अडानी की नेटवर्थ 120.7 अरब डॉलर से घटकर 92.7 अरब डॉलर रह गई है.
FPO का बिगाड़ा खेल
Hindenburg की रिपोर्ट ने अडानी इंटरप्राइजेज के FPO का खेल बिगाड़ दिया है. शुक्रवार को खुले इस FPO में पहले दिन कमजोर रिस्पांस देखने को मिला. दरअसल, पिछले दो दिनों से कंपनी के स्टॉक में आ रही गिरावट के कारण निवेशक अलर्ट हो गए है. शेयर बाजार पर उपलब्ध सूचना के अनुसार अडानी एंटरप्राइजेज लिमिटेड के एफपीओ के पहले दिन 4.55 करोड़ शेयर के बदले केवल 4.7 लाख शेयरों के लिए ही बोली आई. कंपनी ने FPO के लिए कीमत दायरा 3,112 से 3,276 रुपए प्रति शेयर रखा हुआ है. जबकि शुक्रवार को इसका शेयर बीएसई पर 2,762.15 रुपए के भाव पर बंद हुआ.
टैग्स