होम / बिजनेस / वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने पहले ही दिए संकेत - कैसा होगा Budget 2023
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने पहले ही दिए संकेत - कैसा होगा Budget 2023
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण मोदी सरकार के मौजूदा कार्यकाल का आखिरी पूर्ण बजट आज पेश करेंगी.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के पिटारे में क्या है, ये अब से कुछ देर बाद स्पष्ट हो जाएगा. हालांकि, वित्त मंत्री ने कुछ समय पहले ही संकेत दे दिए थे कि उनके बजट 2023 में किन बातों पर जोर रहेगा. उद्योग मंडल फिक्की के एक कार्यक्रम में निर्मला सीतारमण ने संकेत दिए थे कि बजट सार्वजनिक खर्च के जरिए वृद्धि को बढ़ावा देने पर केंद्रित होगा. Budget 2023 में महंगाई पर अंकुश लगाने, मांग बढ़ाने, रोजगार सृजन और देश की अर्थव्यवस्था को लगातार 8% से अधिक की वृद्धि की राह पर ले जाने के उपायों पर ध्यान दिया जाएगा.
आम आदमी का रखेंगी ख्याल!
वित्त मंत्री सीतारमण ने कहा था कि बजट-2023 भी पहले के बजट की तरह ही होगा, जो वर्ष 2047 में भारत में रहने वाले बच्चों के लिए देश को तैयार करने का रोडमैप होगा. क्योंकि उस समय बच्चे अधिक विकसित भारत में रहने वाले होंगे. वहीं, एक अन्य कार्यक्रम में उन्होंने यह संकेत दिए थे कि बजट में आम आदमी का ख्याल रखा जा सकता है. आम बजट (Budget 2023) पेश करने से करीब दो सप्ताह पहले सीतारमण ने कहा था कि वह मध्य वर्ग के दबावों को समझती हैं, इसके साथ ही उन्होंने यह याद दिलाया कि वर्तमान सरकार ने मध्य वर्ग पर कोई नया कर नहीं लगाया है.
'मैं भी मध्य वर्ग से हूं'
वित्त मंत्री ने कहा - मैं भी मध्य वर्ग से ताल्लुक रखती हूं लिहाजा मैं मध्य वर्ग के दबावों को समझ सकती हूं. मैं खुद को मध्य वर्ग का मानती हूं, इसलिए मैं इस बात को समझती हूं. साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया था कि सरकार मध्य वर्ग के लिए और अधिक कर सकती है, क्योंकि इसका आकार काफी बड़ा हो गया है. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि मोदी सरकार ने मध्य वर्ग पर कोई भी नया कर नहीं लगाया है. सीतारमण ने कहा कि सरकार 2020 से प्रत्येक बजट में पूंजीगत व्यय बढ़ा रही है. चालू वित्त वर्ष के लिए इसे 35 प्रतिशत बढ़ाकर 7.5 लाख करोड़ रुपए कर दिया गया क्योंकि इसका अर्थव्यवस्था पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है.
टैग्स