होम / बिजनेस / दिल्ली मेट्रो के 57 स्टेशनों पर एंट्री-एग्जिट बंद, 10 अक्टूबर के विरोध प्रदर्शन से पहले DMRC का फैसला
दिल्ली मेट्रो के 57 स्टेशनों पर एंट्री-एग्जिट बंद, 10 अक्टूबर के विरोध प्रदर्शन से पहले DMRC का फैसला
दिल्ली पुलिस की सुरक्षा संबंधी चिंताओं के बाद DMRC ने 9 अक्टूबर रात 9 बजे से 57 मेट्रो स्टेशनों पर प्रवेश और निकास द्वार बंद कर दिए हैं. अगले आदेश तक जारी रहेंगी पाबंदियां, हालांकि नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन को छोड़कर अन्य प्रभावित स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध रहेगी.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 1 hour ago
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने 10 अक्टूबर को प्रस्तावित विरोध प्रदर्शनों से पहले सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर राजधानी के 57 मेट्रो स्टेशनों पर प्रवेश और निकास द्वार बंद करने का फैसला किया है. ये प्रतिबंध 9 अक्टूबर की रात 9 बजे से लागू हो गए हैं और अगले आदेश तक जारी रहेंगे. DMRC की ओर से जारी सेवा संबंधी सूचना में यह जानकारी दी गई है. यह कदम दिल्ली पुलिस के अनुरोध के बाद उठाया गया है. पुलिस को आशंका है कि प्रस्तावित प्रदर्शनों के दौरान भीड़ नई दिल्ली के संवेदनशील इलाकों की ओर बढ़ सकती है. इसी को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने 8 अक्टूबर को DMRC को पत्र लिखकर संबंधित अवधि के दौरान एहतियाती कदम उठाने को कहा था.
दिल्ली के किन-किन मेट्रो स्टेशनों पर लगी पाबंदी?
उत्तर और उत्तर-पश्चिमी दिल्ली: इंद्रलोक, रिठाला, रोहिणी, डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल, कन्हैया नगर, नेताजी सुभाष प्लेस, गुरु तेग बहादुर नगर, आजादपुर, आदर्श नगर, जहांगीरपुरी, हैदरपुर बादली मोड़, विश्वविद्यालय, विधानसभा, सिविल लाइंस, कश्मीरी गेट, मजलिस पार्क और शालीमार बाग.
पूर्वी और उत्तर-पूर्वी दिल्ली: शाहदरा, सीलमपुर, वेलकम, मौजपुर-बाबरपुर, जाफराबाद, यमुना विहार और खजूरी खास.
मध्य दिल्ली: पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय, लोक कल्याण मार्ग, चावड़ी बाजार, राजीव चौक, नई दिल्ली, सेवा तीर्थ, झंडेवालान, सुप्रीम कोर्ट, इंद्रप्रस्थ, मंडी हाउस, बाराखंभा रोड, करोल बाग, राजेंद्र प्लेस, जामा मस्जिद, जनपथ, आईटीओ, दिल्ली गेट और खान मार्केट.
अन्य प्रभावित स्टेशन: दिल्ली हाट-आईएनए, हौज खास, जोर बाग, अर्जनगढ़, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, जंगपुरा, लाजपत नगर, आश्रम, सराय काले खां-निजामुद्दीन, कालिंदी कुंज, जसोला विहार शाहीन बाग, जामिया मिल्लिया इस्लामिया, ओखला विहार और शिवाजी स्टेडियम.
इंटरचेंज की सुविधा रहेगी जारी
DMRC ने स्पष्ट किया है कि नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन को छोड़कर अन्य प्रभावित स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा जारी रहेगी. यानी यात्री इन स्टेशनों पर एक मेट्रो लाइन से दूसरी लाइन में बदल सकेंगे, लेकिन स्टेशन के प्रवेश और निकास द्वार बंद रहने के कारण यात्रा शुरू करने या स्टेशन से बाहर निकलने में परेशानी हो सकती है. यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे अपनी यात्रा की योजना बनाते समय इन प्रतिबंधों को ध्यान में रखें और मेट्रो की ताजा सूचनाओं के आधार पर वैकल्पिक मार्ग चुनें.
रोजाना लाखों यात्रियों की आवाजाही पर असर की आशंका
दिल्ली मेट्रो राजधानी और आसपास के इलाकों में सार्वजनिक परिवहन का एक प्रमुख साधन है. इसकी लोकप्रियता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि 17 सितंबर 2026 को मेट्रो में 82,44,903 यात्री बोर्डिंग दर्ज की गई थी, जो DMRC के मुताबिक अब तक का सबसे बड़ा दैनिक आंकड़ा है.
यह आंकड़ा यात्रियों की कुल बोर्डिंग का है, न कि अलग-अलग यात्रियों की संख्या का. ऐसे में 57 स्टेशनों पर प्रवेश और निकास बंद रहने से यात्रियों को अपनी रोजमर्रा की आवाजाही के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.
टैग्स