✕

होम / बिजनेस / TCS के मुनाफे में 15% का उछाल, AI से कमाई 3 अरब डॉलर के पार; ₹12 डिविडेंड का ऐलान

TCS के मुनाफे में 15% का उछाल, AI से कमाई 3 अरब डॉलर के पार; ₹12 डिविडेंड का ऐलान

सितंबर तिमाही में TCS का रेवेन्यू सालाना आधार पर 11.2% बढ़ा, AI से होने वाली सालाना आय 3 अरब डॉलर के पार पहुंची और कंपनी ने 4,258 कर्मचारियों को जोड़ा है.

बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 2 hours ago

टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) ने गुरुवार को वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही के नतीजे जारी किए. कंपनी का 30 सितंबर 2026 को समाप्त तिमाही में कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 15% बढ़कर ₹13,884 करोड़ हो गया. पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी ने ₹12,075 करोड़ का मुनाफा दर्ज किया था. कंपनी के बोर्ड ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए ₹12 प्रति शेयर के दूसरे अंतरिम डिविडेंड का भी ऐलान किया है.

सितंबर तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू क्रमिक आधार पर 1.3% बढ़कर ₹73,188 करोड़ रहा. वहीं, कंपनी के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कारोबार से होने वाली सालाना आय 3 अरब डॉलर के पार पहुंचकर 3.1 अरब डॉलर हो गई. तिमाही के दौरान TCS ने अपने कर्मचारियों की संख्या में 4,258 की शुद्ध बढ़ोतरी की, जिससे कुल वर्कफोर्स 5,98,056 हो गई. कंपनी का कुल कॉन्ट्रैक्ट वैल्यू (TCV) दूसरी तिमाही में 9.6 अरब डॉलर रहा. इस दौरान ऑपरेटिंग मार्जिन 24% और नेट मार्जिन 19% दर्ज किया गया.

रेवेन्यू और मुनाफे में बढ़ोतरी

TCS का ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू सालाना आधार पर 11.2% बढ़कर ₹73,188 करोड़ हो गया. पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में यह ₹65,799 करोड़ था. वहीं, वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू ₹72,275 करोड़ रहा था. इस लिहाज से दूसरी तिमाही में इसमें 1.3% की बढ़ोतरी हुई. स्थिर मुद्रा (कॉन्स्टेंट करेंसी) के आधार पर क्रमिक वृद्धि 0.5% रही.

कंपनी का शुद्ध मुनाफा जून तिमाही के ₹13,349 करोड़ से 4% बढ़ा. इस दौरान ऑपरेटिंग मार्जिन 24% पर स्थिर रहा, जबकि नेट मार्जिन 19% दर्ज किया गया. TCS ने सितंबर तिमाही में परिचालन से ₹14,190 करोड़ का नेट कैश जेनरेट किया. यह कंपनी की शुद्ध आय का 102.2% रहा.

AI से सालाना आय 3 अरब डॉलर के पार

TCS की AI से होने वाली सालाना आय वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में बढ़कर 3.1 अरब डॉलर हो गई. यह कंपनी के कुल रेवेन्यू के 10% से अधिक है. कंपनी के मुताबिक, AI आधारित समाधानों, एंटरप्राइज सिस्टम के AI के जरिए बदलाव और ऑटोनॉमस ग्लोबल बिजनेस सर्विसेज की मांग में लगातार तेजी आ रही है.

दूसरी तिमाही में कंपनी का कुल कॉन्ट्रैक्ट वैल्यू 9.6 अरब डॉलर रहा. बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विसेज और इंश्योरेंस (BFSI), मैन्युफैक्चरिंग तथा टेक्नोलॉजी एंड सर्विसेज कारोबार ने वृद्धि में अहम योगदान दिया. स्थिर मुद्रा के आधार पर BFSI कारोबार में क्रमिक रूप से 2.5% की वृद्धि हुई, जबकि मैन्युफैक्चरिंग और टेक्नोलॉजी एंड सर्विसेज, दोनों क्षेत्रों में 3.1% की बढ़ोतरी दर्ज की गई.

तिमाही के दौरान TCS ने पोर्शे एजी के साथ पांच साल की रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की. इसके अलावा, कंपनी ने अपनी सहायक इकाई के जरिए पोर्शे की जर्मनी स्थित मैनेजमेंट और आईटी कंसल्टिंग कंपनी MHP Management- und IT-Beratung GmbH का 100% अधिग्रहण करने के लिए समझौता किया. इस प्रस्तावित अधिग्रहण के लिए नियामकीय मंजूरी मिलना बाकी है.

कंपनी ने बेस्ट बाय के भारत स्थित ग्लोबल कैपेबिलिटी सेंटर को TCS में स्थानांतरित करने और उसे AI कैपेबिलिटी सेंटर के रूप में विकसित करने के लिए भी समझौते की घोषणा की. TCS के मुताबिक, इस व्यवस्था के तहत बेस्ट बाय की रिटेल और एंटरप्राइज क्षेत्र की विशेषज्ञता को TCS की टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग, AI और वैश्विक डिलीवरी क्षमताओं के साथ जोड़ा जाएगा.

कंपनी ने जोड़े 4,258 कर्मचारी

TCS ने सितंबर तिमाही के दौरान शुद्ध आधार पर 4,258 कर्मचारियों को जोड़ा. इसके साथ कंपनी के कुल कर्मचारियों की संख्या बढ़कर 5,98,056 हो गई. यह लगातार तीसरी तिमाही रही, जब कंपनी ने कर्मचारियों की संख्या में शुद्ध बढ़ोतरी दर्ज की. वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में कंपनी ने करीब 9,279 कर्मचारियों को जोड़ा था.

कंपनी में पिछले 12 महीनों के आधार पर आईटी सर्विसेज का एट्रिशन रेट घटकर 13.3% रह गया, जो पिछली तिमाही में 13.6% था. एट्रिशन रेट से पता चलता है कि एक निश्चित अवधि में कितने कर्मचारी कंपनी छोड़कर गए.

कर्मचारियों की स्किल बढ़ाने पर भी कंपनी ने निवेश जारी रखा. दूसरी तिमाही में कर्मचारियों के लर्निंग आवर्स क्रमिक आधार पर 17% बढ़कर 1.71 करोड़ हो गए. कंपनी ने AI समेत महत्वपूर्ण तकनीकी क्षेत्रों में कर्मचारियों की क्षमताएं विकसित करने पर ध्यान केंद्रित किया है.

₹12 प्रति शेयर डिविडेंड, 14 अक्टूबर रिकॉर्ड डेट

TCS के बोर्ड ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए ₹1 फेस वैल्यू वाले प्रत्येक इक्विटी शेयर पर ₹12 के दूसरे अंतरिम डिविडेंड को मंजूरी दी है. इसके लिए 14 अक्टूबर 2026 की रिकॉर्ड डेट तय की गई है, जबकि डिविडेंड का भुगतान 30 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा.

इससे पहले कंपनी ने जून तिमाही के लिए भी ₹12 प्रति शेयर का अंतरिम डिविडेंड दिया था. TCS वित्त वर्ष के दौरान अंतरिम डिविडेंड और वित्त वर्ष के अंत में फाइनल डिविडेंड के जरिए शेयरधारकों को नकदी लौटाने की नीति पर काम करती रही है.

अंतरराष्ट्रीय बाजारों से भी मिली वृद्धि

सितंबर तिमाही में TCS ने अधिकांश अंतरराष्ट्रीय बाजारों में वृद्धि दर्ज की. स्थिर मुद्रा के आधार पर अंतरराष्ट्रीय कारोबार का रेवेन्यू क्रमिक रूप से 1.2% बढ़ा. उत्तरी अमेरिका में 0.4% और ब्रिटेन में 3.5% की वृद्धि हुई. कॉन्टिनेंटल यूरोप में रेवेन्यू 0.4% बढ़ा, जबकि एशिया-प्रशांत क्षेत्र में 2% की क्रमिक वृद्धि दर्ज की गई.

वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में TCS के कुल रेवेन्यू में भारत की हिस्सेदारी 5.5% रही. स्थिर मुद्रा के आधार पर भारत में रेवेन्यू पिछली तिमाही की तुलना में 10.3% घटा. हालांकि, सालाना आधार पर भारत के कारोबार में 6% की वृद्धि दर्ज की गई.

कंपनी के मुताबिक, ग्राहकों के लिए साइबर सुरक्षा अब भी एक प्रमुख प्राथमिकता बनी हुई है. वहीं, एप्लिकेशन मैनेजमेंट सर्विसेज के लिए कंपनी के Human+AI Services Autonomy मॉडल को ग्राहकों से अच्छी रैंकिंग मिली.

तिमाही के दौरान TCS ने बेंगलुरु में NVIDIA की तकनीक से संचालित एक ऑटोनॉमस इंजीनियरिंग लैब भी शुरू की. इसका उद्देश्य मोबिलिटी और मैन्युफैक्चरिंग सहित विभिन्न क्षेत्रों में AI आधारित समाधान विकसित करना है.
 
टैग्स
सम्बंधित खबरें

2026 में वैश्विक व्यापार की वृद्धि दर 3.9% रहने का अनुमान, AI में निवेश से मिलेगी रफ्तार: WTO

एशिया निर्यात वृद्धि में सबसे आगे रह सकता है, जबकि भू-राजनीतिक तनावों के कारण दुनिया की प्रमुख व्यापारिक अर्थव्यवस्थाओं में कारोबार की संभावनाएं असमान रहने का अनुमान है.

1 hour ago

जियो को 60 अरब डॉलर का झटका: बाजार में गिरावट, मस्क की पोस्ट और मुश्किल में रोड शो

जैसे-जैसे वैल्यूएशन चर्चा $160 अरब से $100 अरब तक चली जाती है और वैश्विक फंड्स भारती पर 30% छूट की मांग करते हैं, जियो के 2020 के बैकर्स को डॉलर रिटर्न मिलता है जो एक बॉन्ड फंड भी पार कर सकता है और एलोन मस्क का 'ओलिगार्क्स' पोस्ट रोडशो के बीच में आता है।

2 hours ago

GST में टैक्स दरें स्थिर, रिफंड, ITC और रजिस्ट्रेशन से जुड़े नियमों में बदलाव के 10 बड़े प्रस्ताव

जीएसटी परिषद की 57वीं बैठक में टैक्स दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया, लेकिन रजिस्ट्रेशन, रिफंड, इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC), छोटे कारोबारियों और माल परिवहन से जुड़े नियमों को आसान बनाने पर जोर दिया गया.

4 hours ago

फेस्टिव सीजन से पहले महंगा हुआ हवाई सफर, एयर इंडिया समेत 3 एयरलाइंस ने बढ़ाया फ्यूल सरचार्ज

एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस की नई दरें 9 अक्टूबर 2026 से लागू होंगी, जबकि आकासा एयर ने भी अपने ईंधन शुल्क में बढ़ोतरी की है.

4 hours ago

पैंटोमैथ: बैंकर, खरीदार और विक्रेता

मुंबई के एक निवेश बैंक के अपने ही समूह के फंड उन सौदों में बार-बार दिखाई देते हैं, जिन्हें वह बाजार में बेचता है. इन सौदों में निवेश करने वाले निवेशकों का प्रदर्शन खराब रहा है.

5 hours ago

बड़ी खबरें