होम / बिजनेस / Budget 2023: क्या आप जानते हैं आखिर कब से सुबह 11 बजे पेश हो रहा है बजट
Budget 2023: क्या आप जानते हैं आखिर कब से सुबह 11 बजे पेश हो रहा है बजट
आजादी के बाद से अब तक बजट में कई तरह के बदलाव आ चुके हैं. इनमें एक बड़ा बदलाव ये है कि अब रेल बजट पेश होना बंद हो गया है. अब ये आम बजट के साथ ही पेश होता है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
देश की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आने वाली 1 फरवरी को सुबह 11 बजे देश का बजट पेश करने जा रही हैं. अगले साल होने वाले आम चुनावों से पहले इस बजट को देश का महत्वपूर्ण बजट माना जा रहा है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि आखिर हमारे देश में पहले बजट शाम को पेश हुआ करता था. उसके बाद इस पर आगे चर्चा शुरू होती थी. आज हम अपनी इस स्टोरी में आपको यही बताने जा रहे हैं कि आखिर हमारे देश में बजट सुबह 11 बजे से कब से पेश हो रहा है. आखिर ये शाम की परंपरा को किस वित्त मंत्री के कार्यकाल में बदला गया.
पहले शाम को पेश होता था बजट
जैसे हमारे देश में अभी सुबह 11 बजे बजट पेश हो रहा है वैसे ही पहले हमारे देश में शाम को 5 बजे बजट पेश किया जाता था. ये परंपरा भी आजादी के बाद से लगातार चली आ रही थी. जो भी वित्त मंत्री बजट पेश करता वो शाम को 5 बजे ही बजट पेश किया करता था. उसके बाद उस पर आने वाले दिनों में सदन की कार्यवाही चला करती थी. लेकिन इस परंपरा में भी बदलाव ला दिया गया.
आखिर किसके कार्यकाल से हुआ ये बदलाव
अब हम आपको बताने जा रहे हैं कि आखिर ये बदलाव किस वित्त मंत्री के कार्यकाल से सामने आया. ये बदलाव भाजपा की सरकार में प्रधानमंत्री रहे स्व अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल से शुरू हुआ. उनकी सरकार में उनके वित्त मंत्री रहे यशवंत सिन्हा जिन्होंने शाम की जगह बजट को सुबह पेश करना शुरू किया. इस बदलाव का श्रेय यशवंत सिन्हा को ही जाता है. अन्यथा पहले हमारे देश में शाम को 5 बजे ही बजट पेश किया जाता था.
अब तक कई परंपराओं में हो चुका है बदलाव
आजादी के बाद अब तक बजट से जुड़ी कई परंपराओं में बदलाव आ चुका है, इनमें सबसे बड़ा बदलाव ये भी रहा कि पहले जब वित्त मंत्री आते थे तो वो लाल ब्रीफकेस में पूरा बजट लेकर आया करते थे लेकिन उसके बाद जैसे ही नरेन्द्र मोदी पीएम बने तो इसमें बदलाव आ गया और ये लाल ब्रीफकेस की जगह लाल कपड़े में लिपटे बहीखाते की शक्ल में आ गया. यही नहीं पिछले साल निर्मला सीतारमण ने इसे टैबलेट से पढ़ा था.
टैग्स