होम / बिजनेस / बड़े पैमाने पर छंटनी करने जा रही है ये दिग्गज अमेरिकी कंपनी, क्या भारत तक पहुंचेगी आग?
बड़े पैमाने पर छंटनी करने जा रही है ये दिग्गज अमेरिकी कंपनी, क्या भारत तक पहुंचेगी आग?
इस अमेरिकी कंपनी के भारत में लगभग 13,500 कर्मचारी हैं. अभी ये साफ नहीं हुआ है कि क्या भारत के कर्मचारी भी इसकी जद में आएंगे या नहीं.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
छंटनी की खबरें लगातार सामने आ रही हैं. अब सेमीकंडक्टर बनाने वाली दिग्गज अमेरिकी कंपनी इंटेल कॉरपोरेशन (Intel Corp) भी बड़ी संख्या में अपने कर्मचारियों को नौकरी से निकालने की तैयारी में है. मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया है कि यह संख्या हजारों में हो सकती हैं. बता दें कि पिछले कुछ वक्त में ही कई कंपनियों ने छंटनी की है. इसमें एक बड़ी वजह अमेरिका की आर्थिक सुस्ती को भी बताया जा रहा है.
इस वजह से लिया फैसला
एक रिपोर्ट के अनुसार, पर्सनल कंप्यूटर की बिक्री में आई गिरावट को देखते हुए इंटेल ने छंटनी का फैसला लिया है. कंपनी इसी महीने के अंत में छंटनी का ऐलान कर सकती है. सेल्स व मार्केटिंग जैसे कई विभागों में तो करीब 20% कर्मचारियों के निकाले जाने की संभावना है. इस दिग्गज अमेरिकी कंपनी में लगभग 1,13,700 कर्मचारी हैं. अब कंपनी अपनी वर्कफ़ोर्स घटा रही है.
मनमाफिक नहीं नतीजे
इंटेल के दूसरी तिमाही के नतीजे उसके अनुमानों से मुताबिक नहीं रहे थे. जिसे ध्यान में रखते हुए कंपनी ने बाकी वित्त वर्ष के लिए अपनी सालाना बिक्री और मुनाफे के अनुमान को घटा दिया है. इसके अलावा, कंपनी अपनी लागत में कमी लाना चाहती है, इसलिए वह छंटनी करने जा रही है. कहा जा रहा है कि PC प्रोसेसर्स की मांग में ज्यादा उछाल नहीं आने से इंटेल के कारोबार पर असर पड़ा है. कोरोना महामारी के दौरान पर्सनल कंप्यूटर से जुड़ी मांग में तेजी देखी गई थी, लेकिन अब इसमें गिरावट आई है.
भारत में इतने कर्मचारी
चीन के हालात भी इंटेल के लिए परेशानी बने हुए हैं. चीन कंपनी का प्रमुख पीसी मार्केट है, लेकिन कोरोना प्रतिबंधों की वजह से उसे नुकसान उठाना पड़ रहा है. वहीं, रूस-यूक्रेन युद्ध का भी कंपनी पर विपरीत असर पड़ा है. एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इंटेल को अपना मार्केट शेयर बरकरार रखने के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है. इस अमेरिकी कंपनी के भारत में लगभग 13,500 कर्मचारी हैं. अभी ये साफ नहीं हुआ है कि छंटनी की आंच इन कर्मचारियों तक भी पहुंचेगी या नहीं.
टैग्स