होम / बिजनेस / क्या अगले पांच महीने में देश में आ सकती है मंदी, केन्द्रीय मंत्री ने जताई आशंका
क्या अगले पांच महीने में देश में आ सकती है मंदी, केन्द्रीय मंत्री ने जताई आशंका
दुनियाभर में मंदी की आशंका के बीच भारत सरकार के मंत्री की ओर से व्यक्त की गई इस आशंका ने हर तरह के कारोबार से जुड़े व्यापारी को सोचने पर मजबूर कर दिया है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
दुनिया भर में मंदी की आशंका के बीच अब भारत में भी मंदी की आशंका व्यक्त की जा रही है. इस बार मंदी को लेकर अपनी बात कही है केन्द्रीय एमएसएमई मंत्री नारायण राणे ने. उन्होंने जी 20 की एक बैठक के बाद अपनी ये बात कही, उन्होंने कहा कि सरकार इसे लेकर तैयारी कर रही है.
कहां बोले केन्द्रीय मंत्री
महाराष्ट्र के पुणे में हुई जी 20 की एक बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए ये बात मंत्री नारायण राणे ने कही केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि अगले पांच महीनों में यानी जून तक देश में मंदी आ सकती है, लेकिन केन्द्र सरकार और पीएम मोदी इससे निपटने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां कर रहे हैं. सरकार ये तैयारी कर रही है कि जब ये मंदी देश में आएगी तो उससे हमारे देश के आम लोग प्रभावित न हों.
उद्योगों को दिया जा रहा है बढ़ावा
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार इस चिंता से वाकिफ है ऐेसे में सरकार लगातार रोजगार पैदा करने वाले उद्योगों को बढ़ावा दे रही है, जिससे लोगों को ज्यादा से ज्यादा रोजगार मिल सके. सरकार की ओर से कई तरह से सेक्टरों के लिए पीएलआई स्कीम भी चलाई गई है. सरकार मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर से लेकर दूसरे सेक्टरों के लिए लगातार इंसेंटिव योजना चला रही है, जिससे उन्हें आगे बढ़ाया जा सके.
दुनिया के कई देशों में दिख रहा है मंदी का असर
भारत दुनिया में आ रही है इस मंदी से कितना प्रभावित होगा इसका आंकलन तो अभी कोई नहीं कर पा रहा है, लेकिन दुनिया के कई देशों की बड़ी कंपनियों में मंदी की आहट के साथ उसका असर आसानी से देखा जा सकता है. मेटा से लेकर ट्विटर और दूसरी बड़ी कंपनियों ने कॉस्ट कटिंग की ओर ध्यान देना शुरू कर दिया है. LYFT जैसी कंपनियां भी अपने वहां से कई लोगों को बाहर का रास्ता दिखा चुकी हैं. इसे उसी आहट का नतीजा माना जा रहा है. सभी की कोशिश यही है कि अगर मंदी के दौरान सर्वाइवल करना है तो अपनी कॉस्ट कटिंग करनी होगी, जिससे कंपनी मंदी जैसी स्थिति में उन हालातों का सामना कर सके.
टैग्स