होम / बिजनेस / मुनाफा कमाने के लिए अपने 2500 कर्मचारियों की छुट्टी करेगी ये एडटेक कंपनी
मुनाफा कमाने के लिए अपने 2500 कर्मचारियों की छुट्टी करेगी ये एडटेक कंपनी
लॉकडाउन के दौरान एडटेक सर्विसेज की मांग में भारी तेजी आई थी, लेकिन अब इनकी डिमांड में काफी गिरावट आई है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
एडटेक कंपनी बायजू (Byju's) मुनाफा कमाने की राह पर चलने के लिए अपने कई कर्मचारियों को नौकरी से निकालेगी. कंपनी का कहना है कि वह अपनी मार्केटिंग एवं ऑपरेशनल कॉस्ट को ऑप्टिमाइज करेगी और इसके लिए छंटनी की जाएगी. एजुकेशन टेक्नोलॉजी कंपनी अगले छह महीनों में पांच प्रतिशत यानी करीब 2500 कर्मचारियों की छुट्टी करेगी. हालांकि, कंपनी की योजना आने वाले समय में 10,000 शिक्षकों की नियुक्ति की भी है. बता दें कि कोरोना महामारी के समय बायजू जैसी कंपनियों को अच्छा-खास मुनाफा हुआ था, लेकिन लॉकडाउन हटने और स्थिति सामान्य होने के बाद उसमें गिरावट आती गई. यही वजह है कि इस सेक्टर में नौकरियां जा रही हैं.
तैयार की नई योजना
बायजू की सह-संस्थापक दिव्या गोकुलनाथ का कहना है कि कंपनी नई भागीदारियों के जरिए विदेशों में ब्रांड जागरुकता बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित करेगी. इसके अलावा, कंपनी भारत और विदेशी कारोबार के लिए 10,000 टीचर्स को भी हायर करेगी. हमारी योजना मार्च, 2023 तक प्रॉफिटेबिलिटी को हासिल करना है. इसके लिए हमने एक खाका तैयार किया है, जिसके तहत मार्केटिंग बजट को बढ़ाया जाएगा और खर्चों की प्राथमिकता तय की जाएगी. दिव्या का मानना है कि नई योजना कंपनी को दक्षता बढ़ाने और बेकार चीजों से बचने में मदद करेगी.
डिमांड में आई कमी
एक रिपोर्ट के मुताबिक, बायजू को 31 मार्च, 2021 को समाप्त वित्तवर्ष में 4,588 करोड़ रुपए का घाटा हुआ था. वैसे, ये पहली बार नहीं है जब कंपनी छंटनी करने जा रही है. इससे पहले जून में भी उसने करीब 2500 कर्मचारियों को नौकरी से निकाला था. लॉकडाउन के दौरान एडटेक सर्विसेज की मांग में भारी तेजी आई थी, लेकिन अब इनकी डिमांड में काफी गिरावट आई है. इस वजह से सेक्टर से जुड़ी कंपनियों ने अब तक हजारों कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया है.
ये स्टार्टअप हुआ बंद
पिछले कुछ महीनों में Lido Learning, Vedantu और Unacademy Group सहित कई एडटेक कंपनियों ने बड़े पैमाने पर अपने कर्मचारियों की छंटनी की है. मई में एडटेक यूनिकॉर्न वेदांतू ने 624 कर्मचारियों को निकाला था. इसी तरह FrontRow ने भी 145 कर्मचारियों की छुट्टी की थी. जबकि जून में स्टार्टअप कंपनी Udayy ने कामकाज बंद करने की घोषणा की थी. माना जा रहा है कि इस सेक्टर में अभी और नौकरियां जा सकती हैं.
टैग्स