होम / बिजनेस / Budget 2023: इंश्योरेंस सेक्टर के लिए ये घोषणा कर सकती हैं वित्त मंत्री
Budget 2023: इंश्योरेंस सेक्टर के लिए ये घोषणा कर सकती हैं वित्त मंत्री
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण एक फरवरी को बजट पेश करेंगी. माना जा रहा है कि वह इंश्योरेंस सेक्टर को GST में कुछ राहत दे सकती हैं.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण अपने पिटारे से किसके लिए क्या सौगात निकालती हैं, ये तो बजट वाले दिन यानी कि 1 फरवरी को ही पता चलेगा, लेकिन लोगों को इस बजट से काफी उम्मीदें हैं. महंगाई की मार झेल रही जनता चाहती है कि वित्त मंत्री उनके बिगड़े बजट को ध्यान में रखकर यूनियन बजट में कुछ घोषणाएं करें. वहीं, इंश्योरेंस सेक्टर चाहता है कि बजट में सरकार उस पर GST का बोझ कुछ कम करे, ताकि आबादी के बड़े हिस्से तक बीमा उत्पादों को पहुंचाया जा सके.
अभी 18 प्रतिशत है GST
अभी इंश्योरेंस प्रोडक्ट्स का प्रीमियम काफी ज्यादा है, इसकी एक बड़ी वजह है GST. यदि सरकार GST में कमी लाती है, तो इंश्योरेंस प्रीमियम में कमी आ सकेगी. एक्सपर्ट्स मानते हैं कि यूनियन बजट 2023 (Budget 2023) में सरकार आबादी के बड़े हिस्से को इंश्योरेंस के दायरे में लाने की कोशिश कर सकती है. ऐसे में संभव है कि इंश्योरेंस प्रोडक्ट्स पर लगने वाले GST को कुछ कम करने की घोषणा हो जाए. मौजूदा समय में इंश्योरेंस प्रोडक्ट्स पर 18 फीसदी जीएसटी लगता है.
काफी बढ़ गया प्रीमियम
एक्सपर्ट्स मानते हैं कि भारत में अभी भी आबादी के बड़े हिस्से की पहुंच बीमा उत्पादों तक नहीं है. इसकी वजह है टर्म और हेल्थ पॉलिसी का प्रीमियम ज्यादा होना. यदि इसमें कमी के लिए कदम उठाए जाते हैं, तो बीमा कवरेज बढ़ाने में मदद मिलेगी. प्रीमियम में कटौती GST में कमी के परिणामस्वरूप देखने को मिल सकती है. उनके मुताबिक, मेडिकल इनफ्लेशन बढ़ने से हेल्थ पॉलिसीज के प्रीमियम में काफी इजाफा हुआ है. नतीजतन आम लोगों को हेल्थ पॉलिसी खरीदने में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है.
क्या यहां मिलेगी राहत?
बता दें कि पिछले कुछ समय में पेट्रोल-डीजल से लेकर रसोई गैस की कीमतों में भी जबरदस्त इजाफा हुआ है. अधिकांश शहरों में पेट्रोल 100 रुपए के पार पहुंच गया है. जबकि रसोई गैस सिलेंडर भी 1000 से पार पहुंच गया है. लिहाजा, आम जनता को आस है कि वित्त मंत्री बजट में महंगाई नीचे लाने को लेकर भी कुछ घोषणाएं करेंगी. गौरतलब है कि मोदी सरकार के कार्यकाल का यह आखिरी पूर्ण बजट है, इस लिहाज से भी इसके लोकलुभावन होने की उम्मीद की जा रही है.
टैग्स