होम / बिजनेस / अमेजन का भारत में 7 अरब डॉलर के अतिरिक्त निवेश का ऐलान, 2030 तक बढ़ाएगी रिन्यूएबल एनर्जी क्षमता
अमेजन का भारत में 7 अरब डॉलर के अतिरिक्त निवेश का ऐलान, 2030 तक बढ़ाएगी रिन्यूएबल एनर्जी क्षमता
कंपनी का नया निवेश पहले से घोषित 4 अरब डॉलर के निवेश से अलग होगा. कर्नाटक, मध्य प्रदेश और राजस्थान में 934 मेगावाट क्षमता के चार नए पवन और सौर ऊर्जा प्रोजेक्ट भी शुरू किए जाएंगे.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 27 minutes ago
दिग्गज टेक कंपनी अमेजन भारत के रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर में अपनी मौजूदगी बढ़ाने की तैयारी कर रही है. कंपनी ने वर्ष 2030 तक भारत में अक्षय ऊर्जा परियोजनाओं के लिए 7 अरब डॉलर के अतिरिक्त निवेश की घोषणा की है. यह निवेश पहले से घोषित 4 अरब डॉलर की प्रतिबद्धता से अलग होगा. कंपनी के मुताबिक, इस निवेश से भारत में उसकी क्लीन एनर्जी क्षमता बढ़ेगी और देश में कार्बन-मुक्त बिजली की उपलब्धता को भी बढ़ावा मिलेगा.
तीन राज्यों में शुरू होंगे चार नए प्रोजेक्ट
अमेजन ने अपनी मौजूदा 4 अरब डॉलर की निवेश प्रतिबद्धता के तहत भारत में चार नए पवन और सौर ऊर्जा प्रोजेक्ट की घोषणा की है. इनकी कुल क्षमता 934 मेगावाट होगी. इनमें कर्नाटक में 234 मेगावाट का पवन ऊर्जा प्रोजेक्ट शामिल है, जिसे एशिया में कंपनी का अब तक का सबसे बड़ा पवन ऊर्जा प्रोजेक्ट बताया गया है. इसके अलावा कर्नाटक में 200 मेगावाट का हाइब्रिड पवन-सौर ऊर्जा प्रोजेक्ट लगाया जाएगा. मध्य प्रदेश में 300 मेगावाट और राजस्थान में 200 मेगावाट क्षमता के सौर ऊर्जा प्रोजेक्ट विकसित किए जाएंगे.
35 लाख से अधिक घरों की बिजली जरूरत के बराबर होगी क्षमता
पावर परचेज एग्रीमेंट (पीपीए) के तहत हासिल की गई इन परियोजनाओं के पूरी तरह चालू होने के बाद भारत में अमेजन की कुल अनुबंधित अक्षय ऊर्जा क्षमता 2 गीगावाट से अधिक हो जाएगी. कंपनी के अनुसार, यह क्षमता सालाना 35 लाख से ज्यादा भारतीय घरों की बिजली जरूरतों को पूरा करने के बराबर है.
फिलहाल भारत में अमेजन के पोर्टफोलियो में 14 बड़े पवन और सौर ऊर्जा प्रोजेक्ट शामिल हैं, जो सीधे बिजली ग्रिड को कार्बन-मुक्त बिजली उपलब्ध कराते हैं. इसके अलावा कंपनी के अपने केंद्रों पर 43 ऑन-साइट सोलर इंस्टॉलेशन भी संचालित हैं. वैश्विक स्तर पर अमेजन के 700 से अधिक अक्षय ऊर्जा प्रोजेक्ट हैं, जिनकी कुल क्षमता 40 गीगावाट से ज्यादा है.
2030 तक कार्बन उत्सर्जन में 65 फीसदी कटौती का लक्ष्य
यह निवेश ऐसे समय में किया जा रहा है, जब अमेजन ने अपने परिचालन में इस्तेमाल होने वाली बिजली से जुड़े कार्बन उत्सर्जन को कम करने का लक्ष्य तय किया है. कंपनी वर्ष 2019 के स्तर की तुलना में 2030 तक इसमें 65 फीसदी की कमी लाना चाहती है. यह लक्ष्य 'द क्लाइमेट प्लेज' के तहत वर्ष 2040 तक अपने पूरे परिचालन को नेट-जीरो कार्बन बनाने की कंपनी की प्रतिबद्धता का हिस्सा है.
अमेजन की चीफ सस्टेनेबिलिटी ऑफिसर कारा हर्स्ट ने कहा कि भारत में कंपनी का निवेश कई वर्षों की मेहनत का नतीजा है. उनके मुताबिक, 7 अरब डॉलर का अतिरिक्त निवेश भारत की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के साथ वर्ष 2070 तक नेट-जीरो उत्सर्जन हासिल करने के देश के लक्ष्य में भी योगदान देगा.
सरकार ने किया निवेश का स्वागत, रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद
केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रल्हाद जोशी ने अमेजन के निवेश का स्वागत किया है. उन्होंने कहा कि यह कदम भारत के अक्षय ऊर्जा क्षेत्र में वैश्विक कंपनियों के बढ़ते भरोसे को दर्शाता है. इससे यह भी संकेत मिलता है कि भारत में इस क्षेत्र में दीर्घकालिक निवेश आकर्षित करने की काफी क्षमता है.
अमेजन के मुताबिक, इन परियोजनाओं से कंपनी की ऊर्जा जरूरतें पूरी होने के साथ बिजली ग्रिड में भी स्वच्छ ऊर्जा जुड़ेगी. इससे घरों, अस्पतालों, स्कूलों और कारोबारों को मिलने वाली बिजली की उपलब्धता और विश्वसनीयता बेहतर हो सकती है. कंपनी का मानना है कि ऐसे निवेश से बिजली ग्रिड के आधुनिकीकरण को बढ़ावा मिलेगा और देश में रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे.
टैग्स