होम / टेक वर्ल्ड / App Store से ICloud और Apple Pay तक Apple की कई सेवाएं ठप, कंपनी ने साइबर हमले से किया इनकार
App Store से iCloud और Apple Pay तक Apple की कई सेवाएं ठप, कंपनी ने साइबर हमले से किया इनकार
आंतरिक सिस्टम अपडेट में तकनीकी गड़बड़ी के कारण ठप हुईं सेवाएं, रिटेल स्टोर के कामकाज और कर्मचारियों के सिस्टम पर भी पड़ा असर
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 hours ago
दिग्गज टेक कंपनी एप्पल (Apple) की कई डिजिटल सेवाएं बुधवार को बड़े पैमाने पर प्रभावित हुईं. इनमें iCloud, App Store, Apple Pay और Apple Music जैसी प्रमुख सेवाएं शामिल हैं. इस तकनीकी गड़बड़ी का असर कंपनी के फिजिकल रिटेल स्टोर और आंतरिक कॉर्पोरेट सिस्टम पर भी पड़ा. Apple ने इस आउटेज के पीछे किसी साइबर हमले की आशंका को खारिज करते हुए इसे आंतरिक सिस्टम अपडेट के दौरान हुई तकनीकी गलती बताया है.
कंपनी के मुताबिक, इंजीनियरों ने प्रभावित कई सिस्टम को दोबारा शुरू कर दिया है, जबकि बाकी सेवाओं को बहाल करने का काम जारी है. इस गड़बड़ी के कारण कुछ समय के लिए यूजर्स और कर्मचारियों को Apple के कई प्लेटफॉर्म तक पहुंचने में परेशानी हुई. इसके अलावा, कंपनी के रिटेल स्टोर पर लेनदेन भी प्रभावित हुए.
Fox Business के अनुसार, Apple के एक प्रवक्ता ने कहा, "आज सुबह एक आंतरिक अपडेट के कारण हमारे कुछ सिस्टम में आउटेज हुआ. हमारे कई सिस्टम दोबारा काम करने लगे हैं और बाकी सिस्टम को जल्द से जल्द ऑनलाइन लाने के लिए काम किया जा रहा है."
iCloud, App Store और Apple Pay समेत कई सेवाएं प्रभावित
इस आउटेज का असर iCloud, Apple Music, App Store, Apple Pay, Apple Support और Apple TV जैसी सेवाओं पर पड़ा. आउटेज पर नजर रखने वाले प्लेटफॉर्म Downdetector के मुताबिक, अलग-अलग क्षेत्रों में हजारों यूजर्स ने Apple की सेवाओं तक पहुंचने में परेशानी की शिकायत की.
यूजर्स को एप्लिकेशन डाउनलोड करने, म्यूजिक स्ट्रीम करने, iCloud के जरिए फाइल सिंक्रोनाइज करने और Apple Pay से भुगतान करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा. कुछ यूजर्स ने iPhone और Mac कंप्यूटर पर अपने Apple ID अकाउंट से अचानक साइन आउट होने की भी शिकायत की.
नए डिवाइस एक्टिवेट करने में भी आई परेशानी
इस तकनीकी गड़बड़ी का असर नए Apple डिवाइस के सेटअप और एक्टिवेशन पर भी पड़ा. कुछ ग्राहकों को नए डिवाइस शुरू करते समय त्रुटियों का सामना करना पड़ा, क्योंकि वे कंपनी के एक्टिवेशन सर्वर से कनेक्ट नहीं हो पा रहे थे. वहीं, डेवलपर्स को App Store Connect और कंपनी की अन्य बैकएंड सेवाओं तक पहुंचने में परेशानी हुई.
Apple के फिजिकल रिटेल स्टोर का कामकाज भी प्रभावित हुआ. रिपोर्ट के मुताबिक, स्टोर कर्मचारियों को पॉइंट-ऑफ-सेल सिस्टम में गड़बड़ी के कारण खरीदारी की प्रक्रिया पूरी करने, रिपेयर रिकॉर्ड देखने और पुराने डिवाइस के बदले नए डिवाइस देने (ट्रेड-इन) से जुड़े कामों में दिक्कत हुई.
इसके अलावा, कर्मचारियों के आंतरिक पोर्टल और कस्टमर सपोर्ट डेटाबेस भी कुछ समय के लिए उपलब्ध नहीं थे. इससे कर्मचारियों को ग्राहकों की जानकारी जुटाने और उनकी शिकायतों का जवाब देने में परेशानी हुई.
सोशल मीडिया पर साइबर हमले की आशंका, Apple ने किया खारिज
आउटेज का दायरा बड़ा होने के कारण सोशल मीडिया पर Apple के सिस्टम पर साइबर हमले, रैनसमवेयर या डिस्ट्रीब्यूटेड डिनायल ऑफ सर्विस (DDoS) अटैक की आशंकाएं जताई जाने लगीं. हालांकि, कंपनी ने स्पष्ट किया कि सेवाओं में आई रुकावट किसी दुर्भावनापूर्ण साइबर हमले या सुरक्षा सेंध का नतीजा नहीं थी. Apple के अनुसार, आंतरिक सिस्टम अपडेट के दौरान हुई तकनीकी गड़बड़ी ही इस आउटेज की वजह बनी.
टैग्स