होम / बिजनेस / पांच तिमाहियों के निचले स्तर पर पहुंच सकती है GDP ग्रोथ, Q2 में 7.5% रहने का अनुमान: इक्रा
पांच तिमाहियों के निचले स्तर पर पहुंच सकती है GDP ग्रोथ, Q2 में 7.5% रहने का अनुमान: इक्रा
इक्रा के मुताबिक, वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में 7.8 फीसदी रही GDP वृद्धि दर दूसरी तिमाही में घटकर 7.5 फीसदी रह सकती है. कृषि क्षेत्र की वृद्धि दर में सबसे ज्यादा गिरावट का अनुमान है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 hours ago
भारत की आर्थिक वृद्धि दर वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) में घटकर 7.5 फीसदी रह सकती है. यह पिछले पांच तिमाहियों का सबसे निचला स्तर होगा. रेटिंग एजेंसी इक्रा (ICRA) के मुताबिक, बाहरी चुनौतियों और सामान्य से कम मॉनसूनी बारिश का असर अर्थव्यवस्था की रफ्तार पर पड़ सकता है. हालांकि, एजेंसी का यह अनुमान भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के 7.2 फीसदी के अनुमान से अधिक है.
इक्रा ने मंगलवार को जारी अपने अनुमान में कहा कि दूसरी तिमाही में आर्थिक वृद्धि में मामूली लेकिन व्यापक स्तर पर नरमी देखने को मिल सकती है. कृषि, उद्योग और सेवा क्षेत्र की विकास दर में कमी इसका प्रमुख कारण होगी.
कृषि, उद्योग और सेवा क्षेत्र की रफ्तार पर असर
इक्रा के मुताबिक, वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में 7.8 फीसदी रही GDP वृद्धि दर दूसरी तिमाही में घटकर 7.5 फीसदी रह सकती है. कृषि क्षेत्र की वृद्धि दर में सबसे ज्यादा गिरावट का अनुमान है. पहली तिमाही में 3.6 फीसदी की दर से बढ़ने वाला कृषि क्षेत्र दूसरी तिमाही में महज 0.2 फीसदी की दर से बढ़ सकता है.
इसी तरह औद्योगिक क्षेत्र की वृद्धि दर पहली तिमाही के 7.7 फीसदी से घटकर 7.2 फीसदी रहने का अनुमान है. सेवा क्षेत्र की वृद्धि दर भी 10 फीसदी से घटकर 9.1 फीसदी रह सकती है.
बाहरी चुनौतियों के बावजूद अर्थव्यवस्था में मजबूती
इक्रा की मुख्य अर्थशास्त्री अदिति नायर ने कहा कि सितंबर 2026 में समाप्त दूसरी तिमाही के दौरान औद्योगिक और सेवा क्षेत्रों के प्रमुख आंकड़े इन क्षेत्रों में मजबूत आर्थिक गतिविधियों के संकेत देते हैं. यह मजबूती लगातार बनी हुई बाहरी चुनौतियों के बावजूद देखने को मिल रही है.
RBI और वित्त मंत्रालय का अनुमान
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने जुलाई-सितंबर तिमाही में GDP वृद्धि दर 7.2 फीसदी रहने का अनुमान जताया है. वहीं, वित्त मंत्रालय के मासिक आर्थिक सर्वेक्षण में इस अवधि के दौरान विकास दर 7.35 फीसदी रहने की संभावना व्यक्त की गई है. RBI ने पूरे वित्त वर्ष 2026-27 के लिए भारत की आर्थिक वृद्धि दर 7.1 फीसदी रहने का अनुमान लगाया है. सरकार 30 नवंबर को जुलाई-सितंबर तिमाही के GDP आंकड़े जारी करेगी.
टैग्स