होम / बिजनेस / भारत को चाहिए 1,000 और विमान, एयरबस-बोइंग की क्षमता सीमित; डिलीवरी में लगेंगे 8 साल: गोयल
भारत को चाहिए 1,000 और विमान, एयरबस-बोइंग की क्षमता सीमित; डिलीवरी में लगेंगे 8 साल: गोयल
पीयूष गोयल ने कहा- देश को 2,000 से ज्यादा विमानों की जरूरत, भारतीय एयरलाइंस पहले ही 1,200 से अधिक विमानों का दे चुकी हैं ऑर्डर; एयरबस और बोइंग की सीमित उत्पादन क्षमता बनी बड़ी चुनौती
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 5 hours ago
भारत में हवाई यात्रियों की बढ़ती संख्या के बीच विमानन क्षेत्र के सामने विमानों की उपलब्धता एक बड़ी चुनौती बनती जा रही है. देश को अपनी बढ़ती जरूरतों को पूरा करने के लिए करीब 1,000 और यात्री विमानों की आवश्यकता है. केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि भारतीय एयरलाइंस पहले ही 1,200 से अधिक विमानों का ऑर्डर दे चुकी हैं और अब 1,000 अतिरिक्त विमानों की खरीद की तैयारी है. हालांकि, वैश्विक स्तर पर विमान निर्माण की सीमित क्षमता और एयरबस-बोइंग के पास पहले से मौजूद बड़े ऑर्डर को देखते हुए इन विमानों की डिलीवरी में करीब 8 साल लग सकते हैं.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मिस्र की दो दिवसीय यात्रा के दौरान गोयल ने कहा कि भारत को अपनी विमानन जरूरतें पूरी करने के लिए 2,000 से अधिक विमानों की आवश्यकता है. हवाई यातायात में लगातार बढ़ोतरी के कारण एयरलाइंस को अपने बेड़े का विस्तार करना पड़ रहा है. सरकार विमान निर्माता कंपनियों से मौजूदा ऑर्डर की डिलीवरी में तेजी लाने के लिए भी बातचीत कर रही है.
एयरबस और बोइंग का वैश्विक बाजार पर दबदबा
दुनियाभर में कमर्शियल यात्री विमानों के निर्माण का बाजार मुख्य रूप से यूरोप की एयरबस और अमेरिका की बोइंग के पास है. बड़े यात्री विमानों के बाजार में इन दोनों कंपनियों की सबसे मजबूत हिस्सेदारी है. इनके अलावा ब्राजील की एम्ब्रेयर, चीन की COMAC, फ्रांस और इटली की संयुक्त कंपनी ATR और कनाडा की बॉम्बार्डियर जैसी कंपनियां भी क्षेत्रीय और छोटे यात्री विमान बनाती हैं.
उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, एयरबस ने 2025 में दुनियाभर में 793 कमर्शियल विमानों की डिलीवरी की थी. इससे पहले 2024 में कंपनी ने 766 और 2023 में 735 विमान डिलीवर किए थे. वहीं, बोइंग ने 2025 में दुनियाभर की एयरलाइंस को 600 कमर्शियल विमान दिए थे. कंपनी ने 2024 में 348 और 2023 में 528 विमानों की डिलीवरी की थी.
पिछले साल भारत को मिले 139 विमान
भारत में भी एयरबस और बोइंग की डिलीवरी सीमित रही है. पिछले साल एयरबस ने भारतीय एयरलाइंस को 120 विमान दिए, जबकि बोइंग ने 19 विमानों की डिलीवरी की. इस तरह दोनों कंपनियों ने मिलकर भारत को कुल 139 विमान उपलब्ध कराए.
अगर इसी डिलीवरी क्षमता को आधार माना जाए तो 1,000 अतिरिक्त विमानों की आपूर्ति में कई साल लग सकते हैं. हालांकि, सरकार की ओर से कंपनियों को डिलीवरी में तेजी लाने के लिए कहा गया है. इसके बावजूद मौजूदा ऑर्डर और उत्पादन क्षमता को देखते हुए एक-दो साल में इतनी बड़ी संख्या में विमानों की आपूर्ति आसान नहीं होगी.
इंडिगो और एयर इंडिया के पास हजारों विमानों के ऑर्डर
भारतीय एयरलाइंस पहले ही विमान खरीदने के बड़े ऑर्डर दे चुकी हैं. देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो ने एयरबस को 1,000 से अधिक विमानों का ऑर्डर दिया हुआ है, जिनमें से 900 से ज्यादा विमानों की डिलीवरी अभी बाकी है.
टाटा ग्रुप की एयर इंडिया ने कुल 600 विमानों का ऑर्डर दिया है. इसमें 350 विमान एयरबस और 250 विमान बोइंग से खरीदे जाने हैं. वहीं, अकासा एयर ने बोइंग को 226 विमानों का ऑर्डर दिया है. इनमें से करीब 45 विमान उसे मिल चुके हैं, जबकि लगभग 180 विमानों की डिलीवरी अभी बाकी है.
बढ़ते हवाई यातायात के बीच बढ़ेगी विमानों की मांग
भारत में हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है. ऐसे में एयरलाइंस को नए विमानों की जरूरत पड़ रही है. विमान निर्माता कंपनियों के पास पहले से बड़े ऑर्डर होने के कारण भारत के लिए समय पर विमानों की उपलब्धता चुनौती बनी हुई है.
पीयूष गोयल के मुताबिक, सरकार विमान निर्माता कंपनियों के साथ डिलीवरी जल्द कराने के लिए बातचीत कर रही है. हालांकि, भारत को अतिरिक्त 1,000 विमानों की जरूरत पूरी करने में कितना समय लगेगा, यह कंपनियों की उत्पादन क्षमता और मौजूदा ऑर्डर को पूरा करने की रफ्तार पर निर्भर करेगा.
टैग्स