होम / बिजनेस / एयरपोर्ट के बाद केन्या में अब ये बिजनेस भी करेंगे अडानी, 1.3 बिलियन डॉलर का मिला प्रोजेक्ट
एयरपोर्ट के बाद केन्या में अब ये बिजनेस भी करेंगे अडानी, 1.3 बिलियन डॉलर का मिला प्रोजेक्ट
अडानी ग्रुप को केन्या में 1.3 बिलियन डॉलर का कॉन्ट्रैक्ट मिला है, जबकि जोमो केन्याटा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की 30 साल की लीज को लेकर विवाद जारी है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 1 year ago
दुनिया के सबसे अमीर कारोबारियों में शुमार गौतम अडानी का कारोबारी साम्राज्य अब भारत से बाहर तेजी से विस्तार ले रहा है. केन्या के सबसे बड़े अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे जोमो केन्याटा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (JKIA) को केन्या सरकार द्वारा अडानी ग्रुप को 30 साल के लिए लीज पर देने की घोषणा से केन्या में काफी हंगामा मचा हुआ. इस हंगामे के बीच अब केन्या सरकार ने अडानी समूह को पावर ट्रांसमिशन लाइन बिछाने का बड़ा ठेका दिया है. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, अडानी समूह को केन्या में पावर ट्रांसमिशन लाइन बिछाने का बड़ा ठेका मिला है. रिपोर्ट में यह जानकारी केन्या के राष्ट्रपति के एक आर्थिक सलाहकार डेविड नडी के हवाले से दी गई है.
1.3 बिलियन डॉलर का पावर प्रोजेक्ट
केन्या के राष्ट्रपति विलियम रुटो के मुख्य आर्थिक सलाहकार डेविड नडी के अनुसार, पावर ट्रांसमिशन लाइन बिछाने का पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप कंसेशन 1.3 बिलियन डॉलर का है. उन्होंने कहा है कि सरकार ने KETRACO के जरिए अडानी और अफ्रीकन डेवलपमेंट बैंक की एक इकाई, अफ्रीका 50 को नई ट्रांसमिशन लाइनें तैयार करने का पीपीपी कंसेशन दिया है.
अडानी या अफ्रीकन बैंक की नहीं आई टिप्पणी
सलाहकार के अनुसार, अडानी और अफ्रीका50 के द्वारा प्रोजेक्ट टीम की हायरिंग की जा रही है. अफ्रीका50 अफ्रीकन डेवलपमेंट बैंक की एक इकाई है, जो बुनियादी संरचना से जुड़ी परियोजनाओं में निवेश करती है. उन्होंने साथ ही लिखा है कि इन नई ट्रांसमिशन लाइन की लागत 1.3 बिलियन डॉलर होगी, जो केन्या को कर्ज नहीं लेना होगा. हालांकि अभी इस प्रोजेक्ट के बारे में अफ्रीकन डेवलपमेंट बैंक या अडानी की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है.
एयरपोर्ट के लिए बनाई गई ये कंपनी
अडानी समूह पहले से ही केन्या में कारोबार के विस्तार को लेकर चर्चा में है. समूह ने केन्या में एयरपोर्ट चलाने के लिए हाल ही में एक नई कंपनी बनाई है, जिसका नाम एयरपोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड कंपनी (Airports Infrastructure PLC) है. बताया जा रहा है कि अडानी की इस कंपनी को केन्या की राजधानी में स्थित नैरोबी एयरपोर्ट का ऑपरेशन संभालने का काम मिलने वाला है. हालांकि स्थानीय स्तर पर इस योजना को विरोध का सामना करना पड़ रहा है.
टैग्स