होम / यूटिलिटी / अब बस एक फोन नंबर याद रखें, आधार कार्ड से जुड़े काम चुटकी बजाते हो जाएंगे
अब बस एक फोन नंबर याद रखें, आधार कार्ड से जुड़े काम चुटकी बजाते हो जाएंगे
इसे और आसान बनाते हुए एक टॉल फ्री नंबर जारी किया हुआ है, जिसके बारे में UIDAI की वेबसाइट पर भी पूरी डिटेल ले सकते हैं.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
नई दिल्ली: आधार कार्ड अब भारत का सबसे जरूरी डॉक्यूमेंट हो गया है, जो हर भारतीय के पास होना अनिवार्य है. इसे बनवाना भी अब काफी आसान है. हालांकि एक बार कार्ड बन जाने के बाद कई बार इसमें कुछ बदलाव की भी जरूरत पड़ती है. जैसे- फोन नंबर अपडेट करना हो, एड्रेस बदलवाना हो आदि.
क्या है ये स्पेशल नंबर
इन सभी बदलावों के लिए कई सुविधाएं पहले से ही मौजूद हैं. जैसे आप चाहें तो इन्हें वेबसाइट के माध्यम से अपडेट कर लें या फिर आधार केंद्र पर जाकर ये बदलाव करवा सकते हैं, लेकिन इसे और आसान बनाते हुए एक टॉल फ्री नंबर जारी किया हुआ है, जिसके बारे में UIDAI की वेबसाइट पर भी पूरी डिटेल ले सकते हैं. यह नंबर है- 1947.
इस स्पेशल नंबर पर नहीं लगेगा कोई चार्ज
अब आपको आधार कार्ड से जुड़ा कोई भी काम हो तो बस 1947 डायल कर दें और आपका काम आसानी से पूरा कर दिया जाएगा. आपको बता दें कि इस नंबर पर कॉल करने का कोई चार्ज नहीं है. आमतौर पर स्पेशल नंबर पर कॉल करते वक्त टेलीकॉम कंपनियां चार्ज वसूलती हैं, लेकिन यह नंबर पूरी तरह से फ्री है.
समय का रखें ध्यान
यहां ध्यान देने वाली बात यह है कि स्पेशल नंबर 1947 चौबीसों घंटे काम नहीं करता. यह नंबर सोमवार से शनिवार तक सुबह 7 बजे से रात 11 बजे तक चालू रहता है, जबकि रविवार को यह नंबर सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक चालू रहता है. इसलिए, कभी भी आधार कार्ड के कस्टमर केयर पर कॉल करें तो समय का जरूर ध्यान रखें, तभी आपको समाधान मिल सकेगा.
कई भाषाओं की सुविधा
स्पेशल नंबर 1947 पर 13 भाषाओं की सुविधा दी गई है. यानी इस नंबर पर उपलब्ध कस्टमर केयर अधिकारी 13 भाषाओं में बात करते हैं. जैसे- हिंदी, अंग्रेजी, तेलुगु, कन्नड़, तमिल, मलयालम, पंजाबी, गुजराती, मराठी, उड़िया, बंगाली, असमिया और उर्दू. यानी आप किसी भी भाषा में इस नंबर पर बात कर सकते हैं. आपको कोई परेशानी नहीं आएगी.
उमंग ऐप पर भी शुरू हुईं आधार कार्ड से जुड़ी सेवाएं
आपको बता दें कि केंद्र सरकार ने सरकारी सेवाओं से जुड़े उमंग ऐप पर भी आधार कार्ड से जुड़ी कुछ सेवाओं को शुरू किया है. उपयोगकर्ता अब उमंग ऐप पर आराम से आधार सेवाओं का उपयोग कर सकते हैं, क्योंकि 'माई आधार' ने अब ऐप पर नागरिक केंद्रित सेवाओं पर एक चेक बढ़ा दिया है. उमंग ऐप पर आप यहां बताई गई सुविधाओं का लाभ आसानी से प्राप्त कर सकते हैं.
एक ट्वीट में डिजिटल इंडिया ने कहा, "उपयोगकर्ता अब उमंग ऐप पर आधार सेवाओं का उपयोग आराम से कर सकते हैं क्योंकि 'माई आधार' ने अब ऐप पर नागरिक केंद्रित सेवाओं की एक श्रृंखला का विस्तार किया है. चाहे वह आधार डाउनलोड करना हो, ऑफलाइन केवाईसी एक्सेस करना हो या वर्चुअल आईडी जनरेट करना हो, इन सभी महत्वपूर्ण सेवाओं और बहुत कुछ को उमंग ऐप डाउनलोड करके आसानी से एक्सेस किया जा सकता है. अधिक जानकारी के लिए वेबसाइट http://umang.gov.in पर जाएं."
टैग्स