होम / बिजनेस / जोमैटो की पैरेट कंपनी का मुनाफा 63% घटकर ₹65 करोड़ पर आया, शेयर में गिरावट दर्ज
जोमैटो की पैरेट कंपनी का मुनाफा 63% घटकर ₹65 करोड़ पर आया, शेयर में गिरावट दर्ज
जोमैटो और ब्लिंकिट जैसी प्रमुख ब्रांड्स की पैरेंट कंपनी इटरनल ने Q2FY26 में कमजोर मुनाफा दर्ज किया है, जिसका मुख्य कारण बढ़े हुए खर्च और हालिया अधिग्रहण हैं.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 8 months ago
जोमैटो और ब्लिंकिट जैसे ब्रांड की पैरेंट कंपनी इटरनल ने वित्त वर्ष 2025-26 की दूसरी तिमाही (Q2FY26) के नतीजे गुरुवार को घोषित किए. कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट इस दौरान 63% घटकर ₹65 करोड़ रह गया, जबकि पिछले साल की इसी तिमाही में यह ₹176 करोड़ था. मार्च 2025 में कंपनी ने अपना नाम बदलकर ‘इटरनल’ रखा था. कमजोर मुनाफे की खबर आने के बाद कंपनी के शेयर 4% तक टूट गए.
ऑपरेशन से रेवेन्यू में जबरदस्त वृद्धि
इटरनल के वित्तीय नतीजों में ऑपरेशन से रेवेन्यू में उल्लेखनीय बढ़ोतरी देखी गई. Q2FY26 में कंपनी का ऑपरेशन रेवेन्यू ₹13,590 करोड़ रहा, जो पिछले साल की समान तिमाही के ₹4,799 करोड़ से लगभग तीन गुना अधिक है. हालांकि, कुल खर्च (Total Expense) भी बढ़कर ₹13,813 करोड़ हो गया, जो पिछले साल के ₹4,783 करोड़ से काफी अधिक है. इस कारण कंपनी का मुनाफा दबाव में रहा.
पिछले साल की तिमाही से तुलना संभव नहीं
इटरनल ने अपने शेयरहोल्डर्स को दी गई सूचना में स्पष्ट किया कि इस बार के नतीजे पिछले साल की समान तिमाही से सीधे तौर पर तुलना योग्य नहीं हैं. इसका कारण अगस्त 2024 में कंपनी द्वारा वन 97 कम्युनिकेशंस लिमिटेड (पेटीएम की पैरेंट कंपनी) से दो कंपनियों, ऑर्बजेन टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड और वेस्टलैंड एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड का अधिग्रहण पूरा करना है. ये कंपनियां मूवी टिकटिंग और इवेंट्स बिजनेस में कार्यरत हैं, जिनका नतीजों पर प्रभाव पड़ा है.
शेयर बाजार में इटरनल के शेयर में गिरावट
Q2FY26 के नतीजे आने के बाद गुरुवार को BSE पर इटरनल के शेयर करीब 4% तक गिर गए. हालांकि दिन के अंत तक शेयर में कुछ सुधार हुआ और यह 1.73% की गिरावट के साथ ₹348.40 प्रति शेयर पर बंद हुआ.
टैग्स