✕

होम / बिजनेस / शेयर बाजार में आज लौटेगी तेजी? गिफ्ट निफ्टी में उछाल, रिलायंस से लेकर इन्फोसिस तक इन शेयरों पर नजर

शेयर बाजार में आज लौटेगी तेजी? गिफ्ट निफ्टी में उछाल, रिलायंस से लेकर इन्फोसिस तक इन शेयरों पर नजर

सोमवार को बीएसई सेंसेक्स 876.37 अंक यानी 1.17 फीसदी गिरकर 73,852.90 पर बंद हुआ. वहीं, एनएसई निफ्टी 257.20 अंक यानी 1.11 फीसदी टूटकर 22,888.95 के स्तर पर आ गया.

बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 2 hours ago

सोमवार की भारी बिकवाली के बाद बुधवार, 21 अक्टूबर को भारतीय शेयर बाजार में रिकवरी की उम्मीद है. गिफ्ट निफ्टी 130 अंक उछलकर 23,000 के पार पहुंच गया है. हालांकि, महंगा कच्चा तेल, पश्चिम एशिया में तनाव और विदेशी निवेशकों की गतिविधियां बाजार की दिशा तय करेंगी. आज जियो प्लेटफॉर्म्स का 30,213 करोड़ रुपये का IPO भी खुलेगा.

सेंसेक्स और निफ्टी में 1% से ज्यादा गिरावट

सोमवार, 19 अक्टूबर को घरेलू शेयर बाजार में भारी बिकवाली देखने को मिली थी. कारोबार के दौरान सेंसेक्स करीब 1,000 अंक तक टूट गया. बाद में कुछ रिकवरी की कोशिश हुई, लेकिन दोनों प्रमुख सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुए.

कारोबार के अंत में बीएसई सेंसेक्स 876.37 अंक यानी 1.17 फीसदी गिरकर 73,852.90 पर बंद हुआ. वहीं, एनएसई निफ्टी 257.20 अंक यानी 1.11 फीसदी टूटकर 22,888.95 के स्तर पर आ गया. सोमवार को कारोबार की शुरुआत सेंसेक्स के 74,849.30 और निफ्टी के 23,150.85 के स्तर पर हुई थी. गिरावट के कारण बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण करीब 5 लाख करोड़ रुपये घटकर 468 लाख करोड़ रुपये से नीचे आ गया.

गिफ्ट निफ्टी में तेजी, बाजार को मिल सकता है सहारा

मंगलवार को दशहरे के अवसर पर बाजार बंद रहने के बाद आज कारोबार दोबारा शुरू होगा. शुरुआती संकेत बाजार में सकारात्मक शुरुआत की ओर इशारा कर रहे हैं. GIFT Nifty में करीब 130 अंकों की तेजी से घरेलू बाजार को सहारा मिलने की उम्मीद है.

एशियाई बाजारों में तेजी और भारत-अमेरिका के बीच संभावित व्यापार समझौते की उम्मीद भी निवेशकों की धारणा को मजबूत कर सकती है. हालांकि, बाजार की आगे की दिशा कच्चे तेल की कीमतों, विदेशी निवेशकों की गतिविधियों और कंपनियों के सितंबर तिमाही के नतीजों पर निर्भर करेगी.

एनरिच मनी के सीईओ पोनमुडी आर के मुताबिक, निवेशक कंपनियों की आय में बढ़ोतरी, मार्जिन और भविष्य के कारोबार को लेकर प्रबंधन के अनुमानों पर नजर रखेंगे. बढ़ती लागत के बीच कंपनियों का प्रदर्शन बाजार की दिशा तय करने में अहम होगा.

कच्चे तेल की कीमतें बनीं चिंता

पश्चिम एशिया में जारी तनाव भारतीय शेयर बाजार के लिए प्रमुख जोखिम बना हुआ है. अमेरिका और ईरान के बीच संघर्ष तथा होर्मुज स्ट्रेट से जुड़ी अनिश्चितताओं के कारण कच्चे तेल की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका है.

सोमवार को ब्रेंट क्रूड की कीमत एक समय 112 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई थी. बुधवार सुबह भी तेल की कीमतों में तेजी के संकेत मिले और शुरुआती कारोबार में ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स करीब 1.4 फीसदी ऊपर था.

भारत अपनी तेल जरूरतों का बड़ा हिस्सा आयात करता है. ऐसे में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार तेजी से आयात बिल और कंपनियों की लागत बढ़ सकती है. इसका असर महंगाई, चालू खाते के घाटे और रुपये पर भी पड़ सकता है.

विदेशी निवेशकों की बिकवाली पर रहेगी नजर

बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, सोमवार की गिरावट के पीछे मुनाफावसूली भी एक प्रमुख वजह रही. इससे पहले गुरुवार और शुक्रवार को बाजार में अच्छी तेजी आई थी और निफ्टी इन दोनों कारोबारी सत्रों में दो फीसदी से अधिक चढ़ा था. इसके बाद निवेशकों ने कई शेयरों में मुनाफा वसूला.

विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) की गतिविधियां भी बाजार के लिए अहम रहेंगी. उपलब्ध शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी निवेशकों ने शुक्रवार को भारतीय शेयरों में करीब 1,166 करोड़ रुपये की शुद्ध खरीदारी की थी. हालांकि, अक्टूबर में इससे पहले हुई भारी निकासी के मुकाबले यह खरीदारी सीमित रही.

बैंकिंग शेयरों की कमजोरी ने बढ़ाया दबाव

सोमवार को बैंकिंग शेयरों में कमजोरी ने बाजार की गिरावट को बढ़ाया. एक्सिस बैंक का शेयर सेंसेक्स के प्रमुख लूजर्स में शामिल रहा और 3.85 फीसदी गिरकर बंद हुआ. निफ्टी में भी इसमें करीब 4.19 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई.

बैंक ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में सालाना आधार पर 38 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 7,003 करोड़ रुपये का स्टैंडअलोन शुद्ध लाभ दर्ज किया था, लेकिन इसका प्रदर्शन विश्लेषकों की उम्मीदों से कम रहा.

इसके अलावा बजाज फाइनेंस, इन्फोसिस, अल्ट्राटेक सीमेंट और ट्रेंट के शेयरों में भी गिरावट आई. आज कंपनियों के नतीजों पर निवेशकों की प्रतिक्रिया से अलग-अलग शेयरों में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है.

आज खुलेगा जियो प्लेटफॉर्म्स का IPO

आज बाजार की प्रमुख गतिविधियों में जियो प्लेटफॉर्म्स का आईपीओ शामिल है. 30,213 करोड़ रुपये का यह आईपीओ 21 अक्टूबर से सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा. इसका प्राइस बैंड 1,065 रुपये से 1,119 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है.

आईपीओ के बड़े आकार को देखते हुए निवेशकों की नजर इस पर रहेगी. इसके साथ ही हाल में नतीजे जारी करने वाली बजाज फाइनेंस और IREDA जैसी कंपनियों के शेयरों में भी हलचल देखने को मिल सकती है.

कई कंपनियों में कॉरपोरेट अपडेट

डायमंड पावर इन्फ्रास्ट्रक्चर में मुख्य वित्तीय अधिकारी की नियुक्ति, धामपुर बायो ऑर्गेनिक्स का स्विट्जरलैंड की प्लैनेटरी एसए के साथ तकनीक लाइसेंस समझौता और सीगल इंडिया की सहायक इकाई का बिजली पारेषण सेवा समझौता भी निवेशकों के लिए अहम रहेगा. एलेम्बिक फार्मास्युटिकल्स ने दुबई में नई सहायक कंपनी बनाई है.

ट्रांसरेल लाइटिंग ने एनओपीएल पेस ग्रीन एनर्जी में 49 फीसदी हिस्सेदारी 20 करोड़ रुपये में खरीदने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है. वहीं, जेएसडब्ल्यू ड्यूलक्स के खिलाफ जीएसटी मांग संशोधित कर 42.04 करोड़ रुपये कर दी गई है.

आज इन कंपनियों के नतीजों पर रहेगी नजर

आज इटरनल, अडानी ग्रीन एनर्जी, इंडियन होटल्स कंपनी, केईआई इंडस्ट्रीज, महिंद्रा एंड महिंद्रा फाइनेंशियल सर्विसेज, एसआरएफ, विशाल मेगा मार्ट, आदित्य बिड़ला सन लाइफ एएमसी और पीसी ज्वेलर समेत कई कंपनियां सितंबर तिमाही के नतीजे जारी करेंगी. निवेशक इन कंपनियों की आय, मुनाफे, मार्जिन और भविष्य के कारोबार को लेकर प्रबंधन के अनुमानों का आकलन करेंगे. इसके अलावा एचडी फायर के शेयरों की एनएसई और बीएसई पर लिस्टिंग भी आज होगी.

फिलहाल बाजार के सामने घरेलू और वैश्विक दोनों तरह की चुनौतियां हैं. GIFT Nifty में तेजी और एशियाई बाजारों के सकारात्मक संकेत राहत दे रहे हैं, लेकिन महंगा कच्चा तेल, भू-राजनीतिक तनाव और विदेशी निवेशकों की गतिविधियां बाजार की आगे की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएंगी.

(डिस्क्लेमर: शेयर बाजार में निवेश जोखिम के अधीन है. 'BW हिंदी' इसकी कोई जिम्मेदारी नहीं लेता. सोच-समझकर, अपने विवेक के आधार पर और किसी सर्टिफाइड एक्सपर्ट से सलाह के बाद ही निवेश करें, अन्यथा आपको नुकसान उठाना पड़ सकता है.)


टैग्स
सम्बंधित खबरें

भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौता आज से लागू, 15 साल में आएगा 20 अरब डॉलर का निवेश

भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुक्त व्यापार समझौता 20 अक्टूबर से लागू हो गया है. इसके तहत भारतीय निर्यातकों को न्यूजीलैंड के बाजार में 100 फीसदी शुल्क-मुक्त पहुंच मिलेगी.

1 day ago

NH पर हादसों में मौत हुई तो ठेकेदारों पर लगेगा ₹50 लाख तक जुर्माना, सरकार ने कड़े किए नियम

राष्ट्रीय राजमार्गों पर बार-बार होने वाली दुर्घटनाओं और मौतों के लिए अब निर्माण ठेकेदारों की जवाबदेही तय होगी. सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के नए नियमों के तहत दूसरी दुर्घटना में प्रत्येक मृतक के लिए ₹25 लाख और तीसरी दुर्घटना में ₹50 लाख तक का जुर्माना देना होगा.

1 day ago

हरि शंकर तिबरेवाल: ईडी की चार्जशीट में आरोपी नंबर 24 ने विदेश से BW Businessworld को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया

पहले ईमेल में हरि शंकर तिबरेवाल ने कहा कि उन्हें ईडी की फाइलिंग पर रिपोर्टिंग से कोई आपत्ति नहीं है, फिर उन्होंने लेख हटाने की मांग की. अप्रैल 2024 में पहली बार समन जारी होने के बाद से वह ईडी के सामने पेश नहीं हुए हैं. BW के पास उनसे पूछने के लिए कुछ सवाल हैं.

1 day ago

खुलने से पहले ही एंकर निवेशकों से जियो IPO ने जुटाए ₹8,110 करोड़, LIC से लेकर ब्लैकरॉक तक ने लगाया दांव

जियो प्लेटफॉर्म्स का आईपीओ 21 अक्टूबर से 23 अक्टूबर तक सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा. इससे पहले कंपनी ने 212 एंकर निवेशकों को ₹1,119 प्रति शेयर के भाव पर 7.24 करोड़ शेयर आवंटित किए हैं.

1 day ago

FSSAI के सवालों के बीच ओल्ड मोंक को CSD का झटका, तीन वेरिएंट के ऑर्डर निलंबित

महाराष्ट्र में खाद्य सुरक्षा नियामक की कार्रवाई के बाद रक्षा मंत्रालय के कैंटीन स्टोर्स डिपार्टमेंट (CSD) ने ओल्ड मोंक रम के तीन वेरिएंट के ऑर्डर निलंबित कर दिए हैं.

1 day ago


बड़ी खबरें

Jio IPO: आज खुला देश का सबसे बड़ा IPO, रिलायंस के शेयरधारकों को भी मौका; जानें प्राइस बैंड और GMP

शेयरधारक श्रेणी में पात्र निवेशक ऊपरी प्राइस बैंड पर अधिकतम 14 लॉट यानी 168 शेयरों के लिए आवेदन कर सकते हैं. इसके लिए करीब 1.88 लाख रुपये की जरूरत होगी. शेयरों का आवंटन मांग और संबंधित श्रेणी के नियमों के अनुसार किया जाएगा.

1 hour ago

भारत-UAE का व्यापार 100 अरब डॉलर के पार, पश्चिम एशिया संकट पर जयशंकर ने जताई चिंता

मंगलवार को मुंबई में विदेश मंत्री एस. जयशंकर और UAE के विदेश मंत्री शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल नाहयान के बीच क्षेत्रीय स्थिरता, ऊर्जा सुरक्षा और रणनीतिक सहयोग पर चर्चा हुई.

1 hour ago

शेयर बाजार में आज लौटेगी तेजी? गिफ्ट निफ्टी में उछाल, रिलायंस से लेकर इन्फोसिस तक इन शेयरों पर नजर

सोमवार को बीएसई सेंसेक्स 876.37 अंक यानी 1.17 फीसदी गिरकर 73,852.90 पर बंद हुआ. वहीं, एनएसई निफ्टी 257.20 अंक यानी 1.11 फीसदी टूटकर 22,888.95 के स्तर पर आ गया.

2 hours ago

नवरात्रि-दशहरा में कपड़ों और घरेलू उपकरणों की बिक्री 20% से ज्यादा बढ़ी, कारों की मांग भी मजबूत

इस साल नवरात्रि-दशहरा के दौरान कपड़ों, फुटवियर, रेफ्रिजरेटर, एयर कंडीशनर और वॉशिंग मशीनों की बिक्री में पिछले साल के मुकाबले 20% से ज्यादा की वृद्धि हुई है.

1 hour ago

भारत-जापान वैश्विक साझेदारी 2.0: द्विपक्षीय व्यापार से वैश्विक सशक्तीकरण तक

इस लेख में विभव कांत उपाध्याय बताते हैं कि इस साझेदारी के अगले अध्याय में बाजारों और परियोजनाओं से आगे बढ़कर संस्थानों, प्रणालियों और राष्ट्र निर्माण की दिशा में आगे बढ़ना क्यों जरूरी है.

20 hours ago