होम / बिजनेस / खुलने से पहले ही एंकर निवेशकों से जियो IPO ने जुटाए ₹8,110 करोड़, LIC से लेकर ब्लैकरॉक तक ने लगाया दांव
खुलने से पहले ही एंकर निवेशकों से जियो IPO ने जुटाए ₹8,110 करोड़, LIC से लेकर ब्लैकरॉक तक ने लगाया दांव
जियो प्लेटफॉर्म्स का आईपीओ 21 अक्टूबर से 23 अक्टूबर तक सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा. इससे पहले कंपनी ने 212 एंकर निवेशकों को ₹1,119 प्रति शेयर के भाव पर 7.24 करोड़ शेयर आवंटित किए हैं.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 1 hour ago
रिलायंस इंडस्ट्रीज की टेलीकॉम और डिजिटल इकाई जियो प्लेटफॉर्म्स के आईपीओ को आम निवेशकों के लिए खुलने से पहले ही बड़े संस्थागत निवेशकों का समर्थन मिला है. कंपनी ने एंकर निवेशकों से ₹8,110 करोड़ जुटाए हैं. स्टॉक एक्सचेंज को दी गई जानकारी के मुताबिक, जियो प्लेटफॉर्म्स ने 212 एंकर निवेशकों को प्राइस बैंड के ऊपरी स्तर ₹1,119 प्रति शेयर के भाव पर कुल 7.24 करोड़ शेयर आवंटित किए हैं.
भारत के सबसे बड़े आईपीओ के तौर पर पेश किए जा रहे इस इश्यू में घरेलू और विदेशी संस्थागत निवेशकों की भागीदारी पर बाजार की नजर है. हालांकि, एंकर निवेशकों से मिली प्रतिक्रिया के बावजूद आम निवेशकों की ओर से आईपीओ को कैसी प्रतिक्रिया मिलती है, यह सब्सक्रिप्शन के आंकड़ों से स्पष्ट होगा.
LIC ने लगाए ₹500 करोड़, विदेशी निवेशकों की भी भागीदारी
एंकर निवेशकों में भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) सबसे बड़ा निवेशक रहा. LIC को ₹500 करोड़ के शेयर आवंटित किए गए, जो कुल एंकर निवेश का करीब 6.17 फीसदी है. इसके अलावा न्यू वर्ल्ड फंड इंक को ₹486.27 करोड़, सिंगापुर सरकार को ₹340.93 करोड़, SBI फोकस्ड फंड को ₹315 करोड़ और BNP परिबास फाइनेंशियल मार्केट्स को ₹303.25 करोड़ के शेयर आवंटित किए गए हैं.
विदेशी संस्थागत निवेशकों की भागीदारी भी इस आईपीओ में देखने को मिली है. ब्लैकरॉक (BlackRock), फिडेलिटी, कैपिटल ग्रुप और जेपी मॉर्गन एसेट मैनेजमेंट जैसे वैश्विक निवेशकों ने एंकर बुक में हिस्सा लिया है. इसके अलावा, अबू धाबी इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी जैसे सरकारी निवेश संस्थानों ने भी निवेश किया है.
म्यूचुअल फंड्स को मिले ₹2,785 करोड़ के शेयर
जियो प्लेटफॉर्म्स के आईपीओ में घरेलू म्यूचुअल फंड्स की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही. कुल 25 फंड हाउस की 95 योजनाओं के माध्यम से म्यूचुअल फंड्स को ₹2,785 करोड़ के शेयर आवंटित किए गए. यह कुल एंकर आवंटन का करीब 34.34 फीसदी है.
वहीं, जीवन बीमा और पेंशन फंड्स को भी ₹1,090 करोड़ के शेयर आवंटित किए गए हैं. एंकर निवेशकों की इस भागीदारी से आईपीओ में संस्थागत निवेशकों की दिलचस्पी का पता चलता है.
₹30,213 करोड़ जुटाने की तैयारी
जियो प्लेटफॉर्म्स इस आईपीओ के जरिए करीब ₹30,213 करोड़ जुटाने की योजना बना रही है. इसके लिए प्राइस बैंड ₹1,065 से ₹1,119 प्रति शेयर तय किया गया है. ऊपरी प्राइस बैंड के आधार पर कंपनी का मूल्यांकन करीब 108 अरब डॉलर यानी लगभग ₹9 लाख करोड़ बैठता है.
यह आईपीओ 21 अक्टूबर से 23 अक्टूबर 2026 तक सब्सक्रिप्शन के लिए खुला रहेगा. कंपनी इश्यू से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल मुख्य रूप से अपनी टेलीकॉम सब्सिडियरी का कर्ज चुकाने और अन्य कॉरपोरेट जरूरतों को पूरा करने के लिए करेगी.
आईपीओ के बाद भी रिलायंस इंडस्ट्रीज के पास जियो प्लेटफॉर्म्स की बहुलांश हिस्सेदारी बनी रहने की बात कही गई है. अब निवेशकों की नजर आईपीओ के सब्सक्रिप्शन आंकड़ों, शेयरों के आवंटन और लिस्टिंग के दौरान बाजार की प्रतिक्रिया पर रहेगी.
(डिस्क्लेमर: यह खबर केवल सूचनात्मक उद्देश्य से है और इसे निवेश संबंधी सलाह नहीं माना जाना चाहिए. निवेश से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श करें.)
टैग्स