होम / बिजनेस / महज इतनी देरी में दिल्ली से आगरा पहुंच गई 'वंदे भारत’, सफल रहा ट्रायल रन
महज इतनी देरी में दिल्ली से आगरा पहुंच गई 'वंदे भारत’, सफल रहा ट्रायल रन
दिल्ली-आगरा रूट पर हाई स्पीड ट्रेन की मांग काफी समय से की जा रही है. यदि वंदे भारत को इस रूट पर उतारा जाता है, तो दिल्ली-आगरा के बीच सफर करने वालों के लिए यह किसी सौगात से कम नहीं होगा.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
सेमी हाई स्पीड ट्रेन ‘वंदे भारत’ ने दिल्ली-आगरा के बीच ट्रायल रन किया. इस दौरान ट्रेन 180 किमी की स्पीड से दौड़ी. रेल अधिकारियों का दावा है कि ट्रायल रन सफल रहा. नई दिल्ली से आगरा तक पहुंचने में ‘वंदे भारत’ ने केवल एक घंटा 47 मिनट का समय लिया.
लंबे समय से इंतजार
दिल्ली-आगरा रूट पर हाई स्पीड ट्रेन की मांग काफी समय से की जा रही है. यदि वंदे भारत को इस रूट पर उतारा जाता है, तो दिल्ली-आगरा के बीच सफर करने वालों के लिए यह किसी सौगात से कम नहीं होगा. बता दें कि दिल्ली और आगरा के बीच हर रोज बड़ी संख्या में यात्री सफर करते हैं.
इतने बजे पहुंची मथुरा
वंदे भारत ट्रेन का मंगलवार को नई दिल्ली से आगरा कैंट के बीच ट्रायल रन रखा गया था. ट्रेन को लोको पायलट वीरेंद्र कुमार और रविंद्र कुमार नेगी दिल्ली से लेकर चले. ट्रेन दिल्ली से दोपहर 3.53 बजे निकली और मथुरा जंक्शन शाम 5.11 मिनट पर पहुंची. नई दिल्ली से मथुरा तक की दूरी ट्रेन ने एक घटा 18 मिनट में तय कर ली.
मथुरा टू आगरा 39 मिनट
ट्रेन को मथुरा से आगरा कैंट रेलवे स्टेशन तक की दूरी तय करने में महज 39 मिनट लगे. वंदे भारत यहां शाम 5.40 बजे पहुंची. इस ट्रायल के दौरान वंदे भारत एक्सप्रेस में आगरा के डीआरएम आनंद स्वरूप और नई दिल्ली के डीआरएम के साथ अन्य रेल अधिकारी मौजूद थे. रेलवे ने दावा किया है कि ट्रायल रन में ट्रेन की रफ्तार 180 किलोमीटर प्रति घंटा से ज्यादा रही है.
रेल अधिकारी खुश
खास बात ये है कि इतनी ज्यादा रफ्तार होने के बाद भी कोच में रखा पानी से भरा ग्लास तक नहीं हिला. ट्रायल सफल होने से रेल अधिकारियों में खुशी का माहौल है. आगरा रेल मंडल की पीआरओ शस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि नई दिल्ली से आगरा कैंट के बीच वंदे भारत ट्रेन का ट्रायल सफल रहा. ट्रेन की स्पीड 180 किमी प्रति घंटा रही. दिल्ली से आगरा तक की दूरी ट्रेन ने एक घंटा 47 मिनट में तय की.
टैग्स