होम / बिजनेस / एलन मस्क आएं या नहीं, इतने कर्मचारियों को अकेला छोड़कर उड़ जाएगी ये ‘चिड़िया’
एलन मस्क आएं या नहीं, इतने कर्मचारियों को अकेला छोड़कर उड़ जाएगी ये ‘चिड़िया’
एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि भले ही ट्विटर की कमान किसी के भी हाथ रहे, कंपनी से 75% कर्मचारियों की विदाई हो सकती है.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
माइक्रो ब्लॉगिंग साइट ट्विटर बड़े पैमाने पर छंटनी की योजना बना रही है. 'वॉशिंगटन पोस्ट' की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि भले ही ट्विटर की कमान किसी के भी हाथ रहे, कंपनी से 75 प्रतिशत कर्मचारियों की विदाई हो सकती है. कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया है कि टेस्ला के सीईओ एलन मस्क की ट्विटर से डील फाइनल होने के बाद यह छंटनी होगी. हालांकि, 'वॉशिंगटन पोस्ट' की रिपोर्ट कहती है कि मस्क के ट्विटर का मालिक बनने या न बनने से छंटनी की योजना पर कोई असर नहीं पड़ने वाला. पेरोल में इतनी कटौती संभव
रिपोर्ट में बताया गया है कि आने वाले महीनों में ट्विटर छंटनी कर सकती है, चाहे कंपनी का मालिक कोई भी हो. ट्विटर प्रबंधन ने अगले साल के अंत तक कंपनी के पेरोल में करीब 80 करोड़ डॉलर की कटौती करने की योजना बनाई है. रिपोर्ट के अनुसार, इस सोशल मीडिया कंपनी के HR ने स्टाफ से कहा है कि कंपनी की बड़े पैमाने पर छंटनी की कोई योजना नहीं है, लेकिन दस्तावेजों में कर्मचारियों को बाहर निकालने और बुनियादी ढांचे की लागत में कटौती करने की व्यापक योजनाओं का जिक्र है. हालांकि, यह योजना एलन मस्क के ट्विटर खरीदने की पेशकश से पहले की है.
मस्क ने कही छुटकारे की बात
वहीं, एक अन्य रिपोर्ट के मुताबिक, एलन मस्क ने Twitter इंक को खरीदने के अपने सौदे में संभावित निवेशकों से कहा कि उन्होंने सोशल मीडिया कंपनी के 7500 कर्मचारियों में से लगभग 75% से छुटकारा पाने की योजना बनाई है. बता दें कि एलन मस्क ने ट्विटर पर बॉट और स्पैम खातों की संख्या को कम नहीं करने और जानकारी छिपाने का आरोप लगाते 44 अरब डॉलर की डील से पीछे हटने का ऐलान किया था. जिसके खिलाफ ट्विटर ने अदालत का दरवाजा खटखटाया था. हालांकि, अब उन्होंने फिर से ट्विटर को खरीदने में दिलचस्पी दिखाई है.
इसलिए दिखा रहे दिलचस्पी
एलन मस्क का कहना है कि ट्विटर लंबे समय से कमजोर हुआ है, लेकिन उसमें एक अविश्वसनीय क्षमता है. इसलिए वह इस डील को पूरा करना चाहते हैं. वहीं, जानकारों का मानना है कि कानूनी लड़ाई में मस्क के कमजोर पड़ने की संभावना है, वह खुद भी इस बात को समझते हैं कि ट्विटर का पक्ष मजबूत है, इसलिए वह डील को लेकर पॉजिटिव रुख दर्शा रहे हैं. गौरतलब है कि बीते कुछ समय में एलन मस्क की कमाई प्रभावित हुए है. टेस्ला के शेयरों में भी गिरावट दर्ज की गई है.
टैग्स