होम / बिजनेस / फिर घटा विदेशी मुद्रा भंडार, जानिए RBI की लेटेस्ट रिपोर्ट में क्या बताया गया
फिर घटा विदेशी मुद्रा भंडार, जानिए RBI की लेटेस्ट रिपोर्ट में क्या बताया गया
एक साल पहले अक्टूबर 2021 में देश का विदेश मुद्रा भंडार 645 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया था.
बिजनेस वर्ल्ड ब्यूरो 3 years ago
नई दिल्ली: एक तरफ डॉलर के मुकाबले रुपये में रिकॉर्ड गिरावट तो थमने का नाम नहीं ले रही, वहीं दूसरी ओर विदेशी मुद्रा भंडार भी धीरे-धीरे खाली होता जा रहा है. 14 अक्टूबर को समाप्त सप्ताह में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 4.50 करोड़ डॉलर घटकर 528.37 अरब डॉलर पर आ गया. भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने शुक्रवार को जारी लेटेस्ट आंकड़े जारी किए, जिसमें ये बात सामने आई.
पिछले साल अक्टूबर में 645 अरब डॉलर था विदेशी मुद्रा भंडार
आपको बता दें कि देश का विदेशी मुद्रा भंडार पिछले कई सप्ताह से लगातार कम हो रहा है. एक साल पहले अक्टूबर 2021 में देश का विदेश मुद्रा भंडार 645 अरब डॉलर के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया था. आंकड़ों पर गौर करें तो 14 अक्टूबर को समाप्त सप्ताह में FCA 2.828 अरब डॉलर घटकर 468.668 अरब डॉलर रह गई. FCA असल में समग्र भंडार का एक प्रमुख हिस्सा होता है.
स्वर्ण भंडार में भी गिरावट
स्वर्ण भंडार के मूल्य की बात करें तो इसमें सात अक्टूबर को समाप्त सप्ताह के दौरान 1.35 अरब डॉलर की वृद्धि हुई थी. जबकि 14 अक्टूबर को समाप्त सप्ताह में यह 1.502 अरब डॉलर की गिरावट के साथ 37.453 अरब डॉलर रह गया. रिजर्व बैंक ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि SDR 14.9 करोड़ डॉलर घटकर 17.433 अरब डॉलर रह गया है.
अंतर्राष्ट्रीय मुद्राकोष में भी गिरावट
वहीं, दूसरी तरफ अंतर्राष्ट्रीय मुद्राकोष के पास रखी भारत की आरक्षित निधि समीक्षाधीन सप्ताह में 2.3 करोड़ डॉलर घटकर 4.813 अरब अमेरिकी डॉलर पर आ गई है. हालांकि 7 अक्टूबर को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार में वृद्धि हुई थी और यह 20.4 करोड़ डॉलर बढ़कर 532.868 अरब डॉलर पर पहुंच गया था. इस साल अगस्त के बाद से पहली बार किसी साप्ताह में वृद्धि दर्ज की गई थी.
गौरतलब है कि तेजी से बदलते वैश्विक परिदृश्य में डॉलर के मुकाबले रुपये में भी तेजी से गिरावट हो रही है. इस गिरावट को थामने के लिए RBI ने विदेशी मुद्रा भंडार के एक हिस्से का इस्तेमाल किया है.
अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया 0.1 फीसदी बढ़ा
शुक्रवार के कारोबार की बात करें तो भारतीय रुपया 0.1 फीसदी की बढ़त के साथ अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 82.68 रुपये पर बंद हुआ. सोना शुक्रवार को 50 हजार रुपये प्रति भाव के नीचे चला गया. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर आज सोने और चांदी दोनों की कीमतों में गिरावट देखने को मिल रही है. धनतेरस से पहले आज यानी 21 अक्टूबर को सोने की कीमत 0.51 फीसदी की गिरावट के साथ 49885 रुपये प्रति 10 ग्राम के लेवल पर है. इसके अलावा चांदी का भाव 0.85 फीसदी की गिरावट के साथ 56170 रुपये प्रति किलोग्राम के लेवल पर है.
टैग्स